मुख्य सामग्री पर जाएं
रविवार, 29 नवंबर 2026

नादौन में 17.52 करोड़ से बनेगा राजकीय स्कूल का नया भवन, CM सुक्खू ने रखी आधारशिला

सार

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हमीरपुर के नादौन में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के नए भवन की आधारशिला रखी। 17.52 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले आधुनिक भवन में छह कक्षाएं, सात प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय, संगीत, नृत्य और कला कक्ष सहित कई सुविधाएं उपलब्ध होंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए 30 सितंबर तक अतिरिक्त शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी।

4 मिनट
नादौन में 17.52 करोड़ से बनेगा राजकीय स्कूल का नया भवन, CM सुक्खू ने रखी आधारशिला

आधुनिक स्कूल परिसर में 7 प्रयोगशालाओं समेत मिलेंगी कई सुविधाएं, 30 सितंबर तक अतिरिक्त शिक्षकों की नियुक्ति का ऐलान

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जिला हमीरपुर के नादौन में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के नए भवन की आधारशिला रखी। नए भवन का निर्माण करीब 17.52 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि मौजूदा स्कूल भवन काफी पुराना हो चुका है, इसलिए विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए नए परिसर का निर्माण किया जा रहा है।

नए भवन का निर्माण इस वर्ष दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नया स्कूल परिसर आधुनिक, विशाल और आकर्षक होगा, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और सुविधाएं मिल सकेंगी।

स्कूल भवन में मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

नए स्कूल भवन में छह कक्षाओं के अलावा सात प्रयोगशालाएं, दो स्टाफ रूम, प्रधानाचार्य कार्यालय, बिजली कक्ष, एनएसएस कक्ष, सम्मेलन कक्ष, पुस्तकालय और नियंत्रण कक्ष बनाया जाएगा। इसके साथ ही विद्यार्थियों के लिए संगीत, नृत्य और कला कक्ष सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।

30 सितंबर तक अतिरिक्त शिक्षकों की नियुक्ति

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के स्कूलों में शिक्षकों की भर्ती पूरी तरह योग्यता और मेरिट के आधार पर की जा रही है। शिक्षकों की कमी दूर करने और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 30 सितंबर तक अतिरिक्त शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने को प्राथमिकता दे रही है। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को घर के नजदीक ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

नादौन में विकसित होगा अत्याधुनिक खेल परिसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि नादौन में अत्याधुनिक खेल परिसर भी विकसित किया जा रहा है। इसमें करीब 14 इनडोर खेलों के लिए सुविधाएं उपलब्ध होंगी। सरकार खेल पर्यटन को बढ़ावा देकर क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करने की दिशा में काम कर रही है।

ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और लोगों की आय बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ लोगों के लिए स्थायी आजीविका और रोजगार के अवसर पैदा करने के लिए कई योजनाएं लागू की जा रही हैं।

हमीरपुर में बनेगा एलाइड एंड हेल्थ केयर मेडिकल कॉलेज

मुख्यमंत्री ने बताया कि हमीरपुर जिले में एम्स स्तर का आयुर्वेदिक संस्थान स्थापित करने की दिशा में काम चल रहा है। इसके लिए करीब 74 बीघा भूमि चिन्हित की गई है और निर्माण के लिए निविदा प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है।

उन्होंने कहा कि इस परियोजना के लिए हिमाचल प्रदेश देश के पांच शॉर्टलिस्ट किए गए राज्यों में शामिल है। इसके अलावा हमीरपुर में एलाइड एंड हेल्थ केयर मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।

ब्यास किनारे 250 करोड़ से विकसित होगा घाट

मुख्यमंत्री ने कहा कि नादौन पुल के पास ब्यास नदी के किनारे करीब 250 करोड़ रुपये की लागत से नया घाट विकसित किया जाएगा। इसके साथ ही बस स्टैंड को भी स्तरोन्नत किया जाएगा, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से नादौन में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

जनता की समस्याओं के समाधान पर सरकार का जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार लोगों को बेहतर सुविधाएं और सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। जनता की समस्याओं का शीघ्र समाधान और सरकारी सेवाओं की त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासनिक एवं कानूनी अड़चनों को दूर किया जा रहा है।

उन्होंने नादौन की जनता का लगातार मिल रहे स्नेह और समर्थन के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लोगों के प्यार और विश्वास ने उन्हें मुख्यमंत्री के पद तक पहुंचाया है और वह क्षेत्र के विकास एवं लोगों के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।

कार्यक्रम में विधायक संजय रतन, हिमाचल प्रदेश अन्य पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास निगम के उपाध्यक्ष डॉ. मोहन लाल, हिमाचल प्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, कांग्रेस नेता सुभाष ढटवालिया, कैप्टन पृथ्वी चंद, अतिरिक्त उपायुक्त अभिषेक गर्ग, पुलिस अधीक्षक बलबीर सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें