भाजपा मुख्य प्रवक्ता ने पीएम मोदी और जेपी नड्डा का जताया आभार, डॉक्टरों की कमी, हिमकेयर भुगतान और अस्पतालों में जरूरी दवाओं की उपलब्धता पर सुक्खू सरकार को घेरा
भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं सुंदरनगर के विधायक राकेश जम्वाल ने कैंसर की दवाओं की कीमतों में कटौती करने के केंद्र सरकार के फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीजों और उनके
परिवारों को आर्थिक राहत देने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। वहीं, उन्होंने हिमाचल प्रदेश की सुक्खू सरकार की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में महंगा होता इलाज और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति चिंताजनक है।
कैंसर की 543 ब्रांडेड दवाओं की कीमतों में कटौती
राकेश जम्वाल ने कहा कि केंद्र सरकार ने कैंसर की 137 श्रेणियों की 543 ब्रांडेड दवाओं की कीमतों में कटौती का निर्णय लिया है। इसके साथ ही गैर-अनुसूचित कैंसर दवाओं पर व्यापारिक मार्जिन को 30 प्रतिशत तक सीमित करने की व्यवस्था की गई है। उनके अनुसार, इस फैसले से कई दवाओं की कीमतों में कमी आने और मरीजों के उपचार का खर्च घटने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि कैंसर का इलाज पहले ही परिवारों पर भारी आर्थिक बोझ डालता है। ऐसे में दवाओं की कीमतें कम करना मरीजों और उनके परिजनों के लिए बड़ी राहत है।
आयुष्मान भारत योजना का भी किया जिक्र
भाजपा नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के माध्यम से पात्र परिवारों को अस्पताल में भर्ती होकर उपचार करवाने के लिए सालाना 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य कवर उपलब्ध करवा रही है।
इसके अतिरिक्त 70 वर्ष और उससे अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों के लिए, आय की परवाह किए बिना, स्वास्थ्य कवर का प्रावधान किया गया है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का उद्देश्य आर्थिक तंगी के कारण किसी जरूरतमंद को उपचार से वंचित रहने से बचाना है।
डॉक्टरों की कमी और हिमकेयर भुगतान पर उठाए सवाल
राकेश जम्वाल ने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में डॉक्टरों की कमी, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता, हिमकेयर योजना के भुगतान और मरीजों पर बढ़ते आर्थिक बोझ को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं और रोबोटिक सर्जरी जैसी तकनीकों को बढ़ावा देने की बात करती है, लेकिन अस्पतालों में बुनियादी सुविधाओं, जरूरी दवाओं और चिकित्सा सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करना भी उतना ही आवश्यक है।
अस्पतालों में जरूरी दवाएं और सामग्री उपलब्ध करवाने की मांग
भाजपा मुख्य प्रवक्ता ने कहा कि यदि सरकारी अस्पतालों में पैरासिटामोल जैसी सामान्य दवाओं, मेडिकल ग्लव्स और अन्य आवश्यक सामग्री की कमी की शिकायतें सामने आती हैं, तो सरकार को उनका तत्काल समाधान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक का स्वागत है, लेकिन आम मरीज को समय पर डॉक्टर, दवा, जांच और जरूरी उपचार मिलना सबसे जरूरी है।
उन्होंने सरकार से रोबोटिक सर्जरी की लागत और मरीजों से लिए जा रहे शुल्क की स्थिति स्पष्ट करने की मांग भी की, ताकि अत्याधुनिक उपचार केवल आर्थिक रूप से संपन्न लोगों तक सीमित न रह जाए।
हिमकेयर योजना पर पारदर्शी जानकारी देने की मांग
राकेश जम्वाल ने हिमकेयर योजना के भुगतान और लाभार्थियों को उपचार मिलने की स्थिति पर भी सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए स्वास्थ्य योजनाएं जीवनरेखा होती हैं। ऐसे में भुगतान में देरी या सुविधाओं की कमी का सीधा असर मरीजों और उनके परिवारों पर पड़ता है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल के जनजातीय और दूरदराज के क्षेत्रों में दवाओं की उपलब्धता, डॉक्टरों की तैनाती और आपातकालीन उपचार की व्यवस्था को विशेष प्राथमिकता दी जानी चाहिए। सरकार को स्वास्थ्य विभाग के रिक्त पद भरने, अस्पतालों में जरूरी दवाओं की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने और मरीजों का आर्थिक बोझ कम करने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।
स्वास्थ्य सेवाओं को सस्ता और सुलभ बनाने की मांग
राकेश जम्वाल ने कहा कि केंद्र सरकार कैंसर की दवाएं सस्ती करने और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं के माध्यम से स्वास्थ्य सुरक्षा का दायरा बढ़ाने का काम कर रही है। उन्होंने हिमाचल सरकार से राजनीतिक दावों से आगे बढ़कर आम जनता को सस्ता, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध करवाने की मांग की।
उन्होंने कैंसर मरीजों को राहत देने वाले निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा का आभार जताते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का वास्तविक उद्देश्य मरीजों की पीड़ा और आर्थिक बोझ कम करना होना चाहिए।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube