मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

हिमाचल में सुक्खू सरकार को ‘जीरो’ नंबर, चुनाव का इंतजार कर रही जनता- बिक्रम ठाकुर

सार

भाजपा विधायक बिक्रम ठाकुर ने सुक्खू सरकार पर 55 हजार करोड़ रुपये से अधिक कर्ज लेने और प्रदेश में बड़ा निवेश न लाने का आरोप लगाया। उन्होंने मुख्यमंत्री से चार साल की उपलब्धियां और नए प्रोजेक्ट पर जवाब मांगा।

TV Incharge

2 मिनट
हिमाचल में सुक्खू सरकार को ‘जीरो’ नंबर, चुनाव का इंतजार कर रही जनता- बिक्रम ठाकुर

पूर्व उद्योग मंत्री ने बीबीएमबी के फैसले का श्रेय लेने पर सरकार को घेरा, चार साल की उपलब्धियों का ब्यौरा सार्वजनिक करने की मांग

हिमाचल प्रदेश के पूर्व उद्योग मंत्री और जसवां परागपुर से भाजपा विधायक बिक्रम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सरकार को ‘जीरो’ नंबर देते हुए कहा कि जनता उसे सत्ता से बाहर करने के लिए चुनाव का इंतजार कर रही है।

बिक्रम ठाकुर ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री हर मामले में श्रेय लेने की कोशिश करते हैं और लंबे समय से चल रही लड़ाइयों तथा कानूनी मामलों में आए फैसलों को अपनी सरकार की उपलब्धि बताना सही नहीं है।

चार साल की उपलब्धियों का ब्यौरा सार्वजनिक करे सरकार

बिक्रम ठाकुर ने मांग की कि प्रदेश सरकार अपने चार साल के कार्यकाल में हर विभाग की उपलब्धियों का ब्यौरा सार्वजनिक करे। उन्होंने सवाल उठाया कि इन चार वर्षों में हिमाचल में कितने नए बिजली प्रोजेक्ट लगाए गए और कितने प्रोजेक्ट के लिए एमओयू किए गए।

उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार के समय उद्योग विभाग में 500 से 1000 करोड़ रुपये का निवेश आने पर कांग्रेस नेता हिमाचल को बेचने के आरोप लगाते थे, जबकि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में कोई बड़ा निवेश नहीं आया है।

55 हजार करोड़ से अधिक कर्ज लेने का आरोप

भाजपा विधायक ने आरोप लगाया कि सुक्खू सरकार ने 55 हजार करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज लिया है। उन्होंने पेखुवाला प्रोजेक्ट पर सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। इसके अलावा ब्यास नदी में अवैध खनन और ईडी की कार्रवाई का जिक्र करते हुए उन्होंने पूछा कि सरकार बताए कि इस मामले में किन लोगों पर कार्रवाई हुई है।

बीबीएमबी मामले पर मुख्यमंत्री से पूछे सवाल

बिक्रम ठाकुर ने बीबीएमबी मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले का श्रेय लेने पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने मुख्यमंत्री से पूछा कि इस मामले के निपटारे के लिए प्रदेश सरकार ने कौन से दस्तावेजी प्रयास किए। साथ ही उन्होंने किशाऊ परियोजना से हिमाचल को मिलने वाले वित्तीय लाभ के बारे में भी जानकारी मांगी।

उन्होंने सवाल किया कि मुख्यमंत्री ने नए प्रोजेक्ट लाने के लिए क्या प्रयास किए और क्या इसके लिए कोई पदयात्रा भी निकाली। बिक्रम ठाकुर ने प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति पर भी सवाल उठाते हुए सरकार से चार साल के कार्यकाल का हिसाब सार्वजनिक करने की मांग की।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें