मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

नशे के दौर में दलीप सिंह की अनूठी पहल

सार

हिमाचल के चौंतड़ा क्षेत्र में पूर्व सैनिक दलीप सिंह की शराब मुक्त शादी को प्रोत्साहित करने की मुहिम रंग ला रही है। खजूर गांव में बिना शराब के संपन्न हुई पल्लवी की शादी पर उन्होंने आयोजक परिवार को 11 हजार रुपये शगुन के रूप में भेंट किए। उनकी यह पहल शादियों में बढ़ते शराब के चलन के बीच नशे से दूर रहने और सादगीपूर्ण आयोजन का प्रेरणादायक संदेश देती है।

TV Incharge

2 मिनट
नशे के दौर में दलीप सिंह की अनूठी पहल

शराब मुक्त शादी करने वाले परिवार को पूर्व सैनिक दलीप सिंह ने अपनी सैन्य पेंशन से दिया 11 हजार रुपये का शगुन

आज के दौर में जब शादियों में शराब परोसना एक चलन बनता जा रहा है, वहीं कुछ लोग अपनी छोटी-सी पहल से समाज में बड़ा बदलाव लाने का प्रयास कर रहे हैं। पंचायत समिति चौंतड़ा के वार्ड नंबर-9 टिकरू से सदस्य एवं पूर्व सैनिक दलीप सिंह की शराब मुक्त शादियों को बढ़ावा देने की मुहिम अब रंग लाने लगी है।

बीती 25 नवंबर की रात क्षेत्र के खजूर गांव में पल्लवी की शादी बिना शराब परोसे संपन्न हुई। शादी में शराब न परोसने के परिवार के फैसले से खुश होकर दलीप सिंह ने अपने संकल्प के मुताबिक आयोजक परिवार को 11 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि शगुन के रूप में भेंट की। यह राशि केवल आर्थिक सहयोग नहीं, बल्कि समाज को नशे जैसी कुरीति से दूर रहने का प्रेरणादायक संदेश भी है।

दलीप सिंह ने अगस्त माह में ग्राम पंचायत मैण भरोला की ग्राम सभा में घोषणा की थी कि गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार यदि अपनी बेटियों की शादी बिना शराब के करते हैं, तो वे अपनी सैन्य पेंशन से 11 हजार रुपये की राशि उन्हें देंगे। इससे पहले भी एक परिवार ने शराब मुक्त शादी का आयोजन किया था, लेकिन उस परिवार ने सम्मानस्वरूप राशि लेने से इनकार कर दिया था।

सेवा भारती से जुड़े दलीप सिंह का मानना है कि शादी जैसे शुभ अवसर पर शराब का चलन न केवल नशे को बढ़ावा देता है, बल्कि गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ भी डालता है। शादी खुशियों, संस्कारों और रिश्तों का उत्सव है, ऐसे में इसे नशे से दूर रखकर भी यादगार बनाया जा सकता है।

रोपड़ी क्लैहडू, मैण भरोला और टिकरू पंचायतों का प्रतिनिधित्व करने वाले दलीप सिंह ने अपने पांच साल के बीडीसी मानदेय को भी जरूरतमंदों की सेवा में समर्पित करने का संकल्प लिया है।

दलीप सिंह की यह पहल आज के समाज के लिए एक प्रेरणा है। नशे के बढ़ते चलन के बीच शराब मुक्त शादी का संकल्प एक सकारात्मक सामाजिक बदलाव की शुरुआत बन सकता है। जरूरत है कि अधिक से अधिक परिवार इस संदेश को अपनाएं और शादी जैसे पवित्र अवसरों को नशे से दूर रखकर खुशियों, संस्कारों और सादगी के साथ मनाएं।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें