मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

कबड्डी खिलाड़ियों की प्राइज मनी का मामला मुख्यमंत्री के सामने उठाएंगे नरेश चौहान, बोले- सीएम अपने विवेक से लेंगे फैसला

सार

शिमला में राज्य स्तरीय जुडो चैंपियनशिप के उद्घाटन समारोह में पहुंचे नरेश चौहान ने कबड्डी खिलाड़ियों की प्रोत्साहन राशि से जुड़े मामले पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की बात मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के सामने रखी जाएगी और मुख्यमंत्री अपने विवेक से फैसला लेंगे।

TV Incharge

2 मिनट
कबड्डी खिलाड़ियों की प्राइज मनी का मामला मुख्यमंत्री के सामने उठाएंगे नरेश चौहान, बोले- सीएम अपने विवेक से लेंगे फैसला

राज्य स्तरीय जुडो चैंपियनशिप के उद्घाटन में पहुंचे नरेश चौहान, बोले- खिलाड़ियों से मुख्यमंत्री की मुलाकात करवाने का प्रयास

शिमला के इंदिरा गांधी खेल परिसर में राज्य स्तरीय जुडो चैंपियनशिप का आगाज हुआ। प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने शिरकत की। इस दौरान उन्होंने खेलों को युवाओं को नशे से दूर रखने का प्रभावी माध्यम बताया।

एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाली हिमाचल की कबड्डी खिलाड़ियों को मिलने वाली प्रोत्साहन राशि को लेकर उठ रहे सवालों पर नरेश चौहान ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में है और वह खिलाड़ियों की बात मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के सामने रखेंगे।

नरेश चौहान ने कहा कि कबड्डी खिलाड़ियों की प्रोत्साहन राशि से जुड़ा मामला उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने बताया कि कबड्डी टीम के अध्यक्ष राजकुमार नीटू ने भी इस मुद्दे को मुख्यमंत्री के सामने रखने को लेकर उनसे बात की है। वहीं, कबड्डी टीम की कप्तान और सिरमौर की खिलाड़ी पुष्पा राणा ने भी मुख्यमंत्री से मिलने की इच्छा जताई है।

नरेश चौहान ने कहा कि खिलाड़ियों से एक-दो दिन में मुख्यमंत्री की मुलाकात करवाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके बाद खिलाड़ी अपनी बात मुख्यमंत्री के सामने रखेंगे और इस मामले पर मुख्यमंत्री अपने विवेक से फैसला लेंगे।

उन्होंने कहा कि एशियन गेम्स में देश के लिए स्वर्ण पदक जीतना बड़ी उपलब्धि है। हिमाचल के खिलाड़ियों ने पिछले कुछ वर्षों में खेलों के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन किया है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने ओलंपिक, एशियन गेम्स और कॉमनवेल्थ गेम्स में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के लिए पंजाब और हरियाणा की तर्ज पर बड़ी प्रोत्साहन राशि तय की है। साथ ही राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों में खेल कोटे के माध्यम से प्रोत्साहित किया जा रहा है।

नरेश चौहान ने खेलों को युवाओं को नशे से दूर रखने का प्रभावी माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि खेलों से बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास होता है। प्रदेश सरकार की ओर से नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इसमें युवाओं, विद्यार्थियों, स्कूलों, कॉलेजों, एनजीओ और आम लोगों का सहयोग मिल रहा है।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें