23 से 25 अक्टूबर तक चलेगी प्रतियोगिता, पहले दिन 100 मीटर दौड़ में बाल खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के बनीखेत खेल मैदान में शुक्रवार को प्रथम जूनियर नेशनल टेराथॉन चैंपियनशिप-2026 का शुभारंभ हुआ। 23 से 25 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली इस राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में देश के 14 राज्यों के बाल खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि एनएचपीसी बनीखेत के कार्यकारी निदेशक राजिल व्यास ने किया। इस अवसर पर टेराथॉन फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव प्रशांत शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
दोनों अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और समर्पण के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
पहले दिन 100 मीटर दौड़ रही आकर्षण का केंद्र
प्रतियोगिता के पहले दिन 100 मीटर दौड़ स्पर्धा आयोजित की गई। बालक वर्ग की 100 मीटर फाइनल रेस में डलहौजी पब्लिक स्कूल के शुभम और कर्मा, आंध्र प्रदेश के ध्रुवा पी. तथा हरियाणा के लक्ष्य चहर ने अपने प्रदर्शन से दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
वहीं, बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में डलहौजी पब्लिक स्कूल की मौमिता ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अग्रिम स्थान हासिल किया। हिमाचल प्रदेश की मुस्कान के अलावा तमिलनाडु की रचिता, लक्ष्मी, मोहिनी और हेमलता ने भी अपनी प्रतिभा और खेल भावना का परिचय दिया।
आगामी दिनों में होंगी अन्य स्पर्धाएं
प्रतियोगिता के आगामी चरणों में 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ सहित अन्य निर्धारित स्पर्धाओं का आयोजन किया जाएगा। इस प्रतियोगिता के माध्यम से युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और राष्ट्रीय स्तर पर अनुभव हासिल करने का अवसर मिल रहा है।
एसोसिएशन के पदाधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर टेराथॉन एसोसिएशन ऑफ हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष विनीत विज, महासचिव नवीन मेहता, उपाध्यक्ष विपन राजपूत, बालक राम, विनोद मेहता, परवीन कुमार सहित एसोसिएशन के अन्य पदाधिकारी और आयोजन से जुड़े सदस्य उपस्थित रहे।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले अतिथियों, अधिकारियों, प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। एसोसिएशन ने उम्मीद जताई कि यह चैंपियनशिप हिमाचल प्रदेश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और देशभर के उभरते खिलाड़ियों को राष्ट्रीय मंच प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube