मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

1500 रुपये और 300 यूनिट मुफ्त बिजली की गारंटी से पीछे हट रही सुक्खू सरकार? सुधीर शर्मा ने उठाए सवाल

सार

हिमाचल प्रदेश में महिलाओं को 1500 रुपये मासिक सहायता और 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने की गारंटी को लेकर सियासत तेज हो गई है। धर्मशाला से भाजपा विधायक सुधीर शर्मा ने सुक्खू सरकार पर चुनावी वादों से पीछे हटने और जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि विधानसभा सत्र में भी भाजपा इन मुद्दों को उठाएगी।

TV Incharge

3 मिनट
1500 रुपये और 300 यूनिट मुफ्त बिजली की गारंटी से पीछे हट रही सुक्खू सरकार? सुधीर शर्मा ने उठाए सवाल

भाजपा विधायक ने कांग्रेस सरकार पर जनता को गुमराह करने का लगाया आरोप, बोले- चुनाव में हर महिला और पूरे प्रदेश को दी थी गारंटी, अब लगाई जा रहीं पात्रता की शर्तें

हिमाचल प्रदेश में महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह और 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने की गारंटी को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। धर्मशाला से भाजपा विधायक सुधीर शर्मा ने प्रदेश की सुक्खू सरकार पर अपनी चुनावी घोषणाओं से पीछे हटने का आरोप लगाया है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के दौरान हर महिला को 1500 रुपये और पूरे प्रदेश को 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने की गारंटी दी थी, लेकिन अब इन योजनाओं के लिए पात्रता की शर्तें रखी जा रही हैं।

सुधीर शर्मा ने कहा कि सरकार अब कैबिनेट में योजना लाने की बात कर रही है, लेकिन इसके तहत भी केवल पात्र व्यक्तियों को लाभ देने की बात कही जा रही है। अभी तक पात्र लोगों का चयन ही किया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब चुनाव के समय सभी महिलाओं और पूरे प्रदेश के लिए गारंटी दी गई थी, तो अब लाभ देने के लिए पात्रता की शर्तें क्यों लगाई जा रही हैं?

भाजपा विधायक ने आरोप लगाया कि सरकार अपनी घोषणाओं को पूरा करने के बजाय लीपापोती करने में जुटी है। उन्होंने कहा कि सरकार अपने एक साल के कार्यक्रम में दिल्ली से किसी बड़े नेता को बुलाना चाहती है और इसी वजह से योजनाओं को लागू करने के दावे किए जा रहे हैं।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सरकार अपने नेताओं को भी गुमराह कर रही है, जबकि जमीनी स्तर पर लोगों को योजनाओं का वास्तविक लाभ मिला है या नहीं, यह अलग सवाल है।

सुंदर ठाकुर के इस्तीफे पर कही यह बात

विधायक सुंदर ठाकुर की ओर से इस्तीफा देने की बात पर सुधीर शर्मा ने इसे उनका व्यक्तिगत मामला बताया। उन्होंने कहा कि वह भारतीय जनता पार्टी में हैं और सुंदर ठाकुर क्या फैसला लेते हैं, यह वही बेहतर जानते हैं। हालांकि, उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू को सलाह दी कि उन्हें प्रदेश के राजनीतिक हालात से ज्यादा अपने कुनबे को संभालने पर ध्यान देना चाहिए।

मुख्यमंत्री पर भी साधा निशाना

सुधीर शर्मा ने दावा किया कि कांग्रेस के विधायक भी उनसे बातचीत के दौरान अपने कार्यकर्ताओं की नाराजगी जाहिर करते हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें ओक ओवर की चारदीवारी से बाहर निकलकर जमीनी हकीकत समझनी चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ऐसे स्थानों पर जाते हैं, जहां आबादी कम है और फिर वहां पहली बार पहुंचने का रिकॉर्ड बनाने की बात कही जाती है।

भाजपा विधायक ने कहा कि प्रदेश में हास्यास्पद स्थिति बनी हुई है। आम जनता से लेकर कांग्रेस के विधायकों और मंत्रियों तक को समझ नहीं आ रहा कि प्रदेश में क्या चल रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विधानसभा के आगामी सत्र में भी भाजपा इन मुद्दों को लेकर सरकार को घेरती रहेगी।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें