ग्रीन स्कूल कार्यक्रम, बेहतर शिक्षा और समग्र शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए हुआ सम्मान
शिक्षा के क्षेत्र में बेहतरीन कार्य करने के लिए हमीरपुर जिला की अध्यापिका पूर्णिमा जंबाल को गत 5 सितंबर को राज्य स्तरीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया गया। पुरस्कार मिलने के बाद शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय पहुंचने पर पूर्णिमा जंबाल का स्वागत किया गया और उन्हें मिठाई खिलाकर बधाई दी गई।
इस अवसर पर शिक्षा उपनिदेशक प्रारंभिक कमल किशोर और जिला विज्ञान पर्यवेक्षक राजेश गौतम भी मौजूद रहे।
वहीं, पुरस्कार मिलने के बाद स्कूल पहुंची अध्यापिका पूर्णिमा जंबाल का भी भव्य स्वागत किया गया। ग्रीन स्कूल कार्यक्रम, बेहतर शिक्षा प्रदान करने, समग्र शिक्षा के क्षेत्र में कार्य करने और बतौर विज्ञान अध्यापिका जिम्मेदारी निभाने के लिए पूर्णिमा जंबाल को राज्य स्तरीय शिक्षक पुरस्कार से नवाजा गया है।
पूर्णिमा जंबाल ने पुरस्कार मिलने पर शिक्षा विभाग और राज्य सरकार का धन्यवाद किया। उन्होंने शिक्षक वर्ग को भी बधाई देते हुए कहा कि सभी के सहयोग से ही उन्हें यह सम्मान मिल पाया है।
उन्होंने कहा कि विज्ञान अध्यापिका के तौर पर काम करने के साथ-साथ ग्रीन स्कूल कार्यक्रमों में योगदान देने के लिए उन्हें यह पुरस्कार मिला है। इसके अलावा समग्र शिक्षा के तहत भी उन्होंने विद्यार्थियों को लाभ पहुंचाने के लिए कार्य किया है।
अध्यापिका पूर्णिमा जंबाल ने कहा:
राज्य स्तरीय पुरस्कार पाकर उन्हें काफी गर्व महसूस हो रहा है। भविष्य में वह और बेहतर कार्य करने का प्रयास करेंगी। उन्होंने कहा कि बच्चों के जीवन में सुधार और उनके उत्थान के लिए काम करने की उन्हें अब और अधिक प्रेरणा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि शिक्षक सहयोगियों के साथ मिलकर किए गए कार्यों के कारण यह सम्मान मिला है। इस सम्मान का श्रेय वह विद्यार्थियों, अध्यापकों और शिक्षा विभाग को देती हैं। उन्होंने अन्य शिक्षकों से भी इस मंच तक पहुंचने के लिए प्रेरणा लेकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
शिक्षा उपनिदेशक प्रारंभिक कमल किशोर ने कहा:
पूर्णिमा जंबाल को राज्य स्तरीय शिक्षक पुरस्कार मिलना गौरव का पल है। उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से पूर्णिमा जंबाल को जब भी कोई जिम्मेदारी सौंपी गई, उन्होंने उसका बखूबी निर्वहन किया। उनके इसी कार्य और समर्पण का परिणाम है कि उन्हें राज्य स्तरीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube