विधायक त्रिलोक जमवाल ने केंद्र सरकार का जताया आभार, कैंसर की दवाइयों के दाम में 93 फीसदी तक कटौती को बताया मरीजों के लिए बड़ी राहत
हिमाचल प्रदेश के भूतपूर्व सैनिकों को अब ECHS (एक्स-सर्विसमैन कंट्रीब्यूट्री हेल्थ स्कीम) के तहत कैशलैस इलाज की सुविधा के लिए चंडीगढ़ के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
अब उन्हें AIIMS बिलासपुर में ही इस सुविधा का लाभ मिल सकेगा। आम्र्ड फोर्सेज, एयरफोर्स, नेवी और असम राइफल्स के भूतपूर्व सैनिकों को इस सुविधा के शुरू होने से बड़ी राहत मिलेगी।
सदर विधायक त्रिलोक जमवाल ने भूतपूर्व सैनिकों की लंबे समय से लंबित मांग पूरी होने पर उन्हें बधाई दी है। उन्होंने AIIMS बिलासपुर में यह सुविधा शुरू करने और कैंसर की दवाइयों के दाम में कटौती के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा का आभार व्यक्त किया।
त्रिलोक जमवाल ने कहा कि इससे पहले हिमाचल के भूतपूर्व सैनिकों को ECHS के तहत कैशलैस उपचार करवाने के लिए चंडीगढ़ जाना पड़ता था। प्रदेश के दूरदराज के जिलों में रहने वाले पूर्व सैनिकों के लिए चंडीगढ़ पहुंचना काफी मुश्किल होता था।
इस दौरान उन्हें आने-जाने पर काफी पैसा खर्च करना पड़ता था और समय भी बर्बाद होता था। AIIMS बिलासपुर के निर्माण के बाद से ही भूतपूर्व सैनिक यहां ECHS के तहत कैशलैस इलाज की सुविधा शुरू करने की मांग कर रहे थे।
केंद्र सरकार ने इस मांग को पूरा करते हुए अब यह सुविधा AIIMS बिलासपुर में उपलब्ध करवा दी है। इससे आम्र्ड फोर्सेज, एयरफोर्स, नेवी और असम राइफल्स के पूर्व सैनिकों को इलाज के लिए चंडीगढ़ नहीं जाना पड़ेगा और उनके समय व पैसे दोनों की बचत होगी।
विधायक ने कहा कि केंद्र सरकार ने स्वस्थ और विकसित भारत के निर्माण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए कैंसर की दवाइयों के दाम में लगभग 93 फीसदी तक कटौती की है।
कैंसर जैसी गंभीर बीमारी का उपचार लंबे समय तक चलता है और मरीजों को दवाइयों व इलाज पर काफी खर्च करना पड़ता है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए यह खर्च उठाना मुश्किल हो जाता है। कई बार मरीजों को इलाज जारी रखने के लिए कर्ज लेना पड़ता है या दूसरे माध्यमों से पैसों की व्यवस्था करनी पड़ती है।
उन्होंने कहा कि कैंसर की दवाइयों के दाम में की गई इस कटौती से मरीजों को आर्थिक राहत मिलेगी। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी कैंसर मरीज आर्थिक तंगी के कारण इलाज से वंचित न रहे। त्रिलोक जमवाल ने इस फैसले को कैंसर मरीजों के लिए राहतकारी कदम बताते हुए केंद्र सरकार का आभार जताया।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube