पार्षद कुलदीप चौधरी की अगुवाई में स्थानीय लोगों ने प्रशासन के समक्ष उठाईं समस्याएं, जल्द समाधान की मांग
नगर परिषद पांवटा साहिब के वार्ड नंबर 13 में बुनियादी सुविधाओं की बदहाली से स्थानीय लोग परेशान हैं। हिरपुर क्षेत्र में सीवरेज व्यवस्था सुचारू न होने के कारण गंदा पानी सड़कों और रास्तों पर बह रहा है।
वहीं, खस्ताहाल सड़कों और राजकीय माध्यमिक पाठशाला हिरपुर के जर्जर भवन को लेकर भी लोगों ने चिंता जताई है। स्थानीय लोगों ने पार्षद कुलदीप चौधरी की अगुवाई में प्रशासन और संबंधित विभागों को समस्याओं से अवगत करवाया है।
सड़कों पर बह रहा सीवरेज का गंदा पानी
वार्ड पार्षद कुलदीप चौधरी ने बताया कि हिरपुर क्षेत्र में सीवरेज व्यवस्था बदहाल है। सीवरेज का गंदा पानी ओवरफ्लो होकर मुख्य सड़कों और रास्तों पर बह रहा है। क्षेत्र की सड़कें पहले से ही जर्जर हालत में हैं और जगह-जगह गहरे गड्ढे बन चुके हैं। इससे स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है।
राजकीय माध्यमिक पाठशाला हिरपुर का भवन जर्जर
पार्षद ने बताया कि क्षेत्र में स्थित राजकीय माध्यमिक पाठशाला हिरपुर का भवन भी जर्जर स्थिति में है। स्कूल भवन की दीवारों और छत से प्लास्टर गिरने लगा है। भवन की खराब हालत को देखते हुए स्थानीय लोगों ने चिंता जताई है।
प्रशासन से जल्द समाधान की मांग
स्थानीय लोगों और पार्षद ने प्रशासन तथा संबंधित विभागों से सीवरेज व्यवस्था दुरुस्त करने, सड़कों की मरम्मत करवाने और स्कूल भवन की हालत सुधारने की मांग की है। उन्होंने समस्याओं का जल्द समाधान करने की गुहार लगाई है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube