शल्यूंड नाले के पास हुआ हादसा, तीन वर्षीय बेटे की गंभीर हालत के चलते टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर; क्रैश बैरियर न होने पर उठे सवाल
चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा-संघणी मार्ग पर रविवार सुबह करीब 11 बजे शल्यूंड नाले के समीप एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में 33 वर्षीय अध्यापिका पुनीता देवी की मौत हो गई, जबकि उनके पति, छह वर्षीय बेटी, तीन वर्षीय बेटा और परिवार की एक अन्य महिला घायल हो गई। गंभीर रूप से घायल बेटे को मेडिकल कॉलेज चंबा से टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
बणी गांव से सलूणी जाते समय हुआ हादसा
पुनीता देवी निवासी बणी गांव, पंचायत सलूणी, टिकरू स्कूल में अध्यापिका थीं। उनके पति हरिंद्र कुमार (38) सलूणी कॉलेज में क्लर्क के पद पर तैनात हैं। जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह परिवार अपने गांव बणी से कार में सलूणी की ओर जा रहा था। इसी दौरान शल्यूंड नाले के पास चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और कार गहरी खाई में जा गिरी।
अस्पताल पहुंचने पर अध्यापिका को मृत घोषित किया
हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कार में फंसे घायलों को बाहर निकालकर सिविल अस्पताल सलूणी पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने पुनीता देवी को मृत घोषित कर दिया। हादसे में उनके पति हरिंद्र कुमार, छह वर्षीय बेटी शानवी, तीन वर्षीय बेटे समर्थ और हरिंद्र की भाभी रेखा (56), पत्नी दौलत राम, घायल हो गए।
गंभीर हालत में बेटे को टांडा किया रेफर
सिविल अस्पताल सलूणी में प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को मेडिकल कॉलेज चंबा रेफर किया गया। वहां समर्थ की हालत में सुधार नहीं होने पर रविवार दोपहर उसे कांगड़ा जिले के टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। डीएसपी रंजन शर्मा ने बताया कि एसएचओ के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। उन्होंने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
क्रैश बैरियर होते तो खाई में गिरने से बच सकती थी कार
चंबा-संघणी मार्ग पर शल्यूंड नाले के पास हुए हादसे के बाद सड़क सुरक्षा के इंतजामों पर सवाल उठने लगे हैं। दुर्घटना में एक महिला की जान चली गई, जबकि परिवार के अन्य सदस्य घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने दुर्घटना की आशंका वाले स्थानों पर क्रैश बैरियर लगाने की आवश्यकता जताई है।
सलूणी पंचायत के प्रधान मदन मोहन शर्मा ने बताया कि चंबा-संघणी मार्ग के इस हिस्से में क्रैश बैरियर नहीं हैं। इस समस्या के बारे में पहले भी लोक निर्माण विभाग को अवगत करवाया जा चुका है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने बताया कि दुर्घटना संभावित स्थानों पर क्रैश बैरियर लगाने के लिए विभाग को दोबारा प्रस्ताव भेजा जाएगा, ताकि सड़क पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा सकें।
उधर, लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता अजय कुमार ने बताया कि मामला विभाग के ध्यान में लाया गया है। संबंधित स्थान पर जल्द क्रैश बैरियर लगवाने की व्यवस्था की जाएगी। वहीं, तहसीलदार अभिराय सिंह ठाकुर ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाली महिला के परिजनों को प्रशासन की ओर से 25 हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की गई है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube
Chamba News, Himachal Pradesh News, Chamba Car Accident, Sanghani Road Accident, Punita Devi, Shalyund Nala Accident, Road Accident Himachal, Teacher Death, Tanda Medical College, Salooni News, Road Safety, Crash Barrier