मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

धर्मशाला के फव्वारा चौक पर अधूरी नाली बनी हादसे का कारण, बाइक समेत गिरा युवक

सार

धर्मशाला के फव्वारा चौक पर अधूरी नाली निर्माण के चलते शुक्रवार सुबह बाइक सवार हादसे का शिकार हो गया। घायल युवक को क्षेत्रीय अस्पताल धर्मशाला ले जाया गया। व्यापारियों की शिकायत के बाद एसडीएम ने लोक निर्माण विभाग को रविवार तक काम पूरा करने के निर्देश दिए।

TV Incharge

2 मिनट
धर्मशाला के फव्वारा चौक पर अधूरी नाली बनी हादसे का कारण, बाइक समेत गिरा युवक

निर्माण कार्य के दौरान बाइक सवार घायल, व्यापारियों ने जल्द काम पूरा करने की मांग की; SDM ने रविवार तक काम खत्म करने के दिए निर्देश

धर्मशाला के फव्वारा चौक पर पिछले कई दिनों से चल रहा नाली निर्माण कार्य लोगों और दुकानदारों के लिए परेशानी का कारण बनता जा रहा है। शुक्रवार सुबह निर्माण कार्य अधूरा होने के चलते एक बाइक सवार हादसे का शिकार हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवार का पैर एक तरफ लगाए गए लोहे के जाल के कारण फिसल गया, जिससे वह बाइक समेत नीचे गिर गया। हादसे में उसके पैर में गंभीर चोट आने की बात कही जा रही है। उसे उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल धर्मशाला ले जाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।

स्थानीय व्यापारियों की सूचना पर मौके पर पहुंचे एसडीएम ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारी को फोन कर निर्माण कार्य रविवार तक पूरा करने के निर्देश दिए। धर्मशाला व्यापार मंडल कोतवाली बाजार के प्रधान अनुज कश्यप ने बताया कि फव्वारा चौक की पुरानी नाली लंबे समय से बंद थी,

जिसके कारण बाजार में पानी की समस्या बनी हुई थी। व्यापार मंडल की ओर से एसडीएम और लोक निर्माण विभाग से नाली की समस्या दूर करने की मांग की गई थी, जिसके बाद निर्माण कार्य शुरू हुआ।

अनुज कश्यप के अनुसार प्रशासन की ओर से काम पूरा करने के लिए पांच दिन का समय दिया गया था, लेकिन बारिश और अन्य विभागों की पाइपलाइन से जुड़े कार्यों के कारण निर्माण में देरी हुई। उनका आरोप है कि पाइपों की गहराई निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं होने के कारण भी काम प्रभावित हुआ।

टी स्टॉल संचालक प्रदीप कुमार ने बताया कि हादसा उनकी दुकान के सामने हुआ। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य काफी धीमी गति से चल रहा है और अधूरी नाली के कारण लोगों को आवाजाही में परेशानी हो रही है। दुकानदारों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य को जल्द पूरा किया जाए, ताकि किसी और हादसे की नौबत न आए।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

  • नाली निर्माण
  • बाइक सवार
  • व्यापारियों की मांग
  • स्थानीय प्रशासन
  • क्षेत्रीय अस्पताल

इस खबर को शेयर करें