समाचार संग्रह: पृष्ठ 19
- झंडूता में प्राकृतिक खेती जागरूकता अभियान शुरू, 65 किसानों ने लिया हिस्सा
झंडूता उपमंडल की ग्राम पंचायत झंडूता के रोपड़ी और मुकडाणा गांवों में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता अभियान शुरू किया गया। वर्दा ऑर्गेनाइजेशन के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रमों में करीब 65 किसानों ने भाग लिया। किसानों को प्राकृतिक खेती की तकनीक, स्थानीय संसाधनों से इसके घटक तैयार करने और खेती की लागत कम करने की जानकारी दी गई।
- मणिमहेश यात्रा 25 अगस्त तक स्थगित, खराब रास्ते की मरम्मत के चलते प्रशासन का फैसला
श्री मणिमहेश यात्रा को श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर आगामी तीन दिनों के लिए स्थगित कर दिया गया है। उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने बताया कि तोस के गोठ के पास भारी बारिश से क्षतिग्रस्त हुए यात्रा मार्ग की मरम्मत का कार्य चल रहा है। प्रशासन के अनुसार मौसम और मार्ग की स्थिति अनुकूल रहने पर 26 अगस्त से यात्रा दोबारा शुरू की जा सकती है।
- धर्मशाला में भाजपा पूर्व कर्मचारी प्रकोष्ठ का सम्मेलन, अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर साधा निशाना
धर्मशाला के निजी होटल में भाजपा संगठनात्मक जिला कांगड़ा के पूर्व कर्मचारी प्रकोष्ठ का सम्मेलन आयोजित हुआ। इसमें हमीरपुर सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर समेत भाजपा के कई नेता शामिल हुए।
सम्मेलन के बाद अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर चुनावी वादे पूरे नहीं करने, प्रदेश पर बढ़ते कर्ज और शासन व्यवस्था को लेकर निशाना साधा। उन्होंने वंदे मातरम विवाद पर भी कांग्रेस से अपना पक्ष स्पष्ट करने की मांग की।
- किन्नौर में दर्दनाक सड़क हादसा: 125 फीट नहीं, 125 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, चालक की मौत
किन्नौर के सांगला-छितकुल मार्ग पर रविवार तड़के दर्दनाक सड़क हादसे में कार चालक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है। बटसेरी के पास बारकी में स्विफ्ट कार करीब 125 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
- सिरमौर में नशामुक्ति की मुहिम तेज, हजारों विद्यार्थियों ने लिया ‘नशे को ना, जिंदगी को हां’ का संकल्प
देश को मादक पदार्थों के अभिशाप से मुक्त करने के उद्देश्य से सिरमौर जिले में नशामुक्ति अभियान के तहत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय माउंट आबू के ‘मिशन स्पंदन’ के तहत 10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान चलाया जा रहा है।
जिले के स्कूलों और कॉलेजों में हजारों छात्र-छात्राएं नशे से दूर रहने का संकल्प ले चुके हैं।
- वंदेमातरम विवाद पहुंचा शिमला रिज, जयराम ठाकुर की अगुवाई में भाजपा विधायकों ने किया सामूहिक गायन और धरना
हिमाचल प्रदेश में वंदेमातरम को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच चल रहा राजनीतिक विवाद रविवार को शिमला रिज मैदान तक पहुंच गया। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर की अगुवाई में भाजपा विधायक रिज मैदान पहुंचे और महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने वंदेमातरम का सामूहिक गायन किया।
इसके बाद करीब डेढ़ घंटे तक धरना दिया गया। भाजपा ने कांग्रेस पर राष्ट्रगीत के कथित अपमान का आरोप लगाया, जबकि कांग्रेस ने भाजपा पर राष्ट्रगान के अपमान का आरोप लगाया है।
- रक्षाबंधन पर डाक विभाग की खास तैयारी, मंडी के 17 डाकघरों में रविवार और बुधवार को भी होगी राखी बुकिंग
रक्षाबंधन पर राखियों की समयबद्ध और सुरक्षित डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए डाक विभाग मंडी मंडल ने विशेष इंतजाम किए हैं। मंडी मंडल के 17 प्रमुख डाकघरों में 23 और 26 अगस्त को विशेष राखी बुकिंग काउंटर खुले रहेंगे। बारिश और नमी से राखियों को सुरक्षित रखने के लिए वॉटरप्रूफ लिफाफे भी किफायती दरों पर उपलब्ध करवाए गए हैं।
- हिमाचल में सेब उत्पादन पर मौसम की मार, 43% तक गिरावट का अनुमान; 2 करोड़ पेटियों तक सिमट सकती फसल
हिमाचल प्रदेश में इस बार सेब उत्पादन में करीब 43 फीसदी तक गिरावट का अनुमान है। औसत 3.5 करोड़ पेटियों के मुकाबले उत्पादन करीब 2 करोड़ पेटियों तक सिमट सकता है। कम चिलिंग आवर्स, प्रतिकूल मौसम, ओलावृष्टि और तेज हवाओं को उत्पादन में कमी की प्रमुख वजह बताया गया है।
कम फसल का असर बागवानों की आय के साथ आढ़ती, मजदूर, ट्रांसपोर्ट और पैकेजिंग कारोबार पर भी पड़ने की आशंका है।
- हिमाचल में मनरेगा का 126 करोड़ से ज्यादा भुगतान अटका, चंबा-मंडी में सबसे अधिक बकाया
हिमाचल प्रदेश में मनरेगा की पुरानी देनदारियां नई योजना लागू होने के बाद भी पूरी तरह समाप्त नहीं हुई हैं। ग्रामीण विकास मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2021 से 2027 तक 12,642.27 लाख रुपये यानी करीब 126.42 करोड़ रुपये का भुगतान लंबित है।
वर्ष 2025-26 और 2026-27 में ही 123.86 करोड़ रुपये की राशि अनस्किल्ड वर्कर, स्किल्ड वर्कर और मैटीरियल मद में अटकी हुई है। चंबा और मंडी में लंबित राशि सबसे अधिक है।
- हिमाचल में E20 पेट्रोल का असर? 25% बढ़ी प्रीमियम पेट्रोल की खपत, महंगा होने के बावजूद चालक कर रहे पसंद
हिमाचल प्रदेश में E20 पेट्रोल को लेकर वाहन चालकों की चिंता के बीच प्रीमियम पेट्रोल की मांग तेजी से बढ़ी है। अप्रैल से जुलाई 2026 के बीच प्रदेश में प्रीमियम पेट्रोल की खपत करीब 25 फीसदी बढ़ी। शिमला में सामान्य पेट्रोल करीब 103 रुपये, जबकि प्रीमियम पेट्रोल 111.74 रुपये प्रति लीटर है। वाहन चालक माइलेज और परफॉर्मेंस को देखते हुए महंगा पेट्रोल चुन रहे हैं।
- केके सकलानी ने संभाली नई जिम्मेदारी, लडभड़ोल व्यापार मंडल और टैक्सी यूनियन से की मुलाकात
भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के नवनियुक्त प्रदेश सह-संयोजक केके सकलानी ने अपने पहले दौरे पर रविवार को लडभड़ोल व्यापार मंडल और टैक्सी यूनियन से शिष्टाचार भेंट की। व्यापारियों ने उनका स्वागत किया। सकलानी ने व्यापारियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सरकार तक पहुंचाने और समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया।
- ‘वंदेमातरम’ विवाद के बाद आज शिमला के रिज मैदान पर सामूहिक राष्ट्रगीत गाएगी भाजपा
हिमाचल विधानसभा के मानसून सत्र में ‘वंदेमातरम’ को लेकर हुए राजनीतिक विवाद के बाद भाजपा विधायक दल रविवार को शिमला के रिज मैदान पर सामूहिक राष्ट्रगीत गाएगा। कार्यक्रम सुबह 11 बजे महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने होगा और इसका नेतृत्व नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर करेंगे।
विधानसभा में 21 अगस्त को राष्ट्रगीत गाने की मांग को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जमकर हंगामा हुआ था।
- पालमपुर फैमिली कोर्ट का अहम फैसला: सोशल मीडिया की लत और वैवाहिक जिम्मेदारियों से दूरी को माना मानसिक क्रूरता
हिमाचल प्रदेश के पालमपुर पारिवारिक न्यायालय ने एक वैवाहिक विवाद में पति के पक्ष में तलाक की डिक्री पारित की है। अदालत ने कहा कि सोशल मीडिया पर अत्यधिक समय बिताना अपने आप में मानसिक क्रूरता नहीं है, लेकिन यदि इसके साथ वैवाहिक जिम्मेदारियों से दूरी, लगातार विवाद और जीवनसाथी के प्रति अपमानजनक व्यवहार जुड़ा हो तो परिस्थितियों
के आधार पर इसे मानसिक क्रूरता माना जा सकता है।
- सिरमौर में शादी से एक दिन पहले युवती और मां पर 2.20 लाख के आभूषण लेकर फरार होने का आरोप
सिरमौर के हरिपुरधार में शादी से एक दिन पहले युवती और उसकी मां पर करीब 2.20 लाख रुपये के सोने-हीरे के आभूषण लेकर कथित तौर पर फरार होने का आरोप लगा है। दिल्ली निवासी परिवार ने पुलिस में शिकायत दी है। मामला क्षेत्राधिकार के आधार पर संगड़ाह थाना भेजा गया है। परिवार ने रिश्ता करवाने वाले बिचौलिये को 31 हजार रुपये देने का भी आरोप लगाया है।
- हिमाचल में मानसून का कहर: 149 सड़कें बंद, 60 ट्रांसफॉर्मर और 35 पेयजल योजनाएं प्रभावित
हिमाचल प्रदेश में मानसून के चलते जनजीवन लगातार प्रभावित हो रहा है। 23 अगस्त की सरकारी रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में 149 सड़कें, 60 बिजली ट्रांसफॉर्मर और 35 पेयजल योजनाएं बाधित हैं। मंडी में सबसे अधिक 86 सड़कें बंद हैं। वहीं 30 जून से 22 अगस्त तक प्राकृतिक आपदाओं में 91 और सड़क हादसों में 133 लोगों की मौत दर्ज की गई है।
- महिला लीडरशिप कॉन्क्लेव में छाईं बलोह पंचायत प्रधान लता देवी, ‘पंचायत से संसद तक’ सत्र में रखे विचार
ग्राम पंचायत बलोह की प्रधान लता देवी ने नई दिल्ली में आयोजित महिला लीडरशिप कॉन्क्लेव में पैनलिस्ट एवं महिला वक्ता के रूप में भाग लेकर हमीरपुर का नाम रोशन किया। ‘पंचायत से संसद तक’ सत्र में उन्होंने पंचायत स्तर पर महिलाओं की भागीदारी, नेतृत्व क्षमता और निर्णय लेने में उनकी भूमिका को मजबूत करने पर अपने विचार साझा किए।
- सोलन बना देश का पांचवा सबसे अमीर जिला
इकोनॉमिक सर्वे 2024-25 के अनुसार हिमाचल प्रदेश का सोलन जिला प्रति व्यक्ति GDP के मामले में देश का पांचवां सबसे समृद्ध जिला बनकर उभरा है। सोलन की प्रति व्यक्ति आय 8.10 लाख रुपये दर्ज की गई है, जो हिमाचल प्रदेश की औसत 2.83 लाख रुपये की प्रति व्यक्ति आय से करीब तीन गुना अधिक है।
सोलन की आर्थिक मजबूती में Baddi-Barotiwala-Nalagarh (BBN) औद्योगिक क्षेत्र की अहम भूमिका है।
- ऊना में नशे के कारोबार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आरोपी और पत्नी की 85.75 लाख की संपत्ति फ्रीज
ऊना पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी संजीव कुमार और उसकी पत्नी के नाम पर दर्ज करीब 85.75 लाख रुपये की संपत्ति फ्रीज की है। कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट के तहत वित्तीय जांच के आधार पर की गई। पुलिस ने मकान, जमीन, वाहन और बैंक व पोस्टल खातों को फ्रीज किया है।
- आलमपुर DAV स्कूल में वेद प्रचार सप्ताह का शुभारंभ, वैदिक संस्कृति से जुड़ने का विद्यार्थियों से आह्वान
आर्य युवा समाज एवं डीएवी पब्लिक स्कूल आलमपुर द्वारा श्रावणी उपाकर्म के पावन अवसर पर वेद प्रचार सप्ताह का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में विशाल यज्ञ, वैदिक मंत्रोच्चारण और भजनों की प्रस्तुतियां हुईं। विद्यार्थियों को वेदों, वैदिक संस्कृति और महर्षि दयानंद सरस्वती के विचारों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
- हमीरपुर में कांग्रेस का जनरल हाउस, 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर मंथन
हमीरपुर में जिला कांग्रेस कमेटी के जनरल हाउस का आयोजन किया गया। बैठक में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों और संगठन को मजबूत करने को लेकर चर्चा हुई। कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं से प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का ग्रामीण स्तर तक प्रचार करने का आह्वान किया।
- हाईकोर्ट ने रणधीर शर्मा के निर्वाचन को चुनौती देने वाली रामलाल ठाकुर की याचिका की खारिज
हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने श्री नैना देवी जी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक रणधीर शर्मा के निर्वाचन को चुनौती देने वाली कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री रामलाल ठाकुर की चुनाव याचिका खारिज कर दी है। अदालत ने निर्धारित कानूनी प्रावधानों के अनुरूप हलफनामा दाखिल नहीं किए जाने को अहम आधार माना।
- हिमाचल में हैम रेडियो प्रशिक्षण कार्यशाला का समापन, आपदा के समय संचार व्यवस्था बनाए रखने पर जोर
मंडी में आयोजित तीन दिवसीय हैम रेडियो कार्यशाला का शनिवार को समापन हुआ। छह जिलों से पहुंचे प्रतिभागियों को तीन टीमों में बांटकर फील्ड प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में आपदा के दौरान मोबाइल नेटवर्क और अन्य संचार माध्यमों के विफल होने की स्थिति में हैम रेडियो के प्रभावी इस्तेमाल की जानकारी दी गई।
- सुधीर शर्मा ने पुलिस अधिकारियों के खिलाफ दिया विशेषाधिकार हनन का नोटिस, विधानसभा अध्यक्ष को सौंपा पत्र
पूर्व मंत्री और बीजेपी विधायक सुधीर शर्मा ने विधानसभा सत्र के दौरान विजिलेंस जांच के सिलसिले में पूछताछ के लिए बुलाए जाने पर पुलिस अधिकारियों के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया है। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया को पत्र सौंपकर मामले में कार्रवाई की मांग की है।
- हिमाचल विधानसभा में वंदे मातरम और राष्ट्रगान पर गतिरोध जारी, कार्यवाही सोमवार तक स्थगित; विपक्ष का धरना
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन शनिवार को वंदे मातरम और राष्ट्रगान के कथित अपमान को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच गतिरोध जारी रहा। हंगामे के चलते विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही सोमवार तक स्थगित कर दी। इसके बाद विपक्ष विधानसभा अध्यक्ष के कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गया।
- इतिहास सोसायटी और मीडिया क्लब के पदाधिकारियों ने कुलपति से की भेंट, विद्यार्थियों की गतिविधियों पर हुई चर्चा
सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी के इतिहास विभाग की इतिहास सोसायटी और मीडिया क्लब के पदाधिकारियों व सदस्यों ने विभागाध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में कुलपति आचार्य ललित कुमार अवस्थी से मुलाकात की। इस दौरान विश्वविद्यालय की अकादमिक, शोध, सांस्कृतिक, मीडिया और विद्यार्थी हित से जुड़ी गतिविधियों पर चर्चा हुई।
- करियाला से 17 वर्षीय छात्रा सानिया लापता, 8 अगस्त से नहीं लौटी घर; परिजनों ने लगाई तलाश की गुहार
गांव करियाला से 17 वर्षीय छात्रा सानिया के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों के अनुसार वह 8 अगस्त 2026 को सुबह करीब 6 बजे घर से निकली थी, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटी। परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में तलाश के बाद पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई है और छात्रा को जल्द सुरक्षित तलाशने की गुहार लगाई है।
- एचपी तकनीकी विश्वविद्यालय में एबीवीपी की भूख हड़ताल तीसरे दिन भी जारी, फीस और सुविधाओं को लेकर उठाई मांगें
हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों की विभिन्न मांगों को लेकर एबीवीपी की भूख हड़ताल शनिवार को तीसरे दिन भी जारी रही। संगठन ने स्थायी कुलपति की नियुक्ति, सेल्फ फाइनेंस व्यवस्था खत्म करने, फीस का बोझ कम करने, हॉस्टल और कैंटीन जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाने की मांग की है।
- नम्होल में दो पिकअप वाहनों में ले जाए जा रहे गाय-बैल पकड़े, गो रक्षा दल ने पुलिस को सौंपा
बिलासपुर के नम्होल के पास गो रक्षा दल की टीम ने दो पिकअप वाहनों में गाय और बैल ले जा रहे लोगों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया। गो रक्षा दल के अनुसार पशुओं के परिवहन संबंधी दस्तावेजों में अनियमितता पाई गई। एक गाय के कान में लगा टैग कटा हुआ मिलने से उसकी पहचान और दस्तावेजों को लेकर भी सवाल उठे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
- राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2026 के लिए चयनित प्राचार्य मंजरी बी महाजन का स्कूल में भव्य स्वागत
शिक्षा के क्षेत्र में हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व का क्षण है। राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2026 के लिए चयनित पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सुजानपुर की प्राचार्य मंजरी बी महाजन के पहली बार स्कूल पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। छात्रों, शिक्षकों और स्कूल प्रबंधन ने पुष्प वर्षा, तिलक और ढोल-नगाड़ों के साथ उनका अभिनंदन किया।
- चिल्ला गांव में पालंगरी जोहड़ी की खड्ड पर पुलिया की मांग तेज, बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता
ग्राम पंचायत कचोली के चिल्ला गांव में पालंगरी जोहड़ी की खड्ड पर पुलिया निर्माण की मांग जोर पकड़ने लगी है। बरसात के दौरान खड्ड में तेज बहाव होने के कारण स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्थानीय निवासी वीरेंद्र सिंह ठाकुर ने पंचायत से मौके का निरीक्षण कर पुलिया निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू करने की मांग की है।
- सुलियाली के विद्यार्थियों ने पेश की मानवता की मिसाल, पॉकेट मनी से असम बाढ़ पीड़ितों की मदद
आईटी नेक्स्ट जेनरेशन स्कूल, सुलियाली के विद्यार्थियों ने अपनी पॉकेट मनी से असम के बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए योगदान देकर मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल पेश की। स्कूल प्रबंधन ने विद्यार्थियों की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि छोटी-सी मदद भी जरूरतमंदों के लिए बड़ी उम्मीद बन सकती है।
- राष्ट्रगान विवाद पर हिमाचल विधानसभा में टकराव, विपक्ष बोला- वीडियो फुटेज सार्वजनिक कर स्थिति साफ करें
हिमाचल विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन राष्ट्रगान के कथित अपमान को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने आ गए। विपक्ष के नेता जयराम ठाकुर ने विधानसभा अध्यक्ष से राष्ट्रगान के समय की पूरी वीडियो फुटेज सदन की स्क्रीन पर सार्वजनिक करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि आरोप सही साबित होने पर संबंधित सदस्य माफी मांगेगा और आरोप झूठे निकलने पर सत्ता पक्ष को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।
- राष्ट्रगान विवाद को लेकर धर्मशाला में कांग्रेस का प्रदर्शन, अनुराग शर्मा ने भाजपा पर साधा निशाना
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान राष्ट्रगान को लेकर शुरू हुई सियासत के बीच धर्मशाला में कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा की अगुवाई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उपायुक्त परिसर के बाहर धरना दिया और राष्ट्रगान व राष्ट्रगीत के सम्मान की बात कही। अनुराग शर्मा ने भाजपा पर इस मुद्दे को लेकर निशाना साधा।
- अंडर-17 वॉलीबाल विश्व कप में भारत की शानदार शुरुआत, हिमाचल के कोच और कप्तान ने बढ़ाया प्रदेश का मान
कतर की राजधानी दोहा में आयोजित अंडर-17 विश्व वॉलीबाल प्रतियोगिता में भारतीय टीम ने शानदार शुरुआत करते हुए क्यूबा को सीधे सेटों में 3-0 से हराया। टीम की जीत में हिमाचल प्रदेश की भी अहम भूमिका रही। रोहड़ू के देवेंद्र चौहान टीम के मुख्य कोच हैं, जबकि बिलासपुर के शब्द गौतम भारतीय टीम की कप्तानी कर रहे हैं।
- राजेंद्र राणा का सुक्खू सरकार पर हमला, स्वास्थ्य व्यवस्था, हिमकेयर और आर्थिक स्थिति को लेकर उठाए सवाल
भाजपा नेता राजेंद्र राणा ने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर स्वास्थ्य, आर्थिक व्यवस्था और जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सरकारी अस्पतालों में सुविधाओं की कमी, हिमकेयर योजना, स्वास्थ्य संस्थानों के बंद होने और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को लेकर सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए।
- एम्स के पास फोरलेन निर्माण में कार सड़क में धंसी, सड़क की हालत पर उठे सवाल
एम्स के नजदीक फोरलेन निर्माण के दौरान सड़क कटिंग के बाद बारिश का पानी जमा होने से सड़क दलदल में बदल गई। इसी दौरान एक चलती कार सड़क में धंस गई। स्थानीय लोगों ने निर्माण कंपनी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए सड़क निर्माण, सुरक्षा और जल निकासी व्यवस्था की जांच की मांग की है।
- हिमाचल विधानसभा में वंदे मातरम को लेकर हंगामा, सुक्खू-जयराम ठाकुर आमने-सामने
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन वंदे मातरम को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने आ गए। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से माफी मांगने की मांग की, जबकि मुख्यमंत्री ने भाजपा विधायक दल पर राष्ट्रीय गान के अपमान का आरोप लगाया। हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी गई।
- हिमाचल में 2027 में 8 IAS और 5 विभागाध्यक्ष होंगे सेवानिवृत्त, सरकार ने जारी की सूची
हिमाचल प्रदेश में वर्ष 2027 के दौरान आठ आईएएस अधिकारियों और पांच विभागाध्यक्षों के सेवानिवृत्त होने की सूची जारी कर दी गई है। राज्य सरकार की अधिसूचना में अधिकारियों के नाम, पद और सेवानिवृत्ति की तारीखों का उल्लेख किया गया है। सभी अधिकारी निर्धारित तिथि को दोपहर बाद सरकारी सेवा से सेवानिवृत्त होंगे।
- HPU में फीस वृद्धि के खिलाफ आंदोलन का असर, फीस में 10 फीसदी तक कटौती; हॉस्टल शुल्क भी घटेगा
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला में फीस वृद्धि के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलन के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने फीस में 10 फीसदी तक कटौती करने का फैसला लिया है। नई दरों की अधिसूचना जारी कर दी गई है। छात्रावास शुल्क में की गई 25 फीसदी बढ़ोतरी भी पूरी तरह वापस होगी। नई फीस केवल 2026-27 में दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों पर लागू होगी।
- कुल्लू-मंडी में फिर शुरू होंगे डोहलूनाला और टकोली टोल प्लाजा, वाहन चालकों पर बढ़ेगा सफर का खर्च
कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर डोहलूनाला और टकोली टोल प्लाजा को दोबारा शुरू करने की तैयारी है। आपदा के बाद दोनों टोल प्लाजा बंद थे। फिलहाल टनल से यातायात पूरी तरह सामान्य नहीं होने के कारण शुल्क पहले की तुलना में कम रखा जाएगा। हालांकि, दोनों टोल प्लाजा के लिए नई दरें अभी निर्धारित नहीं हुई हैं।
- श्री मणिमहेश यात्रा के लिए प्रशासन ने कसी कमर, अलग-अलग सेक्टरों में तैनात होंगे अधिकारी-कर्मचारी
श्री मणिमहेश यात्रा आधिकारिक तौर पर 25 अगस्त से शुरू होकर 20 सितंबर तक चलेगी। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। अलग-अलग सेक्टरों में अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती के साथ NDRF, SDRF और पर्वतारोहण दल भी सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे।
- हिमाचल में पेंशनरों को बड़ी राहत, पेंशन और फैमिली पेंशन एरियर की अधिकतम सीमा बढ़ी
हिमाचल प्रदेश सरकार ने 1 जनवरी 2016 से 31 जनवरी 2022 के बीच सेवानिवृत्त कर्मचारियों के पेंशन और पारिवारिक पेंशन एरियर भुगतान के नियमों में संशोधन किया है। पेंशन की अधिकतम सीमा 60,000 से बढ़ाकर 1,20,050 रुपये और पारिवारिक पेंशन की सीमा 40,000 से बढ़ाकर 67,230 रुपये कर दी गई है।
- हिमाचल विधानसभा के बाहर सत्तापक्ष-विपक्ष आमने-सामने, कांग्रेस और भाजपा ने किया प्रदर्शन
हिमाचल विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन कार्यवाही शुरू होने से पहले सत्तापक्ष और विपक्ष आमने-सामने आ गए। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में कांग्रेस विधायक दल ने भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन किया, जबकि भाजपा विधायकों ने भी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद सदन की कार्यवाही दिवंगत पूर्व विधायकों के शोकोद्गार से शुरू हुई।
- सोलन में खुले में कूड़ा फेंकना पड़ा महंगा, पिकअप चालक का 15 हजार रुपये का चालान
सोलन शहर में खुले में कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ नगर निगम ने सख्ती शुरू कर दी है। शामती बाईपास पर कूड़ा फेंकते पकड़े गए एक पिकअप चालक का नगर निगम की टीम ने 15 हजार रुपये का चालान काटकर जुर्माना वसूल किया। निगम ने साफ किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
- ऊना मिनी सचिवालय में तीन से अधिक लोगों के प्रवेश पर रोक, 25 अगस्त तक लागू रहेगा आदेश
पीर निगाह मंदिर मामले को लेकर ऊना मिनी सचिवालय में हुए प्रदर्शन के बाद जिला प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कड़े कदम उठाए हैं। जिला मजिस्ट्रेट जतिन लाल ने डीसी कार्यालय परिसर में तीन से अधिक लोगों के एक साथ प्रवेश पर रोक लगा दी है। आदेश शनिवार से 25 अगस्त तक प्रभावी रहेगा।
- जोगिंदरनगर में बड़ा सड़क हादसा, खेतों में गिरी थार; 8 प्रशिक्षु चिकित्सक घायल
पठानकोट नेशनल हाईवे पर जोगिंदरनगर के लक्ष्मी बाजार के पास शनिवार तड़के करीब 3 बजे बड़ा सड़क हादसा हुआ। अनियंत्रित थार पहले सड़क किनारे खड़ी स्कूटी से टकराई और फिर खेतों में जा गिरी। हादसे में आयुर्वेदिक अस्पताल पपरोला के 8 प्रशिक्षु चिकित्सक घायल हुए हैं। इनमें से 3 को गंभीर हालत के चलते पालमपुर और टांडा रेफर किया गया है।
- प्रेमिका को जहर देकर हत्या करने वाले आरोपी को उम्रकैद, साक्ष्य मिटाने के दोष में 2 साल का कठोर कारावास
प्रेमिका को जहर देकर हत्या करने और शव को खड्ड में दफन करने के मामले में अदालत ने अभिषेक शर्मा उर्फ डिंपल को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। साक्ष्य मिटाने के दोष में दो वर्ष के कठोर कारावास और 10 हजार रुपये अतिरिक्त जुर्माने की सजा भी दी गई है।
- सिरमौर में 19 वर्षीय छात्र ने हॉस्टल में लगाया फंदा, मौत; आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में 19 वर्षीय बीएमएस तृतीय वर्ष के छात्र प्रारब्ध शुक्ला ने हॉस्टल के कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। छात्र के कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।
- हिमाचल की 83 दवाओं के सैंपल फेल, जुलाई ड्रग अलर्ट में खुलासा; बद्दी की एक कंपनी के 5 सैंपल शामिल
हिमाचल प्रदेश में निर्मित 83 दवाओं समेत देशभर की 239 दवाओं के सैंपल जुलाई के ड्रग अलर्ट में मानकों पर खरे नहीं पाए गए हैं। सीडीएसओ की जांच में हिमाचल की 12 दवाओं के सैंपल फेल हुए, जबकि राज्य प्रयोगशालाओं में 71 हिमाचल निर्मित दवाओं के सैंपल मानकों पर सही नहीं पाए गए। बद्दी की एक कंपनी के पांच सैंपल एक साथ फेल हुए हैं।
- सांसद अनुराग ठाकुर ने अंडर-17 गर्ल्स फुटबॉल टीम से की मुलाकात, खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला
नई दिल्ली में आयोजित सुव्रतो जूनियर कप 2026 के दौरान सांसद अनुराग ठाकुर ने अंडर-17 गर्ल्स फुटबॉल टीम को अपने आवास पर आमंत्रित कर खिलाड़ियों से बातचीत की। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
- विजिलेंस मुख्यालय पहुंचे सुधीर शर्मा, बोले- जांच में पूरा सहयोग करेंगे, विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं
पूर्व मंत्री एवं भाजपा विधायक सुधीर शर्मा शुक्रवार को विजिलेंस मुख्यालय पहुंचे। इस दौरान कई भाजपा विधायक उनके समर्थन में मौजूद रहे। सुधीर शर्मा ने कहा कि वह जांच में पूरा सहयोग कर रहे हैं, लेकिन विधानसभा सत्र के बीच बुलाए जाने और मामले से जुड़े दस्तावेज धर्मशाला में होने के बावजूद शिमला बुलाने पर सवाल खड़े किए।
- हिमाचल की मंडियों में सेब की आवक घटी, पिछले साल के मुकाबले करीब 7 लाख बॉक्स कम पहुंचे
हिमाचल प्रदेश में सेब सीजन के बीच इस बार मंडियों में सेब की आवक पिछले साल के मुकाबले काफी कम है। सोलन और परवाणू मंडी में अब तक करीब 3.23 लाख बॉक्स पहुंचे हैं, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि तक करीब 7 लाख बॉक्स की आवक हो चुकी थी। हालांकि अच्छी गुणवत्ता और बेहतर ग्रेड वाले सेब को किसानों को अच्छे दाम मिल रहे हैं।
- दियोटसिद्ध में उतराई पर पलटा टेंपो ट्रैवलर, बाल-बाल टला बड़ा हादसा
बाबा बालक नाथ धाम दियोटसिद्ध में शुक्रवार सुबह उतराई पर खड़ा टेंपो ट्रैवलर अचानक फिसलकर पलट गया। हादसे के समय वाहन में कोई सवार नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों ने मंदिर क्षेत्र में पार्किंग और यातायात व्यवस्था सुधारने की मांग की है।
- युवा कांग्रेस का ‘मेरा शहर, मेरा हक’ और ‘बेटर सिटी’ अभियान, 48 घंटे में समस्याओं के समाधान का दावा
हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस ने ‘मेरा शहर, मेरा हक’ और ‘बेटर सिटी’ अभियान की शुरुआत की है। धर्मशाला के 17 वार्डों में घर-घर जाकर लोगों की समस्याएं जुटाई जाएंगी। युवा कांग्रेस ने समस्याओं के समाधान के लिए 48 घंटे की समयसीमा तय करने की बात कही है।
- पर्यावरण संरक्षण और विश्व शांति का संदेश लेकर पैदल यात्रा पर निकले रिटायर्ड IFS अधिकारी डॉ. अशोक सोमल
रिटायर्ड IFS अधिकारी डॉ. अशोक कुमार सोमल पर्यावरण संरक्षण, विश्व शांति, सामाजिक सौहार्द और लोकतंत्र को मजबूत करने के उद्देश्य से जागरूकता अभियान चला रहे हैं। 20 जुलाई से पैदल यात्रा कर रहे डॉ. सोमल धर्मशाला पहुंचे, जहां उन्होंने करीब 5 किलोमीटर पैदल चलकर लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
- कांगड़ा एयरपोर्ट विस्तार की जद में आए 70-80 परिवार, मुआवजे और पुनर्वास की मांग को लेकर DC ऑफिस पहुंचे
कांगड़ा एयरपोर्ट विस्तार से प्रभावित होने वाले गगल की पंचायत लाइन के करीब 70-80 परिवारों ने उचित मुआवजे और पुनर्वास की मांग उठाई है। दामिनी कटोच के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त से मुलाकात कर परिवारों की समस्याएं रखीं। प्रशासन ने पुराने दस्तावेज और संबंधित फाइलें प्रस्तुत करने को कहा है।
- पधर में महिला अधिवक्ता की संदिग्ध मौत, किराये के कमरे में मिला शव; पुलिस जांच में जुटी
मंडी के पधर बाजार में किराये के कमरे में रह रही महिला अधिवक्ता दिवांशु ठाकुर की मौत हो गई। घटना के समय वह कमरे में अकेली थीं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद चलने की बात कही है।
- जोगिंदरनगर में क्षेत्रीय सह सुविधा केंद्र बचाने को क्रमिक अनशन दूसरे दिन भी जारी
जोगिंदरनगर स्थित क्षेत्रीय सह सुविधा केंद्र को बचाने की मांग को लेकर चल रहा क्रमिक अनशन शुक्रवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। समिति ने 25 अगस्त को रामलीला मैदान में प्रस्तावित रोष रैली में लोगों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है।
- मिशन दृष्टि बिलासपुर: 100 बच्चों की आंखों की स्क्रीनिंग, 20 में मिले दृष्टि संबंधी समस्या के संकेत
बिलासपुर में ‘मिशन दृष्टि’ के तहत डीएवी स्कूल चंगर में करीब 100 बच्चों की आंखों की स्क्रीनिंग की गई। जांच में लगभग 20 बच्चों में दृष्टि संबंधी समस्याओं और रिफ्रैक्टिव एरर के संकेत मिले। जिला प्रशासन 1 सितंबर से पूरे जिले में अभियान शुरू करेगा।
- नौणी विश्वविद्यालय में तीन दिन बिजली गुल, छात्रों ने किया प्रदर्शन; पढ़ाई और रिसर्च वर्क प्रभावित
नौणी स्थित विश्वविद्यालय में पिछले तीन दिनों से बिजली व्यवस्था प्रभावित होने से छात्रों की पढ़ाई, रिसर्च वर्क और लैब सैंपल्स पर असर पड़ा। छात्र संगठन ने प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। विरोध के कुछ घंटों बाद बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।
- मल्लोखर में पांच साल से बंद पड़ी पेयजल योजना, हजारों ग्रामीण पानी की किल्लत से परेशान
बिलासपुर के मल्लोखर पंचायत के तहत आने वाले गांवों में पिछले कई वर्षों से पेयजल संकट बना हुआ है। करीब पांच साल से बंद पड़ी मल्लोखर पेयजल योजना के कारण हजारों ग्रामीणों को पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने योजना को जल्द बहाल करने की मांग की है।
- बिलासपुर अस्पताल में अब OPD पर्ची के लिए देना होगा 10 रुपये शुल्क, जल्द लागू होगी नई व्यवस्था
क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर में मरीजों को अब OPD की पर्ची बनवाने के लिए 10 रुपये शुल्क देना होगा। रोगी कल्याण समिति के निर्णय के बाद अस्पताल प्रशासन ने नई व्यवस्था लागू करने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। पर्ची 10 दिनों तक मान्य रहेगी और मरीज QR कोड के जरिए डिजिटल भुगतान भी कर सकेंगे।
- शूलिनी यूनिवर्सिटी में नए छात्रों का भव्य स्वागत, इंडक्शन प्रोग्राम में सीखने और इनोवेशन पर जोर
शूलिनी यूनिवर्सिटी में नए छात्रों के लिए इंडक्शन प्रोग्राम की शुरुआत हुई। पहले दिन छात्रों को यूनिवर्सिटी के अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने, नई स्किल्स विकसित करने, AI और रिसर्च-इनोवेशन को अपनाने के साथ जिम्मेदार और बेहतर इंसान बनने के लिए प्रेरित किया गया।
- पंजाब बंद का हिमाचल में असर, HRTC ने दोपहर 2 बजे तक रोकी पंजाब रूट की बसें; यात्री परेशान
पंजाब में बंद के चलते हिमाचल पथ परिवहन निगम ने प्रदेश से पंजाब की ओर जाने वाली बस सेवाओं को दोपहर 2 बजे तक रोक दिया। इससे आईएसबीटी में यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा और दिल्ली, चंडीगढ़, नालागढ़ व हरियाणा जाने वाले यात्री घंटों बसों का इंतजार करते रहे।
- सुमन भारती का राजेंद्र राणा पर पलटवार, बोलीं- भाजपा में अभी तक ठीक से स्थापित नहीं हो पाए
हमीरपुर में पत्रकार वार्ता के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुमन भारती ने पूर्व विधायक एवं भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राजेंद्र राणा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने राजेंद्र राणा के बयानों को अनाप-शनाप बताते हुए प्रियंका गांधी के मंडी दौरे और गांधी टोपी को लेकर दिए उनके बयान पर पलटवार किया।
- शिमला के दो निजी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल मिलते ही मचा हड़कंप
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में शुक्रवार को दो निजी स्कूलों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही स्कूलों में छुट्टी कर विद्यार्थियों को घर भेज दिया गया। पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने दोनों परिसरों की तलाशी ली, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक नहीं मिला।
- लोक प्रशासन शिक्षकों की नियुक्ति पर शिक्षा विभाग ने स्थिति की स्पष्ट, HP बोर्ड स्कूलों में भी मिलेगी ज्वाइनिंग
हिमाचल प्रदेश के सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में लोक प्रशासन विषय के शिक्षकों की नियुक्ति को लेकर शिक्षा विभाग ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। विभाग ने कहा है कि केवल स्कूल के हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड से संबद्ध होने के आधार पर नियुक्त शिक्षकों की ज्वाइनिंग नहीं रोकी जा सकती।
- पीरनिगाह मंदिर के संचालन अधिकार को लेकर विवाद गहराया, डीसी कार्यालय में ग्रामीणों का धरना जारी
पीरनिगाह मंदिर के संचालन अधिकार को लेकर ग्राम पंचायत बसोली और प्रशासन के बीच विवाद बढ़ता जा रहा है। पंचायत को मंदिर का संचालन अधिकार वापस सौंपने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने शुक्रवार को भी डीसी कार्यालय में धरना दिया। ग्रामीणों ने मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने और चक्का जाम की चेतावनी दी है।
- फीस वृद्धि के विरोध में ABVP ने कॉलेज परिसर में किया शांति हवन, प्रशासन ने जताई आपत्ति
जिला मुख्यालय के पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज में फीस वृद्धि को लेकर ABVP और कॉलेज प्रशासन के बीच विवाद बढ़ता जा रहा है। फीस वृद्धि वापस लेने की मांग को लेकर ABVP ने शुक्रवार को कॉलेज परिसर में शांति हवन यज्ञ किया। कॉलेज प्रशासन ने बिना अनुमति कार्यक्रम आयोजित करने पर आपत्ति जताई है।
- ‘वरिष्ठ जनों के संग—चिट्टा के विरुद्ध जंग’ अभियान से युवाओं को नशे से बचाने की पहल
संस्कार सोसायटी घुमारवीं की ओर से ‘वरिष्ठ जनों के संग—चिट्टा के विरुद्ध जंग’ अभियान के तहत वरिष्ठ नागरिकों और समाज के अनुभवी लोगों के साथ विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखने के प्रभावी उपायों पर चर्चा करना है।
- मंडी में जमीन विवाद के बाद बहू-ससुर को गाड़ी से कुचलने का प्रयास, दोनों गंभीर
मंडी जिले के बल्ह क्षेत्र के मलथेहड़ गांव में जमीन विवाद को लेकर मारपीट के कुछ घंटे बाद बहू-ससुर को वाहन से कुचलने के प्रयास का मामला सामने आया है। दोनों गंभीर रूप से घायल हुए हैं और उन्हें एम्स बिलासपुर रेफर किया गया है। पुलिस ने हत्या के प्रयास की FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
- पंजाब बंद का ऊना में दिखा असर, पंजाब जाने वाली बसें बंद; रेलवे स्टेशन पर भी कम दिखे यात्री
पंजाब बंद का असर हिमाचल के ऊना जिले में भी देखने को मिला। पंजाब की ओर जाने वाली बस सेवाएं प्रभावित रहीं, जिससे ऊना बस स्टैंड पर सामान्य दिनों की तुलना में कम चहल-पहल रही। वहीं, रेलवे स्टेशन पर भी यात्रियों की संख्या कम नजर आई।
- धर्मशाला में मोबाइल गेमिंग को लेकर दर्दनाक घटना, युवक ने उठाया खौफनाक कदम
धर्मशाला के खनियारा क्षेत्र में मोबाइल गेम खेलने को लेकर एक दर्दनाक घटना सामने आई है। मोबाइल फोन न मिलने से नाराज एक युवक ने कथित तौर पर आत्मघाती कदम उठा लिया। घटना के बाद पिता ने अन्य अभिभावकों से बच्चों को मोबाइल और ऑनलाइन गेमिंग की बढ़ती लत से दूर रखने की अपील की।
- डॉ. जनक राज के समर्थन में उतरी भाजपा, नरेंद्र ठाकुर बोले- जनसेवा में बाधा डालने की कोशिश बंद करें
भाजपा मंडल सुजानपुर के मीडिया प्रभारी नरेंद्र ठाकुर ने विधायक डॉ. जनक राज के समर्थन में बयान देते हुए उनके खिलाफ हो रही बयानबाजी पर सवाल उठाए। उन्होंने नादौन में मेडिकल कैंप की अनुमति को लेकर कहा कि सीएमओ कार्यालय हमीरपुर में बाकायदा आवेदन किया गया था और उस पर कार्यालय की मोहर भी लगी है।
- विदेश में नौकरी का मौका, बिलासपुर में 2 सितंबर को लगेगा जॉब कैंपस; कुवैत-दुबई-जर्मनी में भर्ती
देश-विदेश में रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। इवान सिक्योरिटी फंक्शन्स प्राइवेट लिमिटेड की ओर से 2 सितंबर को किसान भवन बिलासपुर में जॉब कैंपस आयोजित किया जाएगा। इसमें कुवैत, दुबई और जर्मनी समेत विदेशों में विभिन्न तकनीकी, सुरक्षा, ड्राइविंग, कंस्ट्रक्शन, हॉस्पिटैलिटी और नर्सिंग प्रोफाइल के लिए उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा।
- 191 देशों की साइकिल यात्रा पूरी कर हमीरपुर पहुंचे सोमेन देबनाथ, अब पूरे भारत का कर रहे भ्रमण
पश्चिम बंगाल के सुंदरबन निवासी साइकिल यात्री सोमेन देबनाथ 191 देशों की साइकिल यात्रा पूरी करने के बाद अब भारत भ्रमण पर हैं। हमीरपुर पहुंचने पर उन्होंने अधिकारियों से मुलाकात कर अपनी रोमांचक यात्रा के अनुभव साझा किए। अब वह राष्ट्रीय एकता, पर्यावरण संरक्षण और युवाओं को खेलों से जोड़ने के संदेश के साथ भारत की यात्रा कर रहे हैं।
- मंडी में ABVP छात्रों पर बल प्रयोग को लेकर भड़के इंद्र सिंह गांधी, बोले- युवाओं को लाठी नहीं रोजगार चाहिए
भाजपा विधायक इंद्र सिंह गांधी ने मंडी में मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे ABVP कार्यकर्ताओं और छात्रों के साथ कथित धक्का-मुक्की व बल प्रयोग की निंदा की। उन्होंने सरकार पर युवाओं की आवाज दबाने का आरोप लगाते हुए छात्रों पर कार्रवाई की निष्पक्ष जांच और सरदार पटेल विश्वविद्यालय को मजबूत करने की मांग की।
- हिमाचल में कमजोर पड़ा मानसून, फिर भी 128 सड़कें बंद; 52 पेयजल योजनाएं बाधित
हिमाचल प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान मानसून कमजोर पड़ा है, लेकिन बारिश से प्रभावित व्यवस्थाएं अभी पूरी तरह बहाल नहीं हो पाई हैं। प्रदेश में 128 सड़कें, 18 बिजली ट्रांसफार्मर और 52 पेयजल योजनाएं बाधित हैं। मंडी और कुल्लू जिले सबसे ज्यादा प्रभावित हैं।
- कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर अब बिना रुके कटेगा टोल, 60 KM की रफ्तार से पार होंगे वाहन
कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर टोल व्यवस्था को आधुनिक बनाने की तैयारी है। हिमाचल में पहली बार तीन टोल प्लाजा को मल्टी लेन फ्री फ्लो (MLFF) तकनीक से लैस करने का प्रस्ताव भेजा गया है। इसके लागू होने के बाद वाहन करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से बिना रुके टोल प्लाजा पार कर सकेंगे और फास्टैग से टोल राशि अपने आप कट जाएगी।
- भाजपा का कांग्रेस सरकार पर हमला, विशाल नैहरिया बोले- साढ़े तीन साल में युवाओं समेत हर वर्ग हुआ निराश
हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार के साढ़े तीन साल के कार्यकाल को लेकर भाजपा के पूर्व विधायक विशाल नैहरिया ने सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने युवाओं को रोजगार, महिलाओं, कर्मचारियों और पेंशनरों के मुद्दों के साथ पर्यटन विकास को लेकर सरकार पर सवाल उठाए और आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की भारी बहुमत से वापसी का दावा किया।
- हिमाचल विधानसभा में वंदे मातरम् पर हंगामा, पहले ही दिन सदन की कार्यवाही शनिवार तक स्थगित
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के पहले ही दिन वंदे मातरम् को लेकर सदन में जमकर हंगामा हुआ। राष्ट्रगान के बाद वंदे मातरम् नहीं गाए जाने पर विपक्षी विधायकों ने विरोध जताया। हंगामा बढ़ने के बाद विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने सदन की कार्यवाही शनिवार सुबह 11 बजे तक स्थगित कर दी।
- गंगथ में नशे के खिलाफ जागरूकता शिविर, तहसीलदार राधिका सैनी ने युवाओं को किया जागरूक
इंदौरा विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत गंगथ में नशे के खिलाफ जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। तहसीलदार नूरपुर राधिका सैनी ने लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए युवाओं को खेल, शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने की अपील की।
- बंदी सिंहों की रिहाई को लेकर पंजाब बंद, अमृतसर-जालंधर समेत कई जिलों में बाजार बंद; बस सेवाएं प्रभावित
बंदी सिंहों की रिहाई और जगतार सिंह हवारा को पैरोल देने की मांग को लेकर कौमी इंसाफ मोर्चा की ओर से बुलाए गए पंजाब बंद का कई जिलों में असर देखने को मिला। अमृतसर, जालंधर, मुक्तसर, अबोहर और मोहाली समेत कई जगह बाजार और व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे। कई स्थानों पर बस सेवाएं प्रभावित हुईं, जबकि रेल सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहीं।
- तिब्बत के लारुंग गार बौद्ध केंद्र पर चीन का शिकंजा, मठवासी आवासों का ध्वस्तीकरण तेज
तिब्बत के प्रसिद्ध लारुंग गार बौद्ध केंद्र में चीन ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। रिपोर्ट के अनुसार, भिक्षुओं और भिक्षुणियों के आवासीय परिसरों को गिराने की कार्रवाई जारी है। परिसर में प्रवेश और आवाजाही पर भी प्रतिबंध लगाए गए हैं। वहीं, पंचेन लामा की तस्वीर दिखाने वाले एक भिक्षु को हिरासत में लिए जाने का दावा किया गया है।
- NH-5 पर कंडाघाट के पास सड़क हादसा, रिटेनिंग वॉल से टकराया अनियंत्रित वाहन
कालका-शिमला नेशनल हाईवे-5 पर कंडाघाट के पास एक वाहन अनियंत्रित होकर रिटेनिंग वॉल से टकरा गया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि वाहन को नुकसान पहुंचा है। स्थानीय लोगों ने हाईवे पर सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
- हिमाचल कृषि विपणन बोर्ड का बड़ा फैसला, घुमारवीं में बनेगा ग्रीन मार्केट; नए पद भी होंगे सृजित
हिमाचल प्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड की बैठक में किसानों और मंडियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। बिलासपुर के घुमारवीं में ग्रीन मार्केट बनाने का निर्णय लिया गया है। वहीं ई-नाम के माध्यम से अंतरराज्यीय व्यापार को सुगम बनाने और बोर्ड व कृषि उपज मंडी समितियों में नए पद भरने पर भी सहमति बनी।
- हिमाचल के मेडिकल कॉलेजों में जल्द लगेंगी फुली ऑटोमेटिक टेस्ट मशीनें, 24 घंटे होगी मरीजों की जांच
हिमाचल प्रदेश के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में जल्द फुली ऑटोमेटिक टेस्ट मशीनें स्थापित की जाएंगी। इसके लिए मशीनों की खरीद और स्थापना के टेंडर आमंत्रित किए गए हैं। विभाग ने एक महीने के भीतर मशीनें स्थापित करने का लक्ष्य रखा है, जिससे मरीजों को 24 घंटे जांच की सुविधा मिल सकेगी।
- हिमाचल विधानसभा मानसून सत्र से पहले भाजपा का प्रदर्शन, सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र से पहले भाजपा विधायकों ने विधानसभा परिसर में विपक्ष लॉज के बाहर प्रदर्शन किया। हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर विधायकों ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। भाजपा ने सरकार की नीतियों और पांच लाख रोजगार के वादे को लेकर सवाल उठाए।
- हिमाचल में 20 हजार नौतोड़ मामले लंबित, जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने राज्यपाल से मांगी मंजूरी
हिमाचल प्रदेश के जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने जनजातीय क्षेत्रों में लंबित करीब 20 हजार नौतोड़ मामलों को जल्द मंजूरी देने की मांग की है। उन्होंने राज्यपाल कविंदर गुप्ता से इस मामले में शीघ्र कार्रवाई का आग्रह करते हुए कहा कि नौतोड़ की मंजूरी से पलायन रोकने और बंजर भूमि को आबाद करने में मदद मिलेगी।
- MMU अस्पताल में फोर्थ क्लास कर्मचारियों की हड़ताल तीसरे दिन भी जारी, दो माह से वेतन न मिलने का आरोप
सोलन के सुल्तानपुर स्थित MMU अस्पताल में फोर्थ क्लास कर्मचारियों की हड़ताल तीसरे दिन भी जारी है। कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें पिछले दो माह से वेतन नहीं मिला है। करीब 80 से 100 कर्मचारी काम छोड़कर हड़ताल पर बैठे हैं और बकाया वेतन के भुगतान की मांग कर रहे हैं।
- शिलाई के तिलोरधार खनन हादसे में तीनों शव बरामद, भारी बारिश के बीच हुआ था दर्दनाक हादसा
सिरमौर के शिलाई विधानसभा क्षेत्र के तिलोरधार में 18 अगस्त को हुए खनन हादसे में मलबे में दबे तीनों लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं। भारी बारिश के बीच भूस्खलन होने से तीन लोग खदान में दब गए थे। प्रशासन और बचाव दल ने लगातार अभियान चलाकर तीनों शवों को बाहर निकाला।
- बिलासपुर में सरकारी और निजी बस की टक्कर, सड़क से नीचे लटकी सरकारी बस; बड़ा हादसा टला
बिलासपुर जिले के भगेड़-पनौल सड़क मार्ग पर सरकारी और निजी बस की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद सरकारी बस सड़क से नीचे की ओर लटक गई। हादसे में बसों में सवार कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। गनीमत रही कि बड़ा हादसा टल गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था संभाली और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
- डॉ. जनक राज पर पुष्पेंद्र वर्मा का हमला, बोले- स्वास्थ्य शिविर के लिए नियमों और अनुमति का पालन जरूरी
कांग्रेस नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने विधायक डॉ. जनक राज पर नादौन में कथित तौर पर बिना आवश्यक अनुमति स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित करने के प्रयास को लेकर सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और चिकित्सकों को नियमों व निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन करना चाहिए। वर्मा ने डॉ. जनक राज को भरमौर और पांगी जैसे दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की सलाह दी।
- सुलियाली में नशे के खिलाफ जागरूकता शिविर, तहसीलदार राधिका सैनी ने युवाओं को नशे से दूर रहने का दिया संदेश
नूरपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत सुलियाली में नशे के खिलाफ जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। पंचायत घर में हुए कार्यक्रम में तहसीलदार नूरपुर राधिका सैनी ने लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए परिवार और समाज की सामूहिक भूमिका पर जोर दिया।
- सुजानपुर में नशे के खिलाफ पुलिस का बड़ा अभियान, ASP राजेश शर्मा ने की नशा निवारण समिति की बैठक
नशे के खिलाफ अभियान को तेज करने के उद्देश्य से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हमीरपुर राजेश शर्मा ने सुजानपुर में नशा निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में स्कूलों में जागरूकता अभियान चलाने, नशा तस्करों पर नजर रखने, युवाओं को खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ने और नशे के आदी लोगों के पुनर्वास पर जोर दिया गया।
- पालमपुर में 121 ग्राम चरस के साथ आरोपी गिरफ्तार, खलेट स्कूल के पास पुलिस ने की कार्रवाई
पालमपुर पुलिस ने खलेट सीनियर सेकेंडरी स्कूल के पास नाकाबंदी के दौरान एक कार से 121 ग्राम चरस बरामद की है। पुलिस ने आरोपी राकेश कुमार को गिरफ्तार कर ND&PS Act के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में आगामी जांच जारी है।
- HPBOSE 12वीं की फाइनल मेरिट लिस्ट जारी, 20 नए विद्यार्थियों की एंट्री से टॉप-10 में बड़ा फेरबदल
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने पुनर्मूल्यांकन और पुनर्निरीक्षण के बाद 12वीं कक्षा की फाइनल मेरिट सूची जारी कर दी है। संशोधित सूची में 20 नए विद्यार्थियों ने टॉप-10 में जगह बनाई है, जिससे अब मेरिट सूची में कुल 95 विद्यार्थी शामिल हो गए हैं।
पीएमश्री गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल धुंधला की छात्रा मुस्कान ठाकुर के छह अंक बढ़ने के बाद उनकी रैंकिंग नौवें से तीसरे स्थान पर पहुंच गई है।
- प्राइवेट वोल्वो बसों को ऑल इंडिया परमिट से HRTC पर बढ़ा आर्थिक दबाव, उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने जताई चिंता
HRTC के उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने ऑल इंडिया परमिट वाली निजी वोल्वो बसों को लेकर मौजूदा व्यवस्था पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि निजी ऑपरेटर करीब तीन लाख रुपये के वार्षिक भुगतान पर देशभर में बसें चला सकते हैं, जबकि HRTC को दूसरे राज्यों में प्रवेश के लिए अलग-अलग टैक्स देना पड़ता है। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से सरकारी परिवहन निगमों पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा है।
- क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में मनाया गया सद्भावना दिवस, स्वास्थ्य कर्मियों ने लिया राष्ट्रीय एकता का संकल्प
क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में सद्भावना दिवस के अवसर पर शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजय मनकोटिया की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में स्वास्थ्य कर्मचारियों और नर्सिंग छात्राओं ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता, शांति और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने का संकल्प लिया।
- हमीरपुर पुलिस के PO सेल की बड़ी कार्रवाई, पतलीकूहल से उद्घोषित अपराधी गिरफ्तार
हमीरपुर जिला पुलिस के PO सेल ने तकनीकी और मानवीय सूचना तंत्र की मदद से एक उद्घोषित अपराधी को कुल्लू जिले के पतलीकूहल से गिरफ्तार किया है। आरोपी को मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी, जिला हमीरपुर के आदेश पर 10 जुलाई 2026 को एक निजी शिकायत मामले में उद्घोषित अपराधी घोषित किया गया था।