ICAR AIEEA (PG)-2026 में चार विद्यार्थियों ने पाई सफलता, प्रतिष्ठित संस्थानों में फैलोशिप के साथ करेंगे एमएससी; उदय ठाकुर ने भी स्नातकोत्तर प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण की
डॉ. वाई.एस. परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, सोलन के औद्यानिकी एवं वानिकी महाविद्यालय, थुनाग स्थित गोहर (गुडाहरी) के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षा ICAR AIEEA (PG)-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर महाविद्यालय और विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है।
महाविद्यालय के बीएससी ऑनर्स औद्यानिकी के तीन और बीएससी ऑनर्स वानिकी के एक विद्यार्थी ने परीक्षा उत्तीर्ण की है। इन विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित संस्थानों में फैलोशिप के साथ स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में अध्ययन का अवसर मिलेगा।
महाविद्यालय की छात्रा और हमीरपुर निवासी वर्षा ठाकुर ने परीक्षा में सातवां स्थान हासिल किया है। वह भारतीय बागवानी अनुसंधान संस्थान (IIHR), बेंगलुरु से फल विज्ञान में एमएससी करेंगी।
वहीं, सिरमौर निवासी अलीशा नेगी ने नौवां स्थान प्राप्त किया है। वह भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (IARI), नई दिल्ली में पुष्प विज्ञान विषय में एमएससी की पढ़ाई करेंगी। दोनों छात्राओं की उपलब्धि से महाविद्यालय में खुशी का माहौल है।
करसोग के पांगणा निवासी सिमरन ने परीक्षा में 304वां स्थान हासिल किया है। वह आईएआरआई, झारखंड में फल विज्ञान में एमएससी करेंगी। वहीं, चंबा निवासी आदित्य सिंह बिजलवान ने 47वां स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है। वह चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार में सिल्वीकल्चर एवं एग्रोफोरेस्ट्री विषय में एमएससी करेंगे।
इसके अतिरिक्त, बिलासपुर निवासी उदय ठाकुर ने वन अनुसंधान संस्थान (सम विश्वविद्यालय), देहरादून की स्नातकोत्तर प्रवेश परीक्षा भी उत्तीर्ण की है। वह यहां से वानिकी में एमएससी की पढ़ाई करेंगे। उनकी इस उपलब्धि से भी महाविद्यालय और क्षेत्र का गौरव बढ़ा है।
महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. प्रेम लाल शर्मा ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और मार्गदर्शकों के सहयोग से महाविद्यालय तथा डॉ.
वाई.एस. परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, सोलन को गौरव प्राप्त हुआ है। उन्होंने विद्यार्थियों की उपलब्धियों को अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और भविष्य में भी इसी मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube