मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

राष्ट्रीय खेल दिवस पर अनुराग ठाकुर ने खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला, सरकार पर भी साधा निशाना

सार

राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर हमीरपुर के अनु सिंथेटिक ट्रैक में कार्यक्रम आयोजित किया गया। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने मेजर ध्यानचंद को याद करते हुए खेलो इंडिया और खिलाड़ियों को मिल रही सुविधाओं पर बात की। साथ ही मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के आरडीजी को लेकर दिए बयानों और प्रदेश में लॉटरी शुरू करने के मुद्दे पर कांग्रेस सरकार को घेरा।

3 मिनट
राष्ट्रीय खेल दिवस पर अनुराग ठाकुर ने खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला, सरकार पर भी साधा निशाना

हमीरपुर के अनु सिंथेटिक ट्रैक में हुआ कार्यक्रम, मेजर ध्यानचंद को किया याद; लॉटरी और खेल बजट को लेकर प्रदेश सरकार पर उठाए सवाल

राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य पर शनिवार को हमीरपुर के अनु सिंथेटिक ट्रैक में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर के सांसद अनुराग ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।

आयोजन स्थल पर पहुंचने पर खिलाड़ियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इस दौरान डीएवी स्कूल के शानदार बैंड ने भी सांसद अनुराग ठाकुर के समक्ष प्रस्तुति दी। अनुराग ठाकुर ने खेल प्रतियोगिताओं के अंतिम मैच के लिए फ्लैग ऑफ कर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों को शुभकामनाएं देते हुए अनुराग ठाकुर ने हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती पर उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि मेजर ध्यानचंद ने आजादी से पहले ही भारत को ओलंपिक में तीन स्वर्ण पदक दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और देश का नाम दुनिया में रोशन किया।

उन्होंने कहा कि हमीरपुर का साइ सेंटर भी पिछले कुछ वर्षों में खेल के क्षेत्र में शानदार परिणाम दे रहा है और यहां से प्रतिभाशाली खिलाड़ी सामने आ रहे हैं।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार खेलों और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने खेलो इंडिया और खेलो इंडिया 2.0 का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेल क्षेत्र के बजट में बढ़ोतरी की गई है।

उन्होंने कहा कि देश में खेल प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं और अवसर देने के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों का उत्साह भी बढ़ाया जा रहा है।

इस दौरान अनुराग ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के आरडीजी को लेकर दिए गए बयानों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने प्रदेश सरकार पर वित्तीय कुप्रबंधन का आरोप लगाते हुए कहा कि हिमाचल पर लगातार कर्ज का बोझ बढ़ रहा है और सरकार के पास इससे निपटने के लिए कोई स्पष्ट एवं दूरदर्शी योजना नहीं दिखाई दे रही है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस जैसे अवसर पर सकारात्मक चर्चा होनी चाहिए, लेकिन प्रदेश सरकार की ओर से खेलों के लिए व्यापक बजट और प्रभावी योजना पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए।

अनुराग ठाकुर ने प्रदेश में लॉटरी शुरू करने के मुद्दे को लेकर भी कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार नशे की रोकथाम में प्रभावी कदम उठाने में विफल रही है और अब युवाओं को लॉटरी के जरिए एक नए प्रकार के जाल में धकेलने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि हिमाचल के युवाओं को खेल, शिक्षा, रोजगार और कौशल विकास के अवसर उपलब्ध करवाने की जरूरत है, न कि उन्हें लॉटरी जैसी गतिविधियों की ओर ले जाने की। उन्होंने प्रदेश सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताते हुए कहा कि सरकार को युवाओं के भविष्य और खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें