मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

हिमाचल विधानसभा मानसून सत्र से पहले भाजपा का प्रदर्शन, सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी

सार

हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र से पहले भाजपा विधायकों ने विधानसभा परिसर में विपक्ष लॉज के बाहर प्रदर्शन किया। हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर विधायकों ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। भाजपा ने सरकार की नीतियों और पांच लाख रोजगार के वादे को लेकर सवाल उठाए।

अपडेट: 3 मिनट
हिमाचल विधानसभा मानसून सत्र से पहले भाजपा का प्रदर्शन, सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी

हाथों में तख्तियां लेकर विधानसभा परिसर पहुंचा विपक्ष, रोजगार और जनविरोधी नीतियों को लेकर कांग्रेस सरकार पर निशाना

हिमाचल प्रदेश विधानसभा का 12वां मानसून सत्र शुक्रवार से शुरू होने जा रहा है। सत्र शुरू होने से पहले ही विधानसभा परिसर में राजनीतिक माहौल गरमा गया। भाजपा विधायकों ने विपक्ष लॉज के बाहर प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

भाजपा विधायकों ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध जताया। भाजपा नेता एवं विधायक रणधीर शर्मा ने कहा कि कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ यह प्रदर्शन किया गया है। इस दौरान विपक्ष ने कांग्रेस सरकार के पांच लाख रोजगार के वादे को भी निशाने पर लिया।

सदन में तथ्यों के साथ जवाब देगी सरकार

वहीं, मानसून सत्र को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में कांग्रेस विधायक दल की बैठक हुई। मुख्यमंत्री ने मंत्रियों और विधायकों को विपक्ष की ओर से उठाए जाने वाले मुद्दों पर पूरी तैयारी के साथ सदन में आने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रश्नकाल और शून्यकाल के दौरान पूछे जाने वाले सवालों के जवाब में आंकड़ों और तथ्यों को प्रमुखता दी जाए। उन्होंने कहा कि पिछले 20 वर्षों में पहली बार 10 दिन का विधानसभा सत्र आयोजित किया जा रहा है।

सुक्खू ने विपक्ष और नेता प्रतिपक्ष से कहा कि वे विरोध और वॉकआउट कर सकते हैं, लेकिन सरकार को भी सदन में अपनी बात रखने का अवसर दिया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी आशंका जताई कि चुनावी माहौल के चलते विपक्ष सोशल मीडिया पर बने रहने के लिए सदन में हंगामा कर सकता है।

भाजपा इन मुद्दों पर घेरेगी सरकार

सत्र से एक दिन पहले नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में भाजपा विधायक दल की बैठक भी हुई। इसमें कांग्रेस सरकार को विधानसभा के भीतर और बाहर घेरने की रणनीति तैयार की गई।

भाजपा कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार के आरोप, कर्मचारियों और पेंशनरों के लंबित मामलों, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं, आपदा राहत कार्यों और कांग्रेस की चुनावी गारंटियों को प्रमुखता से उठाएगी। वहीं, विधायकों पर दर्ज FIR और उनसे पूछताछ के मामलों को लेकर भी विपक्ष सरकार पर हमलावर रहेगा।

पहले दिन हंगामे के आसार

मानसून सत्र के पहले दिन ही सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव के आसार हैं। FIR और पूछताछ के मामलों को लेकर विपक्ष की ओर से स्थगन प्रस्ताव लाए जाने की संभावना है। ऐसे में प्रश्नकाल के दौरान ही सदन में गतिरोध पैदा हो सकता है।

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने दोनों दलों से सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चलाने में सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि सभी सदस्यों को सदन में अपनी बात रखने का पर्याप्त समय मिलेगा। साथ ही जरूरत पड़ने पर सत्र की अवधि बढ़ाई भी जा सकती है।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें