मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

तकनीकी संस्थानों में नियुक्त होंगे शारीरिक शिक्षा और संगीत अध्यापक, विद्यार्थियों के समग्र विकास पर फोकस: राजेश धर्माणी

सार

तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने कलोल पॉलीटेक्निक में 10 किलोवाट सोलर रूफटॉप सिस्टम और इंक्यूबेशन सेंटर का लोकार्पण किया। उन्होंने तकनीकी संस्थानों में खेल और संगीत शिक्षकों की नियुक्ति की जानकारी दी। विद्यार्थियों के नवाचार व स्टार्टअप के लिए 2 करोड़ रुपये के इनोवेशन फंड की भी जानकारी दी।

TV Incharge

4 मिनट
तकनीकी संस्थानों में नियुक्त होंगे शारीरिक शिक्षा और संगीत अध्यापक, विद्यार्थियों के समग्र विकास पर फोकस: राजेश धर्माणी

कलोल पॉलीटेक्निक में 10 किलोवाट सोलर रूफटॉप सिस्टम व इंक्यूबेशन सेंटर का लोकार्पण; नवाचार और स्टार्टअप के लिए 2 करोड़ का इनोवेशन फंड

तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा है कि प्रदेश सरकार तकनीकी शिक्षा को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित रखने के बजाय विद्यार्थियों के चहुंमुखी और समग्र विकास पर ध्यान केंद्रित कर रही है।

उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य से प्रदेश के तकनीकी संस्थानों में शारीरिक शिक्षा और संगीत अध्यापकों की तैनाती करने का निर्णय लिया गया है। इस व्यवस्था को इसी वर्ष लागू करने का प्रयास किया जा रहा है।

राजेश धर्माणी ने शनिवार को बिलासपुर के कलोल स्थित परमवीर चक्र कैप्टन संजय कुमार राजकीय बहुतकनीकी कॉलेज में के.के. फाउंडेशन के माध्यम से स्थापित 10 किलोवाट क्षमता के ऑन-ग्रिड सोलर रूफटॉप सिस्टम और सोलर इंक्यूबेशन सेंटर का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में परमवीर चक्र विजेता कैप्टन संजय कुमार और के.के. फाउंडेशन के चेयरमैन के.के. कश्यप भी विशेष रूप से मौजूद रहे।

मंत्री ने सोलर रूफटॉप सिस्टम और इंक्यूबेशन सेंटर स्थापित करने के लिए के.के. फाउंडेशन के अध्यक्ष के.के. कश्यप का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इसी तरह का एक अन्य ऑन-ग्रिड सोलर रूफटॉप सिस्टम और सोलर इंक्यूबेशन सेंटर राजकीय हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज बंदला में भी स्थापित किया जा चुका है।

राजेश धर्माणी के अनुसार कलोल कॉलेज में सोलर सिस्टम स्थापित होने से बिजली बिल में लगभग 70 प्रतिशत तक की कमी आई है। उन्होंने कहा कि ऐसी पर्यावरण-अनुकूल पहल संस्थानों के खर्च को कम करने के साथ विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान का आधुनिक मंच भी उपलब्ध करवाती हैं।

खेल, संगीत और एनसीसी पर जोर

तकनीकी शिक्षा मंत्री ने कहा कि संगीत विद्यार्थियों में रचनात्मकता और मानसिक संतुलन विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए तकनीकी संस्थानों में संगीत शिक्षकों की व्यवस्था की जा रही है।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए खेल शिक्षकों की तैनाती भी की जाएगी। इसके अलावा तकनीकी संस्थानों में एनसीसी शुरू करने के प्रयास भी किए जाएंगे।

उन्होंने तकनीकी शिक्षण संस्थानों के उत्कृष्ट अध्यापकों को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य पुरस्कार की व्यवस्था शुरू किए जाने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस वर्ष कड़े और निष्पक्ष मूल्यांकन मापदंडों के आधार पर पांच उत्कृष्ट शिक्षकों को राज्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।

नवाचार और स्टार्टअप के लिए 2 करोड़ का फंड

राजेश धर्माणी ने कहा कि विद्यार्थियों के नवाचार और स्टार्टअप विचारों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रदेश सरकार ने दो करोड़ रुपये का इनोवेशन फंड शुरू किया है। इसके तहत ऐसी व्यवहारिक परियोजनाओं और स्टार्टअप विचारों को सहायता दी जाएगी, जो किसी समस्या का समाधान करने के साथ-साथ व्यावसायिक संभावनाएं भी रखते हों।

उन्होंने बताया कि एक स्टार्टअप के लिए अधिकतम 10 लाख रुपये तक की वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाने का प्रावधान किया गया है। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों के विचारों को विकसित करने, उनका मार्गदर्शन करने और उन्हें स्टार्टअप के लिए तैयार करने का आह्वान किया।

रोजगार सेतु प्लेटफॉर्म से उद्योगों और विद्यार्थियों को जोड़ने की तैयारी

तकनीकी शिक्षा मंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के लिए राज्य स्तर पर रोजगार सेतु प्लेटफॉर्म तैयार किया गया है। इसका उद्देश्य उद्योगों और तकनीकी संस्थानों को एक मंच पर लाना है, ताकि विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में उपलब्ध रोजगार के अवसरों की जानकारी विद्यार्थियों तक पहुंचाई जा सके।

74 विद्यार्थियों को कजाकिस्तान और जापान की एक्सपोजर विजिट

राजेश धर्माणी ने कहा कि विद्यार्थियों को वैश्विक तकनीकी विकास से परिचित करवाने के लिए अंतरराष्ट्रीय एक्सपोजर विजिट आयोजित की जा रही हैं। अब तक आईटीआई और इंजीनियरिंग संस्थानों के 74 विद्यार्थियों को कजाकिस्तान और जापान की एक्सपोजर विजिट करवाई जा चुकी है। इनमें 30 विद्यार्थी कजाकिस्तान और 44 विद्यार्थी जापान गए हैं।

उन्होंने कहा कि इन यात्राओं का उद्देश्य विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की तकनीकी शिक्षा, उद्योग, नवाचार और कार्य संस्कृति से परिचित करवाना है। आगामी चरण में पॉलिटेक्निक और फार्मेसी के विद्यार्थियों को भी अंतरराष्ट्रीय एक्सपोजर विजिट पर भेजा जाएगा। इसके लिए निर्धारित पात्रता और मेरिट के आधार पर विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा।

कलोल कॉलेज में खेल मैदान और नए पाठ्यक्रम पर भी फोकस

मंत्री ने कहा कि कलोल कॉलेज में बेहतर मंच और खेल मैदान का विकास किया जाएगा। इसके साथ ही कंप्यूटर साइंस का नया पाठ्यक्रम सरकारी या निजी स्तर पर शुरू करने का प्रयास किया जाएगा।

इस अवसर पर के.के. फाउंडेशन के अध्यक्ष के.के. कश्यप, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव विवेक कुमार और परमवीर चक्र विजेता कैप्टन संजय कुमार ने भी अपने विचार रखे। इससे पहले कॉलेज की प्राचार्य अनिता जोशी ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और कॉलेज की विस्तृत जानकारी दी।

कार्यक्रम में सेवानिवृत्त कर्नल जसवंत सिंह चंदेल, जिला कोऑपरेटिव सोसायटी के चेयरमैन रणजीत कश्यप, एसडीएम अर्शिया शर्मा, संयुक्त निदेशक तकनीकी शिक्षा दिनेश शर्मा, कॉलेज प्राचार्य अनिता जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कॉलेज के अध्यापक और अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

  • शारीरिक शिक्षा
  • संगीत
  • तकनीकी शिक्षा
  • समग्र विकास
  • सौर ऊर्जा
  • इनोवेशन फंड
  • राजेश धर्माणी
  • छात्र विकास

इस खबर को शेयर करें