मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

पालमपुर को भू-माफिया का अड्डा बताने की साजिश बर्दाश्त नहीं होगी : आशीष बुटेल

सार

पालमपुर के विधायक आशीष बुटेल ने जमीन विवाद को लेकर लगाए जा रहे आरोपों पर पलटवार किया है। प्रेसवार्ता में उन्होंने पत्नी के नाम वर्ष 2018 में खरीदी गई जमीन के दस्तावेजों और चुनावी हलफनामे का हवाला देते हुए भाजपा नेताओं पर पालमपुर और उनकी राजनीतिक छवि खराब करने की साजिश रचने का आरोप लगाया। उन्होंने आनंद शक्ति ट्रस्ट की जमीन, धारा 118, GPA और सड़क निर्माण से जुड़े मामलों की जांच की मांग भी उठाई।

TV Incharge

4 मिनट
पालमपुर को भू-माफिया का अड्डा बताने की साजिश बर्दाश्त नहीं होगी : आशीष बुटेल

विधायक ने जमीन विवाद पर दस्तावेज पेश कर भाजपा नेताओं पर लगाए राजनीतिक छवि खराब करने के आरोप, आनंद शक्ति ट्रस्ट की जमीन और धारा 118 को लेकर उठाए सवाल

हिमाचल प्रदेश के पालमपुर में जमीन विवाद को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। पालमपुर के विधायक आशीष बुटेल ने शहर को भू-माफिया का अड्डा बताने और उनके परिवार को जमीन विवाद में घसीटने के आरोपों पर कड़ा पलटवार किया है।

पालमपुर में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने भाजपा नेताओं पर उनकी राजनीतिक छवि खराब करने और शहर को बदनाम करने का सुनियोजित प्रयास करने के आरोप लगाए।

आशीष बुटेल ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया, डिजिटल न्यूज प्लेटफॉर्म और समाचार पत्रों के माध्यम से पालमपुर तथा उनकी राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि पालमपुर एक शांतिप्रिय क्षेत्र है और इसे भू-माफिया से जोड़कर बदनाम करना दुर्भाग्यपूर्ण है।

विधायक ने आरोप लगाया कि उनके खिलाफ चार चरणों में दुष्प्रचार किया गया है। पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो के माध्यम से उनकी छवि खराब करने का प्रयास हुआ, जिस पर एफआईआर दर्ज करवाई गई है।

अब इस मामले में मानहानि का मुकदमा दायर करने की तैयारी है। दूसरे मामले में नुआला कार्यक्रमों को लेकर आरोप लगाए गए, जबकि प्रशासन ने हाईकोर्ट के निर्देशों के तहत स्कूल परिसर में कार्यक्रम रोकने की कार्रवाई की थी।

तीसरे मामले में भाजपा के पूर्व प्रत्याशी ने उनके और रिश्तेदारों के वोटों को लेकर सवाल उठाए। अब जमीन विवाद को राजनीतिक रंग देकर उनके परिवार को निशाना बनाया जा रहा है।

2018 में खरीदी जमीन का चुनावी हलफनामे में किया था उल्लेख

विधायक आशीष बुटेल ने बताया कि उनकी पत्नी के नाम पर 13 मार्च 2018 को भगोड़ा क्षेत्र में जमीन खरीदी गई थी। इस जमीन का पूरा विवरण उन्होंने वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान दाखिल हलफनामे में भी दिया था। उन्होंने कहा कि उनके पास छिपाने के लिए कुछ नहीं है और जमीन से संबंधित सभी दस्तावेज सार्वजनिक रूप से प्रस्तुत करने के लिए तैयार हैं।

आनंद शक्ति ट्रस्ट की जमीन को लेकर लगाए जा रहे आरोपों पर उन्होंने कहा कि संबंधित जमीन मुड़ेरी महाल के कंडी क्षेत्र में आती है, जबकि उनकी पत्नी की जमीन भगोड़ा महाल में स्थित है।

दोनों जमीनों का राजस्व रिकॉर्ड और पटवार क्षेत्र अलग-अलग हैं। उन्होंने भाजपा नेताओं से सवाल किया कि यदि 1276 कनाल जमीन आनंद शक्ति ट्रस्ट की है, तो संबंधित राजस्व दस्तावेजों में ट्रस्ट का नाम कहां दर्ज है?

आनंद शक्ति ट्रस्ट और धारा 118 पर उठाए सवाल

आशीष बुटेल ने आनंद शक्ति ट्रस्ट के गठन और उसके ट्रस्टियों की पात्रता को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि ट्रस्ट का पंजीकरण 27 मई 2024 को हुआ था और इसमें दो ट्रस्टी शामिल हैं। उनके अनुसार, ट्रस्टियों के हिमाचली कृषक नहीं होने की स्थिति में हिमाचल प्रदेश भू-सुधार एवं काश्तकारी अधिनियम की धारा 118 के प्रावधानों का पालन आवश्यक है।

उन्होंने संबंधित महिला की ओर से स्वयं को रेखा कुठियाला की दत्तक पुत्री बताए जाने पर भी सवाल उठाए और इस संबंध में कानूनी दस्तावेज सार्वजनिक करने की मांग की।

बुटेल ने दावा किया कि बिजली मीटर के लिए प्रस्तुत किए गए जीपीए में ऐसी महिला के हस्ताक्षर दर्शाए गए हैं, जिनका निधन वर्ष 2021 में हो चुका था। उन्होंने प्रशासन से इस मामले की जांच करवाने और आवश्यक होने पर एफआईआर दर्ज करने की मांग की। हालांकि, इन आरोपों पर संबंधित पक्ष का जवाब सामने आना बाकी है।

1915 के राजस्व रिकॉर्ड में सड़क का उल्लेख होने का दावा

सड़क निर्माण को लेकर लगाए गए आरोपों पर जवाब देते हुए विधायक ने कहा कि संबंधित सड़क नई नहीं है, बल्कि वर्ष 1915 के राजस्व रिकॉर्ड में भी इसका उल्लेख मिलता है। उन्होंने बताया कि 5 नवंबर 2026 को सड़क की निशानदेही करवाई गई थी, जिसमें संबंधित जमीन के मालिक पक्ष के प्रतिनिधि भी मौजूद थे।

बुटेल के अनुसार, निशानदेही रिपोर्ट में सड़क की चौड़ाई कुछ स्थानों पर चार मीटर और कुछ स्थानों पर छह मीटर निर्धारित बताई गई है, जबकि मौके पर सड़क की चौड़ाई तीन से चार मीटर पाई गई। उन्होंने सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की भी जांच करवाने की मांग की।

पेड़ कटने के आरोपों पर वन विभाग की रिपोर्ट का हवाला

जंगल के 100 पेड़ काटने के आरोपों को खारिज करते हुए आशीष बुटेल ने वन विभाग की जांच रिपोर्ट का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट में सड़क पर बरसात के कारण गिरे तीन पेड़ों को हटाए जाने की बात सामने आई है। उन्होंने प्रशासन से जीपीए की वैधता और जमीन से जुड़े अन्य मामलों की भी निष्पक्ष जांच करवाने की मांग की।

अंत में विधायक ने कहा कि राजनीति में व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप के बजाय तथ्यों और रचनात्मक आलोचना को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पालमपुर की छवि खराब करने के प्रयासों का जवाब दस्तावेजों और कानूनी तरीके से दिया जाएगा। प्रेसवार्ता में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष त्रिलोक चंद सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें