CM सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने वर्चुअल माध्यम से किया शुभारंभ, स्पीड बोट, जेट स्की, बनाना बोट और 20 यात्रियों की क्षमता वाला मिनी क्रूज होगा आकर्षण
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शिमला से वर्चुअल माध्यम द्वारा जिला मंडी के ऐहन में कोल डैम जलाशय में एडवेंचर वॉटर स्पोर्ट्स गतिविधियों का शुभारंभ किया।
ऐहन से तत्तापानी तक लगभग 35 किलोमीटर के जलाशय क्षेत्र में इन गतिविधियों का विस्तार किया जाएगा। इससे पर्यटकों को रोमांचक अनुभव मिलने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
राज्य सरकार ने कोल डैम जलाशय की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन की संभावनाओं को देखते हुए यहां साहसिक जल क्रीड़ा गतिविधियों को बढ़ावा देने का निर्णय लिया है। इस पहल से क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
स्पीड बोट, जेट स्की और मिनी क्रूज होंगे आकर्षण
कोल डैम जलाशय में पर्यटकों के लिए विभिन्न रोमांचक गतिविधियां उपलब्ध होंगी। इनमें स्पीड बोट, जेट स्की, बनाना बोट, बंपर राइड और 20 यात्रियों की क्षमता वाला मिनी क्रूज शामिल हैं।
इन गतिविधियों के माध्यम से पर्यटक जलाशय की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेने के साथ साहसिक जल क्रीड़ा का अनुभव भी प्राप्त कर सकेंगे।
पर्यटन से रोजगार और स्वरोजगार को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। वॉटर स्पोर्ट्स इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि पर्यटन क्षेत्र से लाखों परिवारों को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर प्राप्त होते हैं। इसके साथ ही पर्यटन गतिविधियों से राज्य के राजस्व में भी वृद्धि होती है। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार इससे पहले बिलासपुर में भी इस प्रकार की गतिविधियां शुरू कर चुकी है।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य हिमाचल प्रदेश को पर्यटन के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाना है।
इस अवसर पर पूर्व मुख्य संसदीय सचिव सोहन सिंह ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री की सोच अब धरातल पर साकार हुई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में राज्य सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कोल डैम में जल क्रीड़ा गतिविधियां शुरू होने से क्षेत्र में पर्यटन को प्रोत्साहन मिलेगा और स्थानीय लोगों की आय में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रहे हैं।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
इस अवसर पर शिमला में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष भवानी सिंह पठानिया और महाधिवक्ता अनूप रतन उपस्थित रहे।
वहीं, जिला मंडी के ऐहन में जल प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष शशि शर्मा, उपायुक्त अपूर्व देवगन और अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube