मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

हिमाचल में 1 रुपये प्रति यूनिट तक सस्ती हो सकती है बिजली, CM सुक्खू ने अधिकारियों को दिए निर्देश

सार

हिमाचल प्रदेश में बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिल सकती है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बिजली की दरें एक रुपये प्रति यूनिट तक कम करने की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए हैं। बिजली बोर्ड से इस कटौती के कारण होने वाले आर्थिक नुकसान और राजस्व पर पड़ने वाले असर का आकलन करने को कहा गया है।

TV Incharge

3 मिनट
हिमाचल में 1 रुपये प्रति यूनिट तक सस्ती हो सकती है बिजली, CM सुक्खू ने अधिकारियों को दिए निर्देश

विधानसभा चुनाव से पहले 28 लाख बिजली उपभोक्ताओं को मिल सकती है राहत, बिजली बोर्ड से आर्थिक नुकसान और राजस्व पर असर का मांगा आकलन

हिमाचल प्रदेश में लाखों बिजली उपभोक्ताओं को आने वाले समय में बड़ी राहत मिल सकती है। प्रदेश में बिजली की दरें एक रुपये प्रति यूनिट तक कम करने की तैयारी चल रही है।

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने इस संबंध में ऊर्जा विभाग और बिजली बोर्ड के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। सरकार का उद्देश्य बिजली सब्सिडी का लाभ केवल जरूरतमंद और पात्र उपभोक्ताओं तक सीमित करने के बावजूद आम उपभोक्ताओं पर बिजली बिल का अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ने देना है।

वीरवार को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में राज्य सचिवालय में ऊर्जा विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक हुई। बैठक में मुख्यमंत्री ने बिजली बोर्ड के अधिकारियों को निर्देश दिए कि बिजली की दरें एक रुपये प्रति यूनिट तक कम करने की स्थिति में बोर्ड को होने वाले संभावित आर्थिक नुकसान का आकलन किया जाए। इसके लिए विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया है।

बिजली बोर्ड से मांगा आर्थिक नुकसान का आकलन

प्रस्ताव में यह भी आकलन किया जाएगा कि बिजली की दरों में कटौती से बोर्ड के राजस्व पर कितना असर पड़ेगा और इस कमी की भरपाई किस तरह की जा सकती है। सरकार इस प्रस्ताव के सभी पहलुओं पर विचार करने के बाद बिजली की दरें कम करने को लेकर अंतिम फैसला लेगी।

प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में सरकार की कोशिश है कि घरेलू समेत अन्य श्रेणियों के बिजली उपभोक्ताओं को दरों में कटौती का लाभ दिया जाए। यदि एक रुपये प्रति यूनिट तक बिजली सस्ती करने का प्रस्ताव मंजूर होता है तो लाखों उपभोक्ताओं के मासिक बिजली बिल में कमी आ सकती है।

हालांकि, सभी श्रेणियों के लिए दरों में समान कटौती होगी या अलग-अलग श्रेणियों को अलग राहत मिलेगी, यह सरकार के अंतिम फैसले के बाद ही स्पष्ट होगा।

इस साल भी नहीं बढ़ाई गई बिजली की दरें

हिमाचल प्रदेश में वित्त वर्ष 2026-27 के दौरान बिजली की दरों में बढ़ोतरी नहीं की गई है। राज्य विद्युत विनियामक आयोग ने सभी श्रेणियों के उपभोक्ताओं के लिए बिजली की औसत आपूर्ति लागत में एक पैसा प्रति यूनिट की कमी की थी।

आयोग ने बिजली बोर्ड की औसत आपूर्ति लागत वित्त वर्ष 2025-26 के 6.76 रुपये प्रति यूनिट के मुकाबले 2026-27 में 6.75 रुपये प्रति यूनिट निर्धारित की थी।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर बिजली बोर्ड ने बिजली की दरें नहीं बढ़ाने का प्रस्ताव आयोग के समक्ष रखा था। प्रदेश के करीब 28 लाख उपभोक्ताओं को इसका लाभ मिला है। घरेलू उपभोक्ताओं को पहले की तरह 125 यूनिट निशुल्क बिजली की सुविधा भी जारी है। इससे पहले वर्ष 2025 में घरेलू बिजली दरों में 15 पैसे प्रति यूनिट तक की कटौती की गई थी।

4.71 से 5.89 रुपये प्रति यूनिट है घरेलू बिजली टैरिफ

प्रदेश में घरेलू बिजली उपभोक्ताओं के लिए वर्तमान में खपत के आधार पर 4.71 रुपये से 5.89 रुपये प्रति यूनिट तक टैरिफ निर्धारित है।

  • शून्य से 60 यूनिट तक 4.71 रुपये प्रति यूनिट।

  • 60 से 125 यूनिट तक 5.44 रुपये प्रति यूनिट।

  • 125 यूनिट से अधिक खपत पर 5.89 रुपये प्रति यूनिट।

वहीं, व्यावसायिक उपभोक्ताओं के लिए बिजली की दरें 6.11 और 6.30 रुपये प्रति यूनिट हैं। लघु और मध्यम उद्योगों के लिए 5.60 रुपये, जबकि बड़े उद्योगों के लिए 5.85 रुपये प्रति यूनिट तक टैरिफ निर्धारित है।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें