मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

हिमाचल के सरकारी स्कूलों में 870 शारीरिक शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू, शिक्षा मंत्री ने दी जानकारी

सार

हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में शारीरिक शिक्षकों के 870 पद भरने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने बताया कि भर्ती में आरक्षण रोस्टर और बैकलॉग को कवर किया गया है। वहीं जाहू औद्योगिक क्षेत्र के लिए 16.58 करोड़ रुपये की परियोजना केंद्र को भेजी गई है।

2 मिनट
हिमाचल के सरकारी स्कूलों में 870 शारीरिक शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू, शिक्षा मंत्री ने दी जानकारी

आरक्षण रोस्टर और बैकलॉग को किया गया कवर, बैचवाइज और राज्य चयन आयोग के माध्यम से होगी भर्ती; जाहू औद्योगिक क्षेत्र के लिए 16.58 करोड़ की परियोजना

हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में शारीरिक शिक्षकों की कमी जल्द दूर होने वाली है। प्रदेश सरकार ने शारीरिक शिक्षकों के 870 पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसकी जानकारी शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने विधायक विनोद कुमार के सवाल के जवाब में दी।

शिक्षा मंत्री ने बताया कि इन पदों को भरने के लिए आरक्षण रोस्टर और बैकलॉग को पूरी तरह कवर किया गया है। भर्ती प्रक्रिया बैचवाइज आधार के साथ-साथ राज्य चयन आयोग के माध्यम से पूरी की जा रही है।

870 पदों में अलग-अलग वर्गों के लिए तय पद

शारीरिक शिक्षकों के कुल 870 पदों में सामान्य वर्ग के 323, अनुसूचित जाति के 156, अन्य पिछड़ा वर्ग के 133, अनुसूचित जनजाति के 39 और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के 79 पद शामिल हैं।

इसके अलावा विशेष कोटे के तहत पूर्व सैनिक सैल के माध्यम से 118, दिव्यांग वर्ग के लिए 37 और स्पोर्ट्स सैल के जरिए 24 पद भरे जा रहे हैं। सरकार का दावा है कि भर्ती में आरक्षण व्यवस्था और बैकलॉग का पूरा ध्यान रखा गया है।

जाहू औद्योगिक क्षेत्र के लिए 16.58 करोड़ की परियोजना

वहीं विधायक सुरेश कुमार के सवाल के जवाब में उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने भोरंज के जाहू में प्रस्तावित औद्योगिक क्षेत्र को लेकर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जाहू औद्योगिक क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं के विकास का काम अभी शुरू नहीं हुआ है।

उद्योग क्षेत्र में बुनियादी सुविधाएं विकसित करने के लिए सरकार ने 16.58 करोड़ रुपये की परियोजना तैयार कर केंद्र सरकार को भेजी है। इस परियोजना के तहत 10.50 करोड़ रुपये केंद्र सरकार और 6.08 करोड़ रुपये राज्य सरकार की ओर से उपलब्ध करवाए जाने हैं।

हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि यदि केंद्र सरकार की ओर से निर्धारित राशि उपलब्ध नहीं करवाई जाती है, तो यह मामला मुख्यमंत्री के समक्ष उठाया जाएगा, ताकि औद्योगिक क्षेत्र के विकास कार्य को आगे बढ़ाया जा सके।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

  • Himachal Pradesh recruitment
  • physical education teachers
  • government schools
  • education minister
  • teacher vacancy
  • India education
  • reservation policy

इस खबर को शेयर करें