गेट लगाने को लेकर हुई झड़प के बाद भारी पुलिस बल तैनात, विधायक अजय सोलंकी ने लोगों से अफवाहों से दूर रहने और भाईचारा बनाए रखने की अपील की
सिरमौर जिला के नाहन शहर में गेट लगाने को लेकर दो समुदायों के बीच हुए विवाद के बाद प्रशासन ने शनिवार को अहम बैठक आयोजित की। बीते कल शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया था। दोनों पक्षों के बीच कई घंटों तक संघर्ष चला, जिसके बाद स्थिति शांत हुई। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले दागने और लाठीचार्ज का सहारा लेना पड़ा।
घटना के बाद प्रशासन ने स्थिति सामान्य बनाए रखने और दोनों समुदायों के बीच आपसी सौहार्द कायम करने के उद्देश्य से बैठक बुलाई। इसमें दोनों समुदायों के प्रतिनिधियों और प्रबुद्ध नागरिकों ने भाग लिया।
दोनों समुदायों ने की शांति बनाए रखने की अपील
वाल्मीकि समुदाय के विजय चोरियां और वार्ड नंबर 12 के पार्षद प्रदीप सहोत्रा ने बताया कि घटना के बाद प्रशासन ने बैठक आयोजित की, जिसमें दोनों समुदायों के लोगों ने हिस्सा लिया। बैठक में नाहन शहर में अमन-चैन और आपसी भाईचारा बनाए रखने पर जोर दिया गया। दोनों पक्षों के लोगों ने कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की बात कही।
सिख समुदाय के गुरविंदर सिंह ने भी घटना को दुखद बताते हुए कहा कि नाहन शहर में विभिन्न समुदायों के लोग आपसी भाईचारे के साथ रहते हैं और एक-दूसरे के त्योहार व जयंती मिलकर मनाते हैं। उन्होंने कहा कि दोनों समुदायों ने बैठकर मामले सुलझाने और आगे शांति बनाए रखने के लिए एक-दूसरे का सहयोग करने की बात कही है।
विधायक अजय सोलंकी ने जताया दुख, अफवाहों से दूर रहने की अपील
नाहन के विधायक अजय सोलंकी ने दोनों समुदायों के बीच हुई झड़प पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने लोगों से शांति और धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि नाहन शहर हमेशा से आपसी भाईचारे, अमन और कौमी एकता की मिसाल रहा है। बीते कल हुई घटना बेहद दुखद है।
विधायक ने लोगों से किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने और शहर की शांति बनाए रखने के लिए प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया।
भारी पुलिस बल तैनात, दोनों मोहल्लों में गश्त जारी
घटना के बाद प्रशासन स्थिति को लेकर सतर्क है। एहतियात के तौर पर मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रभावित क्षेत्र के दोनों मोहल्लों में पुलिस की टीमें लगातार गश्त कर रही हैं और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
प्रशासन की प्राथमिकता क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना है, ताकि दोनों समुदायों के बीच आपसी सौहार्द कायम रहे।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube