मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

कांगड़ा घाटी रेल सेवा फिर बंद, कांग्रेस ने भाजपा सांसदों और केंद्र सरकार से मांगा जवाब

सार

कांगड़ा घाटी की रेल सेवा दोबारा बंद होने पर कांग्रेस ने भाजपा सांसदों और केंद्र सरकार से जवाब मांगा है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने कहा कि चक्की रेलवे पुल बनने के बाद रेल सेवा बहाल हुई थी, लेकिन कुछ समय बाद फिर बंद हो गई।

TV Incharge

3 मिनट
कांगड़ा घाटी रेल सेवा फिर बंद, कांग्रेस ने भाजपा सांसदों और केंद्र सरकार से मांगा जवाब

चक्की रेलवे पुल बनने के बाद बहाल हुई थी सेवा, अनुराग शर्मा बोले- जनता को नियमित रेल सेवा चाहिए, सिर्फ हरी झंडी नहीं

कांगड़ा घाटी की रेल सेवा एक बार फिर बंद होने पर कांग्रेस ने भाजपा सांसदों और केंद्र सरकार पर सवाल उठाए हैं। जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने फतेहपुर में पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि चक्की रेलवे पुल तैयार होने के बाद रेल सेवा दोबारा शुरू हुई थी,

लेकिन कुछ ही समय बाद फिर बंद हो गई। उन्होंने कहा कि जनता को नियमित रेल सेवा चाहिए, केवल हरी झंडी दिखाने की औपचारिकता नहीं।

करीब चार साल तक बंद रही कांगड़ा घाटी रेल सेवा को चक्की रेलवे पुल तैयार होने के बाद दोबारा शुरू किया गया था। रेल सेवा शुरू होने के कुछ समय बाद इसके फिर बंद होने से यात्रियों और स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ गई है।

अनुराग शर्मा ने कहा कि रेल सेवा बहाल करवाने के लिए रेलवे संघर्ष समिति ने धरना-प्रदर्शन किए थे और कांग्रेस भी आंदोलन में शामिल रही। उन्होंने कहा कि रेल सेवा शुरू करवाने के लिए वह खुद भी संघर्ष समिति के साथ खड़े हुए थे, लेकिन अब सेवा दोबारा बंद होने पर भाजपा की सक्रियता नजर नहीं आ रही।

उन्होंने भाजपा सांसदों और केंद्र सरकार से सवाल करते हुए कहा कि जिस रेल सेवा को हरी झंडी दिखाकर जनता को समर्पित किया गया था, वह दोबारा बंद क्यों हो गई। उन्होंने कहा कि भाजपा सांसदों को जनता के बीच आकर इसका जवाब देना चाहिए।

अनुराग शर्मा ने कहा कि कांगड़ा घाटी की रेल सेवा क्षेत्र के लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। कांग्रेस रेलवे संघर्ष समिति के साथ मिलकर इस मुद्दे को आगे भी उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का प्रयास रहेगा कि कांगड़ा घाटी में रेल सेवा नियमित रूप से बहाल हो और लोगों को इसका स्थायी लाभ मिले।

बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने की बात

संगठन को लेकर अनुराग शर्मा ने कहा कि कांग्रेस को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता सीधे जनता के बीच जाएंगे, उनकी समस्याएं सुनेंगे और उन्हें मजबूती से उठाएंगे।

उन्होंने बताया कि जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों में ब्लॉक स्तर पर कांग्रेस कमेटियों का गठन हो चुका है। उनका लक्ष्य संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना है।

अनुराग शर्मा ने दावा किया कि आने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार दोबारा बनेगी और कांगड़ा की सभी 15 विधानसभा सीटों पर पार्टी जीत दर्ज करेगी।

कांगड़ा घाटी रेल सेवा दोबारा बंद होने का मुद्दा अब राजनीतिक रूप लेता दिख रहा है। कांग्रेस ने रेल सेवा बंद होने का कारण स्पष्ट करने की मांग की है और रेलवे संघर्ष समिति के साथ इस मुद्दे को आगे भी उठाने की बात कही है।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें