मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

शीतकालीन सत्र में सुक्खू सरकार को घेरने की तैयारी में भाजपा, जयराम बोले- कांग्रेस सरकार का आखिरी विंटर सेशन होगा

सार

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा विधानसभा के शीतकालीन सत्र में सरकार से पीपीपी मोड पर दी जा रही संपत्तियों की शर्तों और मॉडल पर जवाब मांगेगी। उन्होंने आम लोगों पर टैक्स और सेस का बोझ बढ़ाने को लेकर भी सरकार को घेरा।

TV Incharge

3 मिनट
शीतकालीन सत्र में सुक्खू सरकार को घेरने की तैयारी में भाजपा, जयराम बोले- कांग्रेस सरकार का आखिरी विंटर सेशन होगा

पीपीपी मोड पर दी जा रही संपत्तियों का मॉडल और शर्तें सार्वजनिक करने की मांग, टैक्स-सेस और महंगाई का मुद्दा भी उठाएगी भाजपा

नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि धर्मशाला में 16 से 21 दिसंबर तक होने वाला विधानसभा का शीतकालीन सत्र वर्तमान कांग्रेस सरकार का आखिरी विंटर सेशन होगा।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने सत्र की तैयारी पूरी कर ली है और पार्टी विधायक सरकार को घेरने के लिए विभिन्न मुद्दों पर नोटिस और प्रश्न तैयार कर चुके हैं। उनके अनुसार, प्रदेश की जनता पिछले चार वर्षों में सरकार के कामकाज से निराश है और हिमाचल आर्थिक व प्रशासनिक संकट के साथ कानून व्यवस्था से जुड़ी चुनौतियों का सामना कर रहा है।

जयराम ठाकुर ने प्रदेश में नशे के बढ़ते कारोबार और प्रचलन को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नशे जैसी गंभीर समस्या से निपटने के लिए राजनीतिक वॉकथॉन के बजाय ठोस कार्रवाई की जरूरत है।

वहीं, पीपीपी मोड पर दी जा रही संपत्तियों को लेकर उन्होंने सरकार से मॉडल, शर्तें और अपनाई जा रही प्रक्रिया सार्वजनिक करने की मांग की। उन्होंने कहा कि भाजपा शीतकालीन सत्र में इस मुद्दे पर सरकार से जवाब मांगेगी।

स्टाम्प पेपर की कीमत 100 रुपये से बढ़ाकर 1,000 रुपये किए जाने पर जयराम ठाकुर ने सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार ने आम लोगों पर कई तरह के टैक्स और सेस का बोझ डाल दिया है।

पानी और बिजली सहित विभिन्न क्षेत्रों में दरें बढ़ने से गरीब और मध्यम वर्ग की परेशानियां बढ़ी हैं। उन्होंने कहा कि आर्थिक संकट का हवाला देने वाली सरकार को ऐसे फैसलों से बचना चाहिए, जिनका सीधा असर आम जनता पर पड़ता है।

कांग्रेस सरकार के चार साल पूरे होने पर जश्न की तैयारियों को लेकर भी जयराम ठाकुर ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव की आहट सुनाई देने लगी है और सरकार को जश्न मनाने से परहेज करना चाहिए।

मंडी की राजनीतिक स्थिति पर उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा जिले की सभी दस सीटें जीतेगी। पंचायत चुनावों के नतीजों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार की विदाई अच्छी होगी।

कुल्लू विधायक सुंदर सिंह ठाकुर को मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिलने के सवाल पर जयराम ठाकुर ने कहा कि वह नाराज नहीं, बल्कि 'भयंकर नाराज' हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले डेढ़ साल से उनकी उपेक्षा हो रही है, जो कुल्लू की जनता की भावनाओं का अपमान है।

कुछ नेताओं के संपर्क में होने के सवाल पर उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि बहुत से लोग संपर्क में हैं। वहीं, रामपुर सीट पर संभावित उपचुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि नंद लाल के निधन के बाद परिवार अभी शोक में है और इस समय राजनीतिक टिप्पणी करना उचित नहीं होगा।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें