राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने की तीन दिवसीय एक्सपो की सराहना, सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने चंबा को प्रेरणादायी जिला बनाने की बात कही
ऐतिहासिक चौगान मैदान चंबा में आयोजित तीन दिवसीय ‘आत्मनिर्भर भारत-थर्ड डेस्टिनेशन हिमाचल एक्सपो 2026’ के दूसरे दिन भव्य समारोह आयोजित किया गया। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शिरकत की, जबकि कांगड़ा-चंबा के सांसद डॉ.
राजीव भारद्वाज ने समारोह की अध्यक्षता की। लेडी गवर्नर बिंदु गुप्ता और अन्य विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी में पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
इसके बाद अतिथियों ने इसरो, सीएसआईआर, आईसीएआर सहित केंद्र और राज्य सरकारों के विभिन्न स्टॉल का निरीक्षण किया।
चंबा को प्रेरणादायी जिला बनाना सपना: सांसद
समारोह को संबोधित करते हुए सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने कहा कि धर्मशाला के बाद चंबा जैसे दूरदराज और आकांक्षी जिले में इस राष्ट्रीय प्रदर्शनी का आयोजन एक बड़ा कदम है। उन्होंने चंबा को आकांक्षी से प्रेरणादायी जिला बनाना अपना सपना बताया।
उन्होंने चंबा के थाल, रुमाल और चप्पल की अंतरराष्ट्रीय ख्याति का उल्लेख करते हुए कहा कि एक्सपो का मुख्य उद्देश्य स्थानीय युवाओं को रोजगार और सही दिशा प्रदान करना है।
युवा नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार देने वाले बनें: राज्यपाल
मुख्य अतिथि राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने एक्सपो की सराहना करते हुए कहा कि चंबा संस्कृति और पारंपरिक हस्तशिल्प का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने विकसित भारत 2047 के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।
राज्यपाल ने हिमाचल प्रदेश में पर्यावरण-अनुकूल सतत विकास, होमस्टे और ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने युवाओं से आधुनिक पैकेजिंग, ब्रांडिंग और डिजिटल मार्केटिंग सीखने का आह्वान किया, ताकि वे नौकरी तलाशने वालों के बजाय रोजगार सृजित करने वाले बन सकें।
कार्यक्रम में स्थानीय विधायक, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube