संगठन को मजबूत करने पर जोर, सक्रिय कार्यकर्ताओं को आगे लाने और निष्क्रिय पदाधिकारियों की जगह नई जिम्मेदारियां देने पर विचार
धर्मशाला में जिला कांगड़ा कांग्रेस कमेटी की बैठक आयोजित हुई, जिसमें राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा, कांग्रेस के पूर्व विधायक एवं जिला कांगड़ा प्रभारी सतपाल रायजादा सहित जिला कांग्रेस के पदाधिकारी और 15 विधानसभा क्षेत्रों के ब्लॉक अध्यक्ष शामिल हुए। बैठक में संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में ब्लॉक स्तर पर संगठन की गतिविधियों, पदाधिकारियों की सक्रियता और कांग्रेस की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने कहा कि बैठक का मुख्य उद्देश्य कांग्रेस संगठन को और धार देना है।
उन्होंने बताया कि ब्लॉक अध्यक्षों ने संगठन को मजबूत करने के लिए अपने सुझाव रखे हैं, जिन्हें प्रदेश अध्यक्ष और मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जाएगा।
अनुराग शर्मा ने कहा कि कांग्रेस का मुख्य लक्ष्य मिशन-2027 है और पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में सरकार को रिपीट करने के लिए पूरी तैयारी के साथ आगे बढ़ेगी। वहीं, जिला कांग्रेस प्रभारी एवं ऊना से पूर्व कांग्रेस विधायक सतपाल रायजादा ने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए सक्रिय कार्यकर्ताओं को आगे लाया जाएगा।
सतपाल रायजादा ने कहा कि जो पदाधिकारी संगठन की बैठकों और गतिविधियों में सक्रिय नहीं हैं, उनकी जगह नए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देने पर भी विचार किया जाएगा। उन्होंने कांगड़ा की अधिक से अधिक विधानसभा सीटों पर कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करने के लिए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की बात कही।
बैठक के दौरान पदाधिकारियों के बीच कुछ मुद्दों पर चर्चा और मतभेद सामने आने को लेकर सतपाल रायजादा ने कहा कि यह संगठन की बैठक थी और कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने सुझाव रखे थे। उन्होंने इसे विवाद नहीं बताते हुए कहा कि बैठक में संगठन को मजबूत करने के लिए चर्चा और विचार-विमर्श किया गया।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube