मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

नादौन में स्कूल भवन के निरीक्षण पर सीएम सुक्खू सख्त, 13 क्लास रूम के निर्देश; स्टेज हटाकर कमरे बनाने को कहा

सार

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने नादौन में सरकारी स्कूल के नए भवन परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान सात क्लास रूम बनाए जाने की जानकारी मिलने पर उन्होंने स्कूल प्रशासन और विभागीय अधिकारियों से जवाब मांगा। मुख्यमंत्री ने 13 क्लास रूम की व्यवस्था सुनिश्चित करने, स्टेज हटाकर कमरे बनाने और खेल मैदान को खुला रखने के निर्देश दिए।

2 मिनट
नादौन में स्कूल भवन के निरीक्षण पर सीएम सुक्खू सख्त, 13 क्लास रूम के निर्देश; स्टेज हटाकर कमरे बनाने को कहा

नए भवन में सात क्लास रूम मिलने पर अधिकारियों से ली जानकारी, स्पोर्ट्स हॉस्टल में प्री-प्राइमरी कक्षाओं और खेल मैदान की सुविधा के निर्देश

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने नादौन दौरे के दौरान शहर के सरकारी स्कूल के नए भवन परिसर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जब उन्हें जानकारी मिली कि नए भवन परिसर में केवल सात क्लास रूम बनाए गए हैं और अन्य कमरों का इस्तेमाल दूसरी शैक्षणिक गतिविधियों के लिए किया जाएगा, तो उन्होंने स्कूल प्रशासन और विभागीय अधिकारियों से इस संबंध में जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से पूछा कि जब नए भवन में 13 क्लास रूम बनाने के निर्देश दिए गए थे, तो फिर सात क्लास रूम ही क्यों बनाए जा रहे हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करते हुए भवन में विद्यार्थियों की जरूरत के अनुसार पर्याप्त क्लास रूम सुनिश्चित करने को कहा।

स्टेज हटाकर कमरे बनाने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने नए भवन परिसर के पास बने स्टेज का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेज को हटाकर उस स्थान पर अतिरिक्त कमरे बनाने के निर्देश दिए। साथ ही स्कूल के मैदान को खुला रखने को कहा, ताकि विद्यार्थियों को खेल गतिविधियों के लिए पर्याप्त स्थान मिल सके।

उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि स्कूल परिसर में भवन निर्माण के दौरान विद्यार्थियों की सुविधाओं से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए और निर्माण कार्य में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए।

स्पोर्ट्स हॉस्टल का भी किया निरीक्षण

इसके बाद मुख्यमंत्री ने निकट स्थित शिक्षा विभाग के स्पोर्ट्स हॉस्टल का निरीक्षण किया। उन्होंने हॉस्टल परिसर में प्री-प्राइमरी कक्षाओं के लिए क्लास रूम बनाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने यहां खुले खेल मैदान के निर्माण और चारदीवारी बनाने के लिए भी आवश्यक निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ खेलों के लिए भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है।

अभिभावकों ने सीबीएसई को लेकर रखी मांग

निरीक्षण के दौरान पुराने कन्या स्कूल के कुछ अभिभावकों और विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। उन्होंने मांग रखी कि एक स्कूल को सीबीएसई और दूसरे स्कूल को हिमाचल प्रदेश शिक्षा बोर्ड के तहत संचालित रहने दिया जाए।

मुख्यमंत्री ने अभिभावकों और विद्यार्थियों की बात सुनी और कहा कि उनकी मांग पर विचार किया जाएगा।

इंडोर स्टेडियम के निर्माण कार्य का भी लिया जायजा

सेरा विश्राम गृह जाने से पहले मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन इंडोर स्टेडियम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से परियोजना की जानकारी ली।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें