भाजपा विधायक प्रकाश राणा ने लडभड़ोल की मतेहड़ पंचायत में बूथ स्तरीय जनसंपर्क अभियान के दौरान प्रदेश की सुक्खू सरकार पर जोगिंदरनगर के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार क्षेत्र के विकास को लेकर गंभीर नहीं है और जोगिंदरनगर के साथ बदले की भावना से काम किया जा रहा है।
प्रकाश राणा ने दावा किया कि प्रदेश के इतिहास में यह पहली बार है, जब किसी मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में एक भी नए विकास कार्य का शिलान्यास या उद्घाटन नहीं किया। उन्होंने 40 हजार करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज लेने के बावजूद जोगिंदरनगर में विकास कार्य ठप होने पर भी सवाल उठाए।
विधायक ने नेरी-लडभड़ोल सड़क की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि 5जी केबल बिछाने के लिए कंपनी से मिले 10 से 11 करोड़ रुपये और आपदा राहत की राशि मिलाकर करीब 18 से 19 करोड़ रुपये के बजट का कोई अता-पता नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि करीब 85 किलोमीटर लंबी सड़क पर न तो नालियों का निर्माण हुआ और न ही डंगे लगाए गए। इसके चलते बरसात के दौरान भारी नुकसान हुआ।
पंडोल स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्था सुधारने का आश्वासन
प्रकाश राणा ने पंडोल स्वास्थ्य केंद्र की बदहाल व्यवस्था का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने इस पर चिंता जताते हुए कहा कि वह मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) और स्वास्थ्य मंत्री से मिलकर स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए प्रयास करेंगे।
उन्होंने प्रदेश सरकार से जोगिंदरनगर क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने और सड़क व स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का समाधान करने की मांग की।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube