मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

बिलासपुर में अंडर-14 ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता शुरू, 24 स्कूलों के 286 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा

सार

बिलासपुर के महराणा स्कूल में घुमारवीं ब्लॉक-1 की अंडर-14 छात्र वर्ग की ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने किया। प्रतियोगिता में 24 स्कूलों के 286 खिलाड़ी वॉलीबॉल, कबड्डी, खो-खो, कुश्ती, बैडमिंटन और शतरंज में प्रतिभा दिखा रहे हैं।

4 मिनट
बिलासपुर में अंडर-14 ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता शुरू, 24 स्कूलों के 286 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा

तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने किया प्रतियोगिता का शुभारंभ, खिलाड़ियों को दी खेल और नशे से दूर रहने की सीख

नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने शनिवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला महराणा में घुमारवीं ब्लॉक-1 की अंडर-14 छात्र वर्ग की ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।

इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्कूलों से पहुंचे खिलाड़ियों की ओर से प्रस्तुत मार्च पास्ट की सलामी ली और सभी प्रतिभागियों को प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।

प्रतियोगिता में घुमारवीं ब्लॉक-1 के 24 स्कूलों से कुल 286 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। छात्र वर्ग में वॉलीबॉल, खो-खो, कुश्ती, बैडमिंटन, कबड्डी और शतरंज सहित छह खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए किया जाएगा, जहां वे घुमारवीं ब्लॉक का प्रतिनिधित्व करेंगे।

खिलाड़ियों और विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए राजेश धर्माणी ने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ खेलकूद, संगीत, एनसीसी, एनएसएस तथा स्काउट एंड गाइड जैसी गतिविधियों में भागीदारी भी बेहद जरूरी है। इन गतिविधियों से बच्चों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और आत्मविश्वास विकसित होता है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने खेलों को बढ़ावा देने के लिए खिलाड़ियों को मिलने वाली सुविधाओं में उल्लेखनीय बढ़ोतरी की है। खिलाड़ियों की डाइट राशि को लगभग तीन गुना किया गया है।

इसके अलावा राष्ट्रीय खेलों में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के लिए 250 किलोमीटर तक की यात्रा पर एसी सेकेंड क्लास रेल यात्रा तथा 250 किलोमीटर से अधिक दूरी होने पर हवाई यात्रा की सुविधा का प्रावधान किया गया है।

तकनीकी शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध करवाने के लिए प्रदेश में सीबीएसई से संबद्ध स्कूलों की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जा रही है।

घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र में कपाहड़ा, भराड़ी, हटवाड़ और घुमारवीं के चार स्कूलों को सीबीएसई से संबद्ध किया गया है। इन स्कूलों में विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा देने के लिए अतिरिक्त अध्यापकों की नियुक्तियां की जा रही हैं।

अंग्रेजी, गणित, रसायन विज्ञान, भूगोल, संगीत और कंप्यूटर सहित विभिन्न विषयों के अध्यापकों की तैनाती की गई है, जबकि अन्य विषयों के शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया राज्य चयन आयोग के माध्यम से जारी है।

राजेश धर्माणी ने कहा कि सरकार विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी एक्सपोजर देने के लिए विभिन्न कार्यक्रम चला रही है। स्कूलों के विद्यार्थी और शिक्षक एक्सपोजर विजिट पर जा रहे हैं।

हाल ही में आईटीआई विद्यार्थियों को भी विदेश भ्रमण करवाया गया है। उन्होंने बताया कि 6 सितंबर से प्रदेश के इंजीनियरिंग कॉलेजों के 44 विद्यार्थी अपने अध्यापकों के साथ जापान जाएंगे। जापान तकनीकी क्षेत्र में काफी उन्नत है और इस दौरान विद्यार्थियों को नई तकनीक तथा आधुनिक कार्यप्रणाली को समझने का अवसर मिलेगा।

राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर मंत्री ने विद्यार्थियों से मेजर ध्यान चंद के जीवन और खेल के प्रति उनके समर्पण से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने बच्चों को खेल भावना को सर्वोपरि रखते हुए मोबाइल फोन के अत्यधिक उपयोग और नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रहने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि छोटे बच्चे बड़ों से सीखते हैं, इसलिए अभिभावकों और समाज के जिम्मेदार लोगों का दायित्व है कि वे बच्चों के सामने सकारात्मक उदाहरण पेश करें।

इस अवसर पर राजेश धर्माणी ने महराणा स्कूल में स्टेज निर्माण के लिए 5 लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके अलावा स्कूल के खेल मैदान में चार सोलर लाइटें स्थापित करने की भी बात कही, ताकि प्रतियोगिता के दौरान प्रकाश व्यवस्था में किसी प्रकार की समस्या न हो।

कार्यक्रम में स्कूल की प्रधानाचार्य सीमा शर्मा, एसएमसी प्रधान सुनील कुमार, जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष राजेश ठाकुर सहित विभिन्न स्कूलों के अध्यापक, खिलाड़ी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें