धर्मपुर में छात्रा खेलकूद प्रतियोगिता के समापन पर बोले शिक्षा मंत्री, कॉलेज में बहुद्देशीय हॉल के लिए 2 करोड़ और सिद्धपुर खेल मैदान के लिए 25 लाख देने की घोषणा
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार सरकारी स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
वर्तमान सरकार के कार्यकाल में शिक्षा विभाग में लगभग 10 हजार नियुक्तियां की जा चुकी हैं, जबकि इस वर्ष 5 हजार अतिरिक्त शिक्षकों की नियुक्तियां करने का लक्ष्य रखा गया है।
इसके पूरा होने पर कुल नियुक्तियों का आंकड़ा लगभग 15 हजार तक पहुंच जाएगा। शिक्षा मंत्री सोमवार को मंडी जिला के सिद्धपुर स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित 67वीं राज्यस्तरीय अंडर-19 छात्रा खेलकूद प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।
चार दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी 12 जिलों और तीन खेल छात्रावासों की लगभग 650 छात्रा खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में कबड्डी, वॉलीबॉल, खो-खो, ठोडो और कुराश सहित विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
रोहित ठाकुर ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित होती है। उन्होंने कहा कि हिमाचल की बेटियां खेलों में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं और उनकी भागीदारी बढ़ाने के लिए बेहतर प्रशिक्षण, सुविधाएं और अनुकूल वातावरण उपलब्ध करवाना आवश्यक है।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि पिछले वर्ष हिमाचल प्रदेश के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर 48 पदक हासिल किए थे। विभाग का लक्ष्य पदकों की संख्या को पहले 60 और उसके बाद 100 तक पहुंचाना है।
इस दिशा में खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने राजकीय उच्च पाठशाला बहरी में लगभग 40 लाख रुपये की लागत से निर्मित बैडमिंटन स्पोर्ट्स क्लब का उद्घाटन किया, जिसमें जिम की सुविधा भी उपलब्ध है।
इसके अलावा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सिद्धपुर में 15 लाख रुपये की लागत से बने बहुद्देशीय हॉल का उद्घाटन किया तथा हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के पुस्तक वितरण, सूचना एवं मार्गदर्शन केंद्र और नवनिर्मित परीक्षा भवन का शुभारंभ किया।
धर्मपुर में स्कूल शिक्षा बोर्ड का पुस्तक वितरण, सूचना एवं मार्गदर्शन केंद्र स्थापित होने से विद्यार्थियों, शिक्षकों और पुस्तक विक्रेताओं को सुविधा मिलेगी। यह बोर्ड का 25वां पुस्तक वितरण केंद्र है।
इसके माध्यम से विद्यार्थियों को पाठ्य-पुस्तकें और शिक्षा व परीक्षाओं से संबंधित जानकारी उपलब्ध होगी। पंजीकृत पुस्तक विक्रेताओं को भी पुस्तकों की आपूर्ति की जाएगी।
साथ ही शिक्षकों को नवीनतम पाठ्यक्रम, आदर्श प्रश्नपत्रों, शैक्षणिक सुविधाओं और प्रशिक्षण से संबंधित जानकारी उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी। केंद्र राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन में भी सहयोग करेगा।
रोहित ठाकुर ने राजकीय महाविद्यालय धर्मपुर में बहुद्देशीय हॉल के निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सिद्धपुर के खेल मैदान के विकास के लिए 25 लाख रुपये उपलब्ध करवाने की घोषणा भी की।
इसके अतिरिक्त टिहरा और बनेरड़ी के खेल मैदानों के विकास के लिए चालू वित्त वर्ष में धनराशि उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। प्रतियोगिता के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करने के लिए 15 हजार रुपये देने की घोषणा भी की।
उन्होंने कहा कि शिक्षा और खेल एक-दूसरे के पूरक हैं और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए दोनों को समान महत्व देना आवश्यक है।
इस अवसर पर धर्मपुर के विधायक चंद्रशेखर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सीबीएसई पैटर्न पर स्कूल शुरू होने से लोगों का विश्वास बढ़ा है और ग्रामीण परिवारों के बच्चों को बेहतर शिक्षा के अवसर मिलेंगे।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में सरकाघाट, मंडप, सुजाओ पिपलू, गद्दिधार और मढ़ी में इस व्यवस्था के तहत स्कूल शुरू किए गए हैं। उन्होंने शिक्षा की गुणवत्ता पर जोर देते हुए कहा कि केवल स्कूलों की संख्या बढ़ाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाना भी जरूरी है।
उन्होंने खेल सुविधाओं के विकास और वॉलीबॉल तथा बास्केटबॉल जैसे खेलों को प्रोत्साहन देने के लिए सरकार का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक बिलासपुर तिलक राज शर्मा, वरिष्ठ नेता डॉ. जय कुमार आजाद सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति तथा धर्मपुर प्रशासन के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube