रोहड़ू में पारिवारिक विवाद के चलते पति ने पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया और बाद में खुद को भी चाकू मारकर घायल कर लिया। घटना पुलिस थाना रोहड़ू के अंतर्गत 10 सितंबर को अप्पर बाजार रोहड़ू में हुई। हमले में घायल पति की 11 सितंबर की सुबह आईजीएमसी शिमला में उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं, उसकी पत्नी का आईजीएमसी में उपचार चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, 10 सितंबर को दोपहर करीब 1:20 बजे सीडीपीओ कार्यालय रोहड़ू से सूचना प्राप्त होने के बाद पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। मौके पर एक व्यक्ति और उसकी पत्नी शौचालय के अंदर चाकू लगने से घायल अवस्था में मिले।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पारिवारिक विवाद के चलते बीरबल ने अपनी पत्नी पर चाकू से हमला किया। इसके बाद उसने स्वयं को भी चाकू मारकर घायल कर लिया। दोनों घायलों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल रोहड़ू ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया।
11 सितंबर की सुबह चाकू से खुद को घायल करने वाले बीरबल की आईजीएमसी में उपचार के दौरान मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। वहीं, उसकी पत्नी का आईजीएमसी शिमला में उपचार चल रहा है और उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने इस मामले में धारा 109 बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार मामले की शिकायतकर्ता निर्मला है, जो पीड़ित रचना की बहन और आरोपी बीरबल की पत्नी है। उसके बयान के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
पुलिस अधीक्षक शिमला गौरव सिंह ने बताया कि मामला गंभीर प्रकृति का है। पुलिस द्वारा मामले की गहन जांच की जा रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube