इंडियन नेवी कोच्चि, CISF रांची, देहरादून, हरियाणा और इनकम टैक्स दिल्ली लेंगी हिस्सा; अर्जुन पुरस्कार विजेता सुमन रावत मेहता करेंगी उद्घाटन
राजगढ़ में वॉलीबाल प्रेमियों के लिए तीन दिनों तक खेल का रोमांच देखने को मिलेगा। पीच वैली वॉलीबाल क्लब राजगढ़ की ओर से आयोजित अखिल भारतीय ठाकुर सूरत सिंह स्मृति वॉलीबाल प्रतियोगिता-2026 का आगाज 11 सितंबर से होगा।
तीन दिवसीय प्रतियोगिता का आयोजन गुरुकुल पीच वैली इंटरनेशनल स्कूल के मैदान में 11 से 13 सितंबर तक किया जाएगा। प्रतियोगिता में देश की पांच नामी संस्थागत और राज्य स्तरीय टीमें हिस्सा लेंगी।
प्रतियोगिता में इंडियन नेवी कोच्चि, देहरादून, CISF रांची, हरियाणा राज्य और इनकम टैक्स दिल्ली की टीमें मैदान में उतरेंगी। इन टीमों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके अनुभवी खिलाड़ी भी शामिल होंगे।
ऐसे में राजगढ़ के खेल प्रेमियों को उच्च स्तर की वॉलीबाल प्रतियोगिता देखने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता को लेकर क्षेत्र के खेल प्रेमियों में खासा उत्साह है।
अर्जुन पुरस्कार विजेता सुमन रावत मेहता करेंगी उद्घाटन
प्रतियोगिता का शुभारंभ 11 सितंबर को सुबह हिमाचल प्रदेश की पहली अर्जुन पुरस्कार विजेता सुमन रावत मेहता करेंगी। सुमन रावत मेहता को वर्ष 1986 में अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। वहीं प्रतियोगिता का समापन 13 सितंबर को शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद सुरेश कश्यप के मुख्य आतिथ्य में होगा। समापन अवसर पर विजेता और उपविजेता टीमों को सम्मानित किया जाएगा।
पहले दो दिन होंगे लीग चरण के मुकाबले
प्रतियोगिता के पहले दो दिन लीग चरण के मुकाबले खेले जाएंगे। 11 सितंबर को सुबह 9 बजे उद्घाटन मुकाबला इंडियन नेवी कोच्चि और इनकम टैक्स दिल्ली के बीच होगा। इसके बाद देहरादून और CISF रांची की टीमें आमने-सामने होंगी।
दोपहर बाद हरियाणा और इंडियन नेवी कोच्चि के बीच मुकाबला खेला जाएगा। वहीं शाम के सत्र में इनकम टैक्स दिल्ली का सामना देहरादून से होगा, जबकि CISF रांची की टीम हरियाणा के खिलाफ मैदान में उतरेगी।
12 सितंबर को भी होंगे पांच मुकाबले
प्रतियोगिता के दूसरे दिन यानी 12 सितंबर को लीग चरण के पांच मुकाबले खेले जाएंगे। इनमें इंडियन नेवी कोच्चि और CISF रांची, इनकम टैक्स दिल्ली और हरियाणा, देहरादून और हरियाणा, इंडियन नेवी कोच्चि और देहरादून तथा CISF रांची और इनकम टैक्स दिल्ली के बीच मुकाबले होंगे।
लीग चरण में बेहतर प्रदर्शन करने वाली शीर्ष दो टीमें फाइनल में प्रवेश करेंगी। इसके बाद दोनों टीमों के बीच खिताब के लिए मुकाबला होगा।
13 सितंबर को तीसरे स्थान और खिताब के लिए भिड़ंत
प्रतियोगिता के अंतिम दिन 13 सितंबर को पहले तीसरे स्थान के लिए मुकाबला खेला जाएगा। इसके बाद बहुप्रतीक्षित फाइनल मुकाबला होगा। लीग चरण में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली दोनों टीमें खिताब के लिए आमने-सामने होंगी।
स्थानीय युवा खिलाड़ियों को मिलेगा बेहतर मंच
आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य राजगढ़ क्षेत्र में वॉलीबाल खेल को बढ़ावा देना और स्थानीय युवा खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध करवाना है। राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को नजदीक से खेलते हुए देखने से क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी।
प्रतियोगिता के जरिए युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जा रहा है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube