40 वर्षीय संदीप कुमार की मौके पर मौत, मंडी-पठानकोट हाईवे पर लगा जाम; परिजनों ने बच्चों के भविष्य की जिम्मेदारी को लेकर मांगा लिखित आश्वासन
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के गगल में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 40 वर्षीय स्कूटी सवार संदीप कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। गगल-मांझी पुल के पास पठानकोट की ओर जा रही एक निजी बस की चपेट में आने से यह हादसा हुआ। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने बस में तोड़फोड़ की, जिससे मंडी-पठानकोट हाईवे पर जाम लग गया।
मोड़ पर बस की चपेट में आए स्कूटी सवार
जानकारी के अनुसार, संदीप कुमार स्कूटी पर रछियालू की ओर मुड़ने जा रहे थे। इसी दौरान पठानकोट की तरफ जा रही निजी बस की चपेट में आ गए। हादसा इतना गंभीर था कि संदीप कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। उनके हेलमेट के भी टुकड़े हो गए।
आक्रोशित भीड़ ने बस में की तोड़फोड़
हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने हंगामा किया और बस को आग लगाने की धमकी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को रोकने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान बस में तोड़फोड़ की गई।
हाईवे पर जाम, ट्रैफिक डायवर्ट
हादसे के बाद मंडी-पठानकोट हाईवे पर लंबा जाम लग गया। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने यातायात डायवर्ट किया। पठानकोट से आने वाले वाहनों को सनौरा से बद्दी ढुगयारी होकर भेजा गया।
दो बच्चों के भविष्य को लेकर परिजनों की मांग
संदीप कुमार के परिजनों ने प्रशासन से उनके दो छोटे बच्चों के भविष्य की जिम्मेदारी को लेकर लिखित आश्वासन मांगा है। परिवार का कहना है कि बच्चों की पढ़ाई और पालन-पोषण के लिए प्रशासन ठोस भरोसा दे, ताकि भविष्य में उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
जाम में फंसे केरल के दंपती की फ्लाइट छूटी
हाईवे पर लगे जाम के कारण केरल से आए एक दंपती की फ्लाइट भी छूट गई। बताया जा रहा है कि दंपती ने समय पर एयरपोर्ट पहुंचने के लिए टैक्सी और रास्ते में अन्य वाहनों से आगे निकलने या रास्ता देने की गुहार लगाई, लेकिन भीषण जाम के कारण वे समय पर एयरपोर्ट नहीं पहुंच सके।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube