कांग्रेस हाईकमान करेगा उम्मीदवारों पर फैसला, अनुशासनहीनता और पार्टी लाइन से हटकर काम करने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने मंडी में संगठनात्मक बैठक के दौरान पार्टी नेताओं को सख्त संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पिछले दो-तीन चुनावों में लगातार हारने वाले नेताओं को दोबारा टिकट या पद देने से पहले उनके कामकाज की गहन समीक्षा की जाएगी। अब नए और जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं को आगे लाने का समय है।
पाटिल ने स्पष्ट किया कि उम्मीदवारों के चयन का अधिकार किसी एक व्यक्ति के पास नहीं है। उन्होंने कहा कि न तो उनके, न मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू और न ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार के हाथ में किसी को टिकट या पद देने की शक्ति है। इस संबंध में अंतिम फैसला कांग्रेस हाईकमान करेगा।
उन्होंने कहा कि सभी नेताओं के कामकाज के सकारात्मक और नकारात्मक पहलुओं को हाईकमान के सामने रखा जाएगा। केंद्रीय नेतृत्व का निर्णय ही सर्वोपरि होगा।
पार्टी लाइन से हटकर काम करने वालों पर होगी कार्रवाई
पार्टी में अनुशासनहीनता को लेकर रजनी पाटिल ने चेतावनी दी कि इंटरनेट मीडिया पर बयानबाजी करने या पार्टी लाइन से हटकर काम करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर काम करने की अपील की।
पाटिल ने कहा कि सभी को साथ लेकर चलना होगा। यदि नेता और कार्यकर्ता एकजुट होकर काम नहीं करेंगे, तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।
मिशन रिपीट के लिए जमीन पर मेहनत जरूरी
आगामी चुनावी चुनौतियों का जिक्र करते हुए रजनी पाटिल ने कहा कि केवल कागजी दावों या एक नारे को बार-बार दोहराने से सरकार रिपीट नहीं होगी। लक्ष्य हासिल करने के लिए जमीन पर उतरकर कड़ी मेहनत करनी होगी।
उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नेता कौल सिंह ठाकुर के साथ मिलकर पार्टी को मजबूत करने के लिए वह हर क्षेत्र का दौरा करेंगी। जनता की राय के आधार पर ही मजबूत उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा।
दिल्ली रैली की तैयारियों पर भी चर्चा
बैठक में एक नवंबर को दिल्ली में होने वाली रैली की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं से हिमाचली टोपी पहनकर रैली में शामिल होने को कहा गया।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube