नेशनल हाईवे-505 पर लिटीधार के पास हुआ हादसा, टक्कर के बाद सड़क पर पलटे तीनों वाहन; पूह थाना पुलिस ने शुरू की जांच
हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में नेशनल हाईवे-505 पर सोमवार दोपहर एक सड़क हादसा हो गया। मिलिंग के पास लिटीधार में सेना के दो ट्रकों और एक सिविल ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में सेना के चार जवान घायल हो गए, जबकि टक्कर के बाद तीनों वाहन सड़क पर पलट गए और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
जानकारी के अनुसार, हादसा सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे हुआ। सेना के दोनों ट्रक सीमा क्षेत्र की ओर जा रहे थे। इसी दौरान लिटीधार के पास उनकी एक सिविल ट्रक से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों वाहन सड़क पर पलट गए।
घायल जवानों को चांगो के नजदीकी अस्पताल पहुंचाया
हादसे के बाद घायल चारों जवानों को चांगो के नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। वहीं, सिविल ट्रक का चालक सुरक्षित बताया जा रहा है।
दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। राहत कार्य के दौरान घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई। प्रशासन और पुलिस की टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया और हादसे से संबंधित जानकारी जुटाई।
पूह थाना पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए पूह थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है। फिलहाल, सेना के दोनों ट्रकों और सिविल ट्रक के बीच टक्कर किस वजह से हुई, इसका स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। दुर्घटना के कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार शर्मा ने बताया कि मामले में कार्रवाई की जा रही है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube