कांगड़ा में पुरुष अभ्यर्थियों के टेस्ट 20 से 28 नवंबर और महिलाओं के 29 नवंबर से 1 दिसंबर तक होंगे, एसपी कुलभूषण वर्मा ने तैयारियों की समीक्षा की
हिमाचल प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती 2026 के तहत जिला कांगड़ा में शारीरिक दक्षता एवं शारीरिक मानक परीक्षण (PET/PST) 20 नवंबर से 1 दिसंबर तक पुलिस लाइन ग्राउंड धर्मशाला में आयोजित किए जाएंगे।
भर्ती प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए पुलिस विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी संबंध में एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
23,145 अभ्यर्थी होंगे शामिल
एसपी कुलभूषण वर्मा ने बताया कि जिला कांगड़ा में पुलिस कांस्टेबल भर्ती के शारीरिक परीक्षण में कुल 23,145 अभ्यर्थी शामिल होंगे। इनमें 17,477 पुरुष और 5,668 महिला अभ्यर्थी हैं। अभ्यर्थियों की संख्या को देखते हुए निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार परीक्षण आयोजित किए जाएंगे।
पुरुषों के 20 नवंबर से, महिलाओं के 29 नवंबर से होंगे टेस्ट
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पुरुष अभ्यर्थियों के शारीरिक परीक्षण 20 नवंबर से 28 नवंबर तक होंगे। वहीं, महिला अभ्यर्थियों के परीक्षण 29 नवंबर, 30 नवंबर और 1 दिसंबर को पुलिस लाइन ग्राउंड धर्मशाला में आयोजित किए जाएंगे।
भर्ती प्रक्रिया में किए गए आवश्यक संशोधन
पिछली भर्ती प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों की ओर से उठाए गए सवालों और सामने आई कमियों को लेकर एसपी ने बताया कि विभाग ने आवश्यक संशोधन किए हैं। इस बार कांस्टेबल भर्ती की मुख्य प्रक्रिया हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से संचालित की जा रही है, जबकि पुलिस विभाग जिला स्तर पर शारीरिक मानक परीक्षण करवाने की जिम्मेदारी निभा रहा है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube