धरोग पंचायत के कैहड़रू में निजी स्कूल के मालिक पर रास्ता बंद करने का आरोप, आदर्श जन विकास सेवा समिति ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर की ग्राम पंचायत धरोग के गांव कैहड़रू में करीब 100 साल पुराने रास्ते को बंद करने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने एक निजी स्कूल के मालिक पर आपसी विवाद के चलते रास्ता बंद करने का आरोप लगाया है। इससे पांच गांवों के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से हस्तक्षेप कर रास्ता खुलवाने की मांग की है।
इस संबंध में आदर्श जन विकास सेवा समिति कैहड़रू के सदस्यों ने एसडीएम हमीरपुर को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों के अनुसार, यह रास्ता लंबे समय से पांच गांवों के लोगों के आवागमन का प्रमुख साधन रहा है।
इसी रास्ते से ग्रामीण पंचायत कार्यालय, पशु औषधालय और अन्य जरूरी कार्यों के लिए आते-जाते हैं। रास्ता बंद होने के कारण लोगों को रोजमर्रा के काम निपटाने में दिक्कतें पेश आ रही हैं।
स्थानीय निवासी अशोक कुमार और सेवानिवृत्त कैप्टन बिक्रम चंद ने बताया कि आपसी विवाद के चलते निजी स्कूल के मालिक ने करीब 100 साल पुराने रास्ते को बंद कर दिया है। उन्होंने कहा कि इस रास्ते का उपयोग एंबुलेंस की आवाजाही के लिए भी किया जाता है। ऐसे में रास्ता बंद होने से आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में भी परेशानी हो सकती है।
ग्रामीणों और समिति के सदस्यों ने प्रशासन से मामले की जांच करवाकर रास्ते को जल्द खुलवाने की मांग की है, ताकि पांच गांवों के लोगों को राहत मिल सके। उनका कहना है कि रास्ता खुलने से ग्रामीणों की आवाजाही सुचारू हो सकेगी और जरूरी सेवाओं तक पहुंचने में होने वाली परेशानियां दूर होंगी।
वहीं, एसडीएम संजीत सिंह ने बताया कि मामले की विभागीय जांच करवाई जाएगी और जल्द ही ग्रामीणों का रास्ता खुलवाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube