मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

ऊना के पैरा एथलीट निषाद कुमार जापान में पैरा एशियन गेम्स की तैयारी में जुटे

सार

ऊना के पैरा एथलीट निषाद कुमार जापान में होने वाले पैरा एशियन गेम्स की तैयारी कर रहे हैं। दो पैरालिंपिक में रजत पदक जीत चुके निषाद हाई जंप और लांग जंप में देश के लिए पदक जीतने के लक्ष्य के साथ अभ्यास कर रहे हैं।

TV Incharge

2 मिनट
ऊना के पैरा एथलीट निषाद कुमार जापान में पैरा एशियन गेम्स की तैयारी में जुटे

दो पैरालिंपिक में जीत चुके हैं रजत पदक, कटी बाजू पर लोहे की जंजीर बांधकर कर रहे वेटलिफ्टिंग

बचपन में एक बाजू गंवाने वाले ऊना जिले के अंब उपमंडल के बदाऊं गांव के पैरा एथलीट निषाद कुमार जापान में होने वाले पैरा एशियन गेम्स की तैयारी में जुटे हैं। दो पैरालिंपिक में रजत पदक जीत चुके निषाद देश के लिए और पदक जीतने के लक्ष्य के साथ कड़ी मेहनत कर रहे हैं।

बचपन में चारा काटने वाली मशीन की चपेट में आने से निषाद ने एक बाजू गंवा दी थी। इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और इसे अपनी कमजोरी नहीं बनने दिया। पैरा एशियन गेम्स की तैयारी के लिए उनकी कटी हुई बाजू पर लोहे की जंजीर बांधकर वेटलिफ्टिंग करने की तस्वीर इंटरनेट मीडिया पर सामने आई है।

देश के लिए पदक जीतने और तिरंगे की शान बढ़ाने के लक्ष्य के साथ निषाद कड़ा अभ्यास कर रहे हैं।

जापान में 16 से 24 अक्टूबर तक होने वाले पैरा एशियन गेम्स के लिए निषाद इन दिनों बेंगलुरु स्थित साई सेंटर में अभ्यास कर रहे हैं। निषाद बताते हैं कि बाजू गंवाने के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। माता पुष्पा देवी की प्रेरणा से उन्होंने पैरा एथलेटिक्स को अपना लक्ष्य बनाया और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई पदक जीते।

निषाद लगातार दो पैरालिंपिक खेलों में हाई जंप में रजत पदक जीत चुके हैं। पैरा एशियन गेम्स में वह हाई जंप के साथ लांग जंप में भी चुनौती पेश करेंगे।

हर स्पर्धा मेरे लिए नई चुनौती

निषाद ने कहा कि उनके लिए हर प्रतियोगिता एक चुनौती है। उन्होंने शारीरिक कमी को कभी अपने लक्ष्य के आड़े नहीं आने दिया। पैरा एशियन गेम्स के लिए वह कड़ी मेहनत कर रहे हैं और प्रयास है कि अपनी तैयारी को मैदान पर बेहतर प्रदर्शन में बदल सकें।

निषाद का लक्ष्य देश के लिए पदक जीतना है। पांच सितंबर को ओमान में आयोजित एबल-बाडी गेम्स में भी उन्होंने हिस्सा लिया था, जहां सामान्य वर्ग के एथलीट्स के बीच हाई जंप में कांस्य पदक जीता था।

19 अक्टूबर को लांग जंप, 20 को हाई जंप

पैरा एशियन गेम्स में निषाद का लांग जंप मुकाबला 19 अक्टूबर को होगा, जबकि 20 अक्टूबर को वह हाई जंप में हिस्सा लेंगे। निषाद 10 अक्टूबर को जापान के लिए रवाना होंगे।

जापान पहुंचने के बाद टोक्यो में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में वह अमेरिकी कोच जेरेमी फिशर और फिजियो शुभम देशपांडे के साथ अभ्यास करेंगे।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

  • पैरा एथलीट
  • निषाद कुमार
  • पैरा एशियन गेम्स
  • वेटलिफ्टिंग
  • हाई जंप
  • लांग जंप

इस खबर को शेयर करें