मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

हरोली को विकास की तीन सौगातें देंगे डिप्टी CM मुकेश अग्निहोत्री, वीर सैनिक भवन की रखेंगे आधारशिला

सार

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री 15 नवंबर को हरोली में तीन विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। इसमें 3.50 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले वीर सैनिक सामुदायिक भवन की आधारशिला, हरोली-नई दिल्ली वोल्वो बस सेवा और 14 ई-रिक्शा को हरी झंडी दिखाना शामिल है।

TV Incharge

2 मिनट
हरोली को विकास की तीन सौगातें देंगे डिप्टी CM मुकेश अग्निहोत्री, वीर सैनिक भवन की रखेंगे आधारशिला

हरोली-नई दिल्ली वोल्वो बस सेवा और 14 ई-रिक्शा को दिखाएंगे हरी झंडी, 3.50 करोड़ रुपये से बनेगा वीर सैनिक सामुदायिक भवन

हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री 15 नवंबर को हरोली विधानसभा क्षेत्र को विकास की तीन बड़ी सौगातें देंगे। इस दौरान वह वीर सैनिक सामुदायिक भवन की आधारशिला रखने के साथ हरोली से नई दिल्ली के लिए वोल्वो बस सेवा और 14 ई-रिक्शा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

इन परियोजनाओं से क्षेत्र में परिवहन सुविधाओं और स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

सरकारी प्रवक्ता के अनुसार, उपमुख्यमंत्री सुबह 11 बजे हरोली बस स्टैंड से हरोली-नई दिल्ली वोल्वो बस सेवा को रवाना करेंगे। इसके बाद दोपहर 12 बजे खंड विकास अधिकारी कार्यालय हरोली से 14 ई-रिक्शा को हरी झंडी दिखाएंगे। दोपहर बाद करीब 12:15 बजे वह वीर सैनिक सामुदायिक भवन की आधारशिला रखेंगे।

करीब 3.50 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस वीर सैनिक सामुदायिक भवन में सैनिकों और पूर्व सैनिकों को बैठकों, कार्यक्रमों और अन्य सामाजिक गतिविधियों के आयोजन के लिए स्थायी स्थान उपलब्ध होगा।

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री का कहना है कि देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले सैनिकों और पूर्व सैनिकों को सिविल जीवन में भी उचित सम्मान और सुविधाएं मिलनी चाहिए। इसी सोच के साथ रामपुर पुल के समीप विकसित की जा रही न्यू हरोली की परिकल्पना में पूर्व सैनिक भवन को शामिल किया गया है।

घालुवाल चौक में भारतीय सेना का टैंक स्थापित करने के पीछे भी यही भावना है, ताकि युवा पीढ़ी देश की रक्षा में सैनिकों के योगदान से प्रेरणा ले सके।

वहीं, हरोली से नई दिल्ली के लिए वोल्वो बस सेवा शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को राजधानी आने-जाने के लिए बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी। दूसरी ओर, 14 ई-रिक्शा के संचालन से स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार के अवसर बढ़ने के साथ पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें