मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

रामपुर के नोगली में सीएम सुक्खू के बड़े ऐलान, 6 महीने में 4 हजार शिक्षकों की होगी भर्ती

सार

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने रामपुर के नोगली में जनसभा को संबोधित करते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, कर्मचारियों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़े कई ऐलान किए। उन्होंने आगामी छह माह में 4 हजार और शिक्षकों की नियुक्ति की बात कही।

TV Incharge

4 मिनट
रामपुर के नोगली में सीएम सुक्खू के बड़े ऐलान, 6 महीने में 4 हजार शिक्षकों की होगी भर्ती

सुक्खू बोले- अब तक 10 हजार से अधिक शिक्षकों की भर्ती, इसी माह लागू होगी ‘अपना परिवार, सुखी परिवार’ योजना

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को जिला शिमला के रामपुर विधानसभा क्षेत्र के नोगली में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को लेकर कई घोषणाएं कीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार के वर्तमान कार्यकाल में अब तक 10 हजार से अधिक शिक्षकों की भर्ती की जा चुकी है और आगामी छह माह में 4 हजार और शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी।

उन्होंने कहा कि गुणात्मक शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रदेश में 150 से अधिक सीबीएसई स्कूल खोले गए हैं, जहां करीब 2 हजार शिक्षकों की नियुक्ति की जा चुकी है।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को घर-द्वार के निकट बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। इसके अलावा हिमाचल स्कूल शिक्षा बोर्ड से संबद्ध 300 विद्यालयों को स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित किया जा रहा है।

सुक्खू ने कहा कि वर्ष 2021 में पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में गुणात्मक शिक्षा के क्षेत्र में हिमाचल प्रदेश 21वें स्थान पर था, जबकि वर्तमान सरकार के प्रयासों से प्रदेश अब पांचवें स्थान पर पहुंच गया है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी चिकित्सा महाविद्यालयों और अटल मेडिकल सुपर स्पेशियलिटी संस्थान चमियाना को आधुनिक तकनीक से लैस किया जा रहा है। एम्स की तर्ज पर अत्याधुनिक मशीनें स्थापित की जा रही हैं और 19 वर्ष पुरानी मशीनों को चरणबद्ध तरीके से बदला जा रहा है। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों की कमी दूर करने के लिए 500 चिकित्सकों की नियुक्ति की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी सरकारी कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ दिया गया है और कांग्रेस सरकार के सत्ता में रहने तक इसे बंद नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आउटसोर्स कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए राज्य सरकार नीति तैयार करने पर काम कर रही है।

करुणामूलक आधार पर रोजगार के पात्र मामलों में लगभग 70 प्रतिशत मामलों का समाधान करते हुए पात्र व्यक्तियों को रोजगार प्रदान किया जा चुका है।

सुक्खू ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार को पूर्व भाजपा सरकार से 76 हजार करोड़ रुपये का कर्ज और कर्मचारियों से संबंधित करीब 10 हजार करोड़ रुपये की देनदारियां विरासत में मिलीं।

उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व सरकार ने अपने कार्यकाल के अंतिम छह माह में 5 हजार करोड़ रुपये से अधिक की घोषणाएं कीं, लेकिन इनके लिए आवश्यक स्टाफ और आधारभूत ढांचा उपलब्ध नहीं करवाया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश का धन जनता का है और सरकार का उद्देश्य इसका उपयोग जनकल्याण एवं विकास के लिए करना है।

मुख्यमंत्री ने किशाऊ बहुउद्देशीय परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश के हितों के अनुरूप समझौता लागू करवाया गया है, जिससे बिजली उत्पादन के लिए 3 से 5 हजार करोड़ रुपये के संभावित व्यय की बचत हुई है।

उन्होंने कहा कि परियोजना के निर्माण के बाद प्रदेश के खजाने में प्रतिवर्ष लगभग 1,500 करोड़ रुपये की आय होने की उम्मीद है। उन्होंने वाइल्ड फ्लावर हॉल मामले में प्रदेश सरकार को मिली सफलता और राज्य के खजाने में 401 करोड़ रुपये आने की बात भी कही।

इसके अलावा कड़छम वांगतू परियोजना से रॉयल्टी के माध्यम से हिमाचल को प्रतिवर्ष लगभग 150 करोड़ रुपये की आय सुनिश्चित होने की बात कही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इसी माह ‘अपना परिवार, सुखी परिवार’ योजना लागू करने जा रही है। योजना के तहत पात्र महिलाओं को 1,500 रुपये प्रतिमाह की आर्थिक सहायता और पात्र परिवारों को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली उपलब्ध करवाने का प्रावधान किया जाएगा। उन्होंने जनसभा में उपस्थित महिला मंडलों को सामान खरीदने के लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध करवाने की घोषणा भी की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना के तहत 15 लाभार्थियों को आर्थिक सहायता प्रदान की। सुख आश्रय योजना के तहत तीन लाभार्थियों को गृह निर्माण के लिए 3-3 लाख रुपये तथा एक लाभार्थी को 1 लाख रुपये की किस्त प्रदान की गई। इसी योजना के तहत एक अन्य लाभार्थी को 16 हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई।

इस अवसर पर सातवें राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष नंदलाल, अध्यक्ष हिमकोन विकेश चौहान, पूर्व विधायक किशोरी लाल, अध्यक्ष मिल्कफेड बुद्धि सिंह ठाकुर, हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर, राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष देवेंद्र श्याम,

कांग्रेस पार्टी के उपाध्यक्ष परस राम, कांग्रेस नेता बृज लाल, मंडल अध्यक्ष लालचंद शर्मा, उपायुक्त अनुपम कश्यप, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह और अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें