हर विधानसभा क्षेत्र से करीब 200 लोगों को ले जाने का लक्ष्य, नरेश चौहान ने भाजपा पर लगाया विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप
दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली 'वोट बचाओ, देश बचाओ' रैली में हिमाचल प्रदेश से करीब 10 हजार लोग शामिल होंगे। मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने कहा कि प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों से लोगों को दिल्ली ले जाने की तैयारी की जा रही है। इसके तहत हर विधानसभा क्षेत्र से लगभग 200 लोगों को रैली में शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है।
नरेश चौहान ने कहा कि देश में लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई में हिमाचल प्रदेश की भी भागीदारी रहेगी। उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में लोग इस प्रदर्शन में शामिल होना चाहते हैं और जनता में इसे लेकर उत्साह है।
'लोकतंत्र और देश को बचाने की लड़ाई है प्रदर्शन'
नरेश चौहान ने कहा कि दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाला प्रदर्शन लोकतंत्र और देश को बचाने की लड़ाई है। इसमें हर विचारधारा के लोग एकजुट होंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा दौर में लोकतांत्रिक संस्थाओं और आम व्यक्ति की आवाज को कमजोर किया जा रहा है तथा देश में अघोषित इमरजेंसी जैसे हालात पैदा हो गए हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार चाहे कितनी भी पुलिस फोर्स तैनात कर ले, लोग रामलीला मैदान पहुंचकर शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज करवाएंगे। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना प्रत्येक नागरिक का लोकतांत्रिक अधिकार है।
उनके अनुसार, अराजकता विपक्ष नहीं, बल्कि भाजपा फैला रही है, जबकि विपक्ष जनता के अधिकारों और लोकतंत्र की रक्षा के लिए आवाज उठा रहा है।
EVM और बैलेट पेपर को लेकर उठाए सवाल
नरेश चौहान ने चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि चुनाव में ईवीएम को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं और कुछ चुनावों में बैलेट पेपर से मतदान करवाने की चर्चा भी हो रही है।
उन्होंने सवाल किया कि यदि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष है तो बैलेट पेपर से चुनाव करवाने में परेशानी क्यों होनी चाहिए?
जयराम ठाकुर के बयान पर भी दी प्रतिक्रिया
नरेश चौहान ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के बयानों पर सवाल उठाते हुए पूछा कि क्या भाजपा देश के 13 करोड़ लोगों को घुसपैठिया बताना चाहती है? उन्होंने कहा कि भाजपा को इस मुद्दे पर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा विपक्ष के शांतिपूर्ण आंदोलन को रोकने और उसकी आवाज दबाने की कोशिश कर रही है। नरेश चौहान ने कहा कि लोकतंत्र में जनता को अपनी बात रखने और सरकार की नीतियों का विरोध करने का पूरा अधिकार है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाला प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहेगा और इसके माध्यम से देश में लोकतंत्र को मजबूत करने का संदेश दिया जाएगा।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube