खेड़ावाली रोड पर वारदात, काले रंग की कार में आए थे तीन-चार नकाबपोश; CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
मानपुरा के खेड़ावाली रोड पर एक नाबालिग लड़की के अपहरण का मामला सामने आया है। काले रंग की कार में आए तीन-चार नकाबपोश लोगों ने नाबालिग को कथित तौर पर जबरन कार में बैठाया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पंजाब के बनूड़ क्षेत्र की रहने वाली नाबालिग अपनी मामी के साथ मानपुरा के खेड़ावाली में एक व्यक्ति के पास कैंसर के इलाज के लिए आई थी। उपचार के बाद दोनों पैदल खेड़ावाली रोड से मुख्य मार्ग की ओर जा रही थीं। इसी दौरान एक काले रंग की कार में तीन-चार नकाबपोश लोग वहां पहुंचे।
आरोप है कि कार सवार लोगों ने नाबालिग को जबरन अपने साथ कार में धकेल दिया और इसके बाद कार को तेज गति से भगाकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद महिला ने मानपुरा थाने पहुंचकर अपनी भांजी के लापता होने की सूचना पुलिस को दी।
महिला ने पुलिस को बताया कि उसे इस बात की जानकारी नहीं है कि कार में सवार लोग कौन थे और वे कहां से आए थे। हालांकि, उसने बताया कि उसकी भांजी को जबरन कार में बैठाकर ले जाया गया।
सूचना मिलने के बाद मानपुरा पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि कार और उसमें सवार लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।
एसपी विनोद धीमान ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि आरोपियों को जल्द पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube