मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

19 नवंबर को धर्मशाला विधानसभा का घेराव करेंगे 12 हजार पेंशनर्स

सार

हिमाचल प्रदेश के पेंशनर्स ने अपनी लंबित मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज कर दिया है। पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति ने 19 नवंबर को धर्मशाला विधानसभा का घेराव करने का ऐलान किया है। समिति के अनुसार, 10 से 12 हजार पेंशनर्स इस प्रदर्शन में शामिल हो सकते हैं। छठे वेतन आयोग के एरियर और लंबित डीए का भुगतान प्रमुख मांगों में शामिल है।

TV Incharge

2 मिनट
19 नवंबर को धर्मशाला विधानसभा का घेराव करेंगे 12 हजार पेंशनर्स

छठे वेतन आयोग के एरियर और 13% लंबित डीए की मांग को लेकर आंदोलन तेज, 12 से 17 नवंबर तक जिला मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन

हिमाचल प्रदेश में पेंशनर्स की लंबित मांगों को लेकर आंदोलन तेज हो गया है। हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति ने 19 नवंबर को धर्मशाला विधानसभा का घेराव करने का ऐलान किया है।

समिति ने सरकार को अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि यदि समय रहते मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो प्रदेशभर से 10 से 12 हजार पेंशनर्स धर्मशाला पहुंचकर विधानसभा का घेराव करेंगे।

समिति के महामंत्री इंद्रपाल शर्मा ने बताया कि संयुक्त संघर्ष समिति के निर्णय के अनुसार 12 से 17 नवंबर तक प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में जिलाधीश कार्यालयों के बाहर धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि आंदोलन का दूसरा दिन है। समिति ने सरकार को पहले ही नोटिस देकर मांग की थी कि 12 नवंबर से पहले पेंशनर्स की प्रमुख मांगों को स्वीकार किया जाए और वार्ता के लिए बुलाया जाए, लेकिन अभी तक सरकार की ओर से कोई पहल नहीं की गई है।

छठे वेतन आयोग के 10 से 12 हजार करोड़ के एरियर की मांग

इंद्रपाल शर्मा ने आरोप लगाया कि पिछले दो वर्षों से पेंशनर्स अपनी मांगों को लेकर लगातार संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। पेंशनर्स की प्रमुख मांगों में छठे वेतन आयोग के तहत लगभग 10 से 12 हजार करोड़ रुपये की लंबित देनदारियों का भुगतान शामिल है।

इसके अलावा सरकार की ओर से हाल ही में 5 प्रतिशत महंगाई राहत (डीए) की किस्त देने की घोषणा की गई है, जबकि अभी भी 13 प्रतिशत डीए और उसका एरियर लंबित है। समिति का कहना है कि पेंशनर्स को उनकी पूरी देनदारी का भुगतान किया जाना चाहिए।

मांगें नहीं मानीं तो तेज होगा आंदोलन

समिति के महामंत्री ने चेतावनी दी कि यदि सरकार 19 नवंबर से पहले वार्ता के लिए नहीं बुलाती और मांगों पर कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है तो धर्मशाला विधानसभा घेराव के बाद संयुक्त एक्शन कमेटी की बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में आंदोलन की आगामी रणनीति तय की जाएगी।

उन्होंने कहा कि मांगें पूरी होने तक प्रदेशभर में जन-जागरण अभियान भी जारी रहेगा। पेंशनर्स अपने अधिकारों की मांग को लेकर आंदोलन को और तेज करेंगे।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें