हिमकॉस्ट ने प्रत्येक स्कूल के ईको क्लब को 24 हजार रुपये किए जारी, मिशन लाइफ प्रोजेक्ट के तहत विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति किया जाएगा जागरूक
हिमाचल प्रदेश विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं पर्यावरण परिषद (हिमकॉस्ट) ने हमीरपुर जिले के 10 सरकारी स्कूलों के ईको क्लबों को पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों के लिए 2 लाख 40 हजार रुपये की ग्रांट जारी की है। प्रत्येक स्कूल को 24 हजार रुपये की राशि प्रदान की गई है।
जिला विज्ञान पर्यवेक्षक राजेश गौत्तम ने बताया कि मिशन लाइफ प्रोजेक्ट के तहत स्कूलों में विभिन्न पर्यावरण संरक्षण गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम, सीड बॉल तैयार करना, पक्षियों के घोंसले बनाना और स्थापित करना, जैविक कचरा प्रबंधन तथा जागरूकता शिविर शामिल हैं।
जल संरक्षण और सौर ऊर्जा के प्रति जागरूकता
परियोजना के तहत विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों को जल संरक्षण, वाटरशेड प्रबंधन और सौर ऊर्जा के महत्व के बारे में जागरूक किया जाएगा। इन गतिविधियों का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
महिलाओं को मिलेगा प्रशिक्षण
राजेश गौत्तम ने बताया कि महिलाओं को बांस और बगड़ घास से घरेलू उपयोग के उत्पाद तैयार करने का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। इसके लिए संबंधित स्कूलों में कार्यशालाएं शुरू कर दी गई हैं।
इन गतिविधियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के साथ-साथ ग्रांट की राशि का समय पर सदुपयोग सुनिश्चित किया जाएगा।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube