मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

सुलयाली-चंडीगढ़ HRTC बस के बार-बार खराब होने से लोग परेशान, नई बस की मांग

सार

नूरपुर की ग्राम पंचायत सुलयाली से चंडीगढ़ जाने वाली HRTC बस के आए दिन खराब होने से स्थानीय लोगों में रोष है। ग्रामीणों का कहना है कि बस लंबे समय से परेशानी का कारण बनी हुई है और उन्होंने इस रूट पर नई बस चलाने की मांग की है।

TV Incharge

3 मिनट
सुलयाली-चंडीगढ़ HRTC बस के बार-बार खराब होने से लोग परेशान, नई बस की मांग

करीब दो साल से पुरानी बस के बार-बार खराब होने का आरोप, विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों को हो रही परेशानी

नूरपुर की ग्राम पंचायत सुलयाली से चंडीगढ़ जाने वाली हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस के आए दिन खराब होने से स्थानीय लोगों में रोष है। ग्रामीणों का कहना है कि यह बस लंबे समय से यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। उन्होंने सरकार और परिवहन निगम से इस रूट पर पुरानी बस के स्थान पर नई और बेहतर बस उपलब्ध करवाने की मांग की है।

स्थानीय लोगों के अनुसार सुलयाली से चंडीगढ़ के लिए बस प्रतिदिन सुबह करीब 5 से 5:15 बजे रवाना होती है। इस बस का लाभ सुलयाली के अलावा आसपास की करीब पांच-छह पंचायतों तथा साथ लगते पंजाब क्षेत्र के लोगों को भी मिलता है।

बड़ी संख्या में विद्यार्थी और नौकरीपेशा लोग चंडीगढ़ सहित अन्य क्षेत्रों में जाने के लिए इसी बस सेवा पर निर्भर हैं। ऐसे में बस के रास्ते में या बस अड्डे पर खराब हो जाने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

पूर्व पंचायत उपप्रधान नरेश शर्मा ने कहा कि सुलयाली-चंडीगढ़ बस का मामला गंभीर है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले करीब दो वर्षों से बस आए दिन खराब हो रही है। कई बार बस बस अड्डे पर ही खड़ी रह जाती है, जबकि कई बार रास्ते में खराब हो जाती है। इससे चंडीगढ़ जाने वाले विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों को परेशानी होती है।

नरेश शर्मा ने कहा कि इस बस में सुलयाली के साथ-साथ आसपास की कई पंचायतों और पंजाब क्षेत्र के लोग भी सफर करते हैं। इसके बावजूद परिवहन विभाग इस समस्या को लेकर गंभीरता नहीं दिखा रहा है। उन्होंने कहा कि जब परिवहन निगम के बेड़े में नई बसें शामिल हो रही हैं तो इतने लंबे रूट पर पुरानी और बार-बार खराब होने वाली बस भेजे जाने का कोई औचित्य नहीं है।

उन्होंने सरकार और HRTC से मांग की कि सुलयाली-चंडीगढ़ रूट पर जल्द नई बस उपलब्ध करवाई जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो स्थानीय लोगों को आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ सकता है।

स्थानीय निवासी सतपाल उर्फ बिल्ला ने कहा कि सुलयाली से चंडीगढ़ जाने वाली बस में क्षेत्र के कई बच्चे और युवा नौकरी तथा अन्य कार्यों के लिए सफर करते हैं। बस खराब होने पर उन्हें समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी होती है।

उन्होंने कहा कि एक तरफ आधुनिक सुविधाओं और तकनीक के दौर की बात हो रही है, जबकि दूसरी तरफ ग्रामीण क्षेत्रों के लंबे रूट पर पुरानी बसें चल रही हैं, जो आए दिन खराब हो जाती हैं। उन्होंने परिवहन विभाग से इस रूट पर नई बस लगाने की मांग की।

वहीं स्थानीय निवासी चमन आसलिया ने कहा कि ग्रामीण HRTC की बस सेवा से परेशान हैं। लोगों को यह भरोसा नहीं रहता कि बस अपने निर्धारित समय पर चंडीगढ़ पहुंचेगी या रास्ते में कहीं खराब हो जाएगी। उन्होंने कहा कि इतने लंबे रूट पर ऐसी बस भेजी जानी चाहिए जो पूरी तरह दुरुस्त हो, ताकि यात्रियों को रास्ते में परेशानी का सामना न करना पड़े।

स्थानीय लोगों ने सरकार और हिमाचल पथ परिवहन निगम से सुलयाली-चंडीगढ़ रूट की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि इस रूट पर नई एवं बेहतर बस सेवा उपलब्ध होने से विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और आम यात्रियों को राहत मिलेगी।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

  • सुलयाली
  • चंडीगढ़
  • बस सेवा
  • यात्री परेशानी
  • नई बस मांग
  • स्थानीय मुद्दे

इस खबर को शेयर करें