शिमला।
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (HPU) के परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केंद्र की ओर से दिसंबर 2026 में आयोजित होने वाली नेट-सेट (NET-SET) परीक्षा की तैयारी के लिए विशेष कोचिंग सत्र शुरू किया जा रहा है।
यह प्रशिक्षण सत्र 21 सितंबर से 21 नवंबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी इसके लिए 18 सितंबर तक अपना आवेदन जमा करवा सकते हैं। चयनित अभ्यर्थियों की सूची 19 सितंबर को जारी की जाएगी।
फीस का ब्योरा
निर्धारित आय सीमा के तहत आने वाले अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग के विद्यार्थियों को यह प्रशिक्षण पूरी तरह निश्शुल्क दिया जाएगा। वहीं, सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 2500 रुपये प्रति माह शुल्क तय किया गया है।
कैसे करें आवेदन
कोचिंग के लिए विद्यार्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट से आवेदन पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। इसके अलावा, किसी भी कार्य दिवस पर परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केंद्र के निदेशक कार्यालय से भी निश्शुल्क फॉर्म प्राप्त किया जा सकता है। पूरी तरह भरे हुए आवेदन पत्र को आवश्यक प्रमाणपत्रों के साथ निदेशक कार्यालय में जमा कराना होगा।
विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए आवेदन तिथि बढ़ी
दूसरी ओर, हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने विभिन्न पदों पर चल रही भर्ती प्रक्रिया के लिए ऑनलाइन आवेदन और दस्तावेज जमा करवाने की अंतिम तिथि को बढ़ाकर 22 सितंबर कर दिया है।
भर्ती शाखा की अधिसूचना के अनुसार, पहले आवेदन की अंतिम तिथि 7 सितंबर निर्धारित की गई थी। अब अभ्यर्थी विश्वविद्यालय के भर्ती पोर्टल के माध्यम से 22 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन और शुल्क जमा कर सकते हैं।
इसके अतिरिक्त, सामान्य क्षेत्रों के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन की हार्ड कॉपी और आवश्यक दस्तावेज़ जमा कराने की अंतिम तिथि को 22 सितंबर से बढ़ाकर 7 अक्टूबर कर दिया गया है। वहीं, दूरस्थ/कठिन (हार्ड) क्षेत्रों के अभ्यर्थियों के लिए यह तिथि 4 अक्टूबर से बढ़ाकर 19 अक्टूबर तय की गई है।