विद्यार्थियों ने वैज्ञानिक मॉडल और नवाचार किए प्रस्तुत, पूर्व विधायक सतपाल सिंह रायजादा ने विजेताओं को किया सम्मानित
जिला मुख्यालय ऊना में आयोजित जिला स्तरीय विज्ञान कांग्रेस का शनिवार को समापन हो गया। इस दौरान जिले भर से पहुंचे करीब 350 विद्यार्थियों ने विभिन्न वैज्ञानिक मॉडलों और गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में पूर्व विधायक एवं कांग्रेस नेता सतपाल सिंह रायजादा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि शिक्षा उपनिदेशक सोमालाल धीमान भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
विज्ञान कांग्रेस का आयोजन ऊना स्थित सीबीएसई से संबद्ध सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में किया गया। विद्यार्थियों ने अपने वैज्ञानिक मॉडल और नवाचार प्रस्तुत करते हुए विभिन्न वैज्ञानिक अवधारणाओं को समझाने का प्रयास किया।
सतपाल रायजादा ने मॉडलों का किया अवलोकन
समापन समारोह के दौरान सतपाल सिंह रायजादा ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए वैज्ञानिक मॉडलों का अवलोकन किया। उन्होंने बच्चों से उनके प्रयोगों और मॉडलों की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी हासिल की। इस दौरान उन्होंने विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया।
उन्होंने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों में वैज्ञानिक सोच विकसित करना समय की जरूरत है। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने, नए प्रयोग करने और कुछ नया सीखने का अवसर मिलता है।
वैज्ञानिक सोच विकसित करना जरूरी: सतपाल रायजादा
सतपाल सिंह रायजादा ने कहा कि आज के बच्चे देश का भविष्य हैं। विद्यार्थियों की वैज्ञानिक सोच को प्रोत्साहित करने के लिए विज्ञान प्रदर्शनी और इस तरह के आयोजन नियमित रूप से होने चाहिए।
उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग और सरकार को विद्यार्थियों के वैज्ञानिक स्तर को ऊंचा उठाने के लिए ऐसी गतिविधियों को बढ़ावा देना चाहिए। इससे बच्चों की रचनात्मक क्षमता विकसित होगी और वे भविष्य में विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर सकेंगे।
उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी जिज्ञासा बनाए रखने और निरंतर नए प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube