बिलासपुर के भटेड गांव के गुरमेल सिंह की ट्रांसफार्मर का फ्यूज लगाते समय हुई थी मौत, आर्थिक तंगी से जूझ रहा परिवार; सरकार और प्रशासन से लगाई मदद की गुहार
श्री नयना देवी जी (बिलासपुर)। श्री नयना देवी जी विधानसभा क्षेत्र की समीपी पंचायत खरकड़ी के भटेड गांव में करीब दो महीने पहले करंट लगने से जान गंवाने वाले गुरमेल सिंह का परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा है।
गुरमेल सिंह की मलेटा में बिजली ट्रांसफार्मर का फ्यूज लगाते समय करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई थी। इस हादसे से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई थी। उस समय विधायक रणधीर शर्मा भी परिवार से मिलने पहुंचे थे।
गुरमेल सिंह अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। वह चार बहनों और बुजुर्ग माता-पिता का एकमात्र सहारा था। परिवार के सदस्यों का कहना है कि हादसे को दो महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद कोई प्रशासनिक अधिकारी या विभागीय कर्मचारी उनकी सुध लेने नहीं पहुंचा है। बेटे की मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
गुरमेल के माता-पिता और चाचा के अनुसार, परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद खराब है। उनके इलाज और दवाइयों का खर्च भी ग्रामीण और परिवार के अन्य लोग आपस में पैसे इकट्ठा करके उठा रहे हैं। परिजनों का कहना है कि बेटे को खोने के बाद वे मानसिक परेशानी से भी गुजर रहे हैं और उनकी सेहत पर भी बुरा असर पड़ रहा है।
परिवार के सदस्यों ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और जिला बिलासपुर प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से जल्द उनकी सुध लेने, परिवार को राहत देने और न्याय दिलाने की अपील की है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube