कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चंद्र कुमार की अध्यक्षता में आयोजन, भवानी सिंह पठानिया ने कहा—जनहित के मामलों का त्वरित निदान सरकार की प्राथमिकता
कांगड़ा जिले के फतेहपुर में शुक्रवार को कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चंद्र कुमार की अध्यक्षता में ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में फतेहपुर के विधायक भवानी सिंह पठानिया विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित लोगों की समस्याएं सुनी गईं और उनके मौके पर ही निपटारे का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करने और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता देते हुए उनका नियमानुसार समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।
मंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय से विकास कार्यों को गति मिलती है और जनता का प्रशासन पर विश्वास मजबूत होता है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे अपनी समस्याएं और विकास संबंधी सुझाव ऐसे मंचों के माध्यम से प्रशासन के समक्ष रखें।
दूध के न्यूनतम मूल्य और मिल्क प्लांट की क्षमता पर कही बात
प्रो. चंद्र कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार ने किसानों और पशुपालकों के हितों को ध्यान में रखते हुए भैंस के दूध का न्यूनतम मूल्य 71 रुपये और गाय के दूध का न्यूनतम मूल्य 61 रुपये निर्धारित किया है। उन्होंने कहा कि सरकार कृषि एवं पशुपालन क्षेत्र को मजबूत करने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रयासरत है।
उन्होंने बताया कि ढगवार मिल्क प्लांट की प्रसंस्करण क्षमता बढ़ाई गई है। जल्द ही यहां प्रतिदिन डेढ़ लाख लीटर दूध के प्रसंस्करण की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे दूध और विभिन्न दुग्ध उत्पादों के उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा तथा दुग्ध उत्पादकों को लाभ होगा।
जनसमस्याओं का त्वरित निदान सरकार की प्राथमिकता: भवानी सिंह पठानिया
फतेहपुर के विधायक भवानी सिंह पठानिया ने कहा कि ‘सरकार गांव के द्वार’ जैसे कार्यक्रम सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम हैं। इनके जरिए लोगों को अपनी समस्याएं संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के समक्ष रखने तथा समाधान की प्रक्रिया में तेजी लाने का अवसर मिलता है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान, जनहित से जुड़े मामलों के त्वरित निपटारे और ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 में छतर जोगियां में आयोजित इसी कार्यक्रम के तहत प्राप्त 107 जनसमस्याओं का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित किया गया था।
विधायक ने कहा कि फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र की विकास संबंधी आवश्यकताओं को सरकार के समक्ष प्रमुखता से उठाया जा रहा है। सड़क, पेयजल, सिंचाई, स्वास्थ्य और शिक्षा सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने अधिकारियों से लोगों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता से लेते हुए जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आग्रह किया, ताकि आम जनता को अपने कार्यों के लिए सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न काटने पड़ें।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube