डित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, चम्बा के रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विभाग की ओर से स्तन कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने और महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति सजग करने के उद्देश्य से अखंड चंडी पैलेस में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. पंकज गुप्ता ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की, जबकि जिला स्वास्थ्य अधिकारी चम्बा डॉ. कविता महाजन विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. पंकज गुप्ता ने कहा कि स्तन कैंसर के खिलाफ लड़ाई में जागरूकता, समय पर पहचान और उचित उपचार की अहम भूमिका है। समाज में इस बीमारी को लेकर व्याप्त झिझक और भ्रांतियों को दूर करना तथा महिलाओं को जागरूक बनाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में संवेदनशीलता बढ़ती है और लोग समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने के लिए प्रेरित होते हैं।
रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विभाग की ओर से डॉ. आरूषि महाजन ने महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर खुलकर चर्चा करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्तन में गांठ, आकार में बदलाव या असामान्य स्राव जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि हर गांठ कैंसर नहीं होती, लेकिन समय रहते विशेषज्ञ से जांच करवाना जरूरी है।
जागरूकता कार्यक्रम के तहत एमबीबीएस विद्यार्थियों के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें ध्रुव, गरिमा और साधना की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि अदिति, निर्मल और योगिता की टीम दूसरे स्थान पर रही।
एमबीबीएस पोस्टर प्रतियोगिता में आर्य और साधना ने पहला तथा नवांग और तेनजिंग ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं, नर्सिंग वर्ग की पोस्टर प्रतियोगिता में दिव्याशी, हिमानी और संतोष की टीम प्रथम तथा दामिनी, स्नेह और मुस्कान की टीम द्वितीय रही।
मुख्यातिथि ने प्रतियोगिताओं के विजेताओं को स्मृति चिन्ह और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान कैंसर सर्वाइवर्स ने बीमारी पर विजय पाने के अपने प्रेरक अनुभव भी साझा किए। कार्यक्रम में डॉ. श्रीधर राव, डॉ. रजनीत कौर, डॉ. मणिक सहगल, डॉ. रितु रावत, डॉ. सुनील सहित प्रशिक्षु डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ मौजूद रहा।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube